सुशांत सिंह राजपूत मामले में ड्रग्स की बात सामने आने के बाद फिल्म और टीवी जगत की कई हस्तियों से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने पूछताछ की। एनसीबी ने इस सिलसिले में कई नामी लोगों के घर छापेमारी भी की। इसमें अब ताजा नाम मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह का भी जुड़ गया है। भारती सिंह को एनसीबी ने शनिवार को मुंबई में उनके घर से गिरफ्तार किया। एनसीबी के मुताबिक उनके घर और प्रोडक्शन हाउस पर की गई छापेमारी में 86.5 ग्राम गांजा मिला है। विभाग के अधिकारियों ने यह भी बताया है कि भारती सिंह और उनके पति ने गांजे के सेवन की बात स्वीकार की है। भारती सिंह के साथ-साथ उनके पति हर्ष लिंबाचिया को भी गिरफ्तार किया गया है।
भारती को जन्म नहीं देना चाहती थीं मां, पेट पालने के लिए फैक्ट्री में किया काम, ऐसे बनीं भारत की कॉमेडी क्वीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कौन हैं भारती सिंह?
'द ग्रेट इंडियन लाफ़्टर चैलेंज' और कॉमेडी सर्कस से एक स्टैंड अप कॉमेडियन के तौर पर घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाली भारती सिंह मूल तौर पर पंजाब की रहने वाली हैं। उन्होंने पिछले 12 सालों में स्टैंड अप कॉमेडी के क्षेत्र में अपना एक मुकाम हासिल किया है। इसकी वजह से उन्हें अब 'कॉमेडी क्वीन' भी कहा जाता है। 36 साल की भारती सिंह ने अपनी इस कामयाबी की कहानी लंबे वक्त के संघर्ष के बाद लिखी है। भारती सिंह का जन्म पंजाब के अमृतसर में तीन जुलाई 1984 को हुआ था। वो सिर्फ दो साल की थीं जब उनके पिता का निधन हो गया था। उनकी मां उस वक्त महज 22 साल की थीं। उनके पिता नेपाली मूल के थे और उनकी मां पंजाबी हैं। उनका बचपन गरीबी में बीता है, इसका जिक्र वो कई बार अपने इंटरव्यू में करती रही हैं।
'पैसे कमाने के लिए अपने मोटापे का मजाक उड़ाया'
भारती ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि कैसे उन्होंने पैसे कमाने के लिए अपनी गरीबी और मोटापे का मजाक उड़ाना शुरू किया। जी टीवी पर आने वाले एक कार्यक्रम 'जज्बात' के दौरान उन्होंने बताया था कि कैसे उनकी मां घर चलाने के लिए कपड़े सिलने का काम करती थीं और सिलाई मशीन की आवाज से आज भी उनकी वो दर्दभरी यादें ताजा हो जाती हैं। इस शो के दौरान उन्होंने बताया था कि उनके दो भाई-बहन पहले ही से थे। इसलिए उनकी मां उन्हें जन्म नहीं देना चाहती थीं। भारती ने बताया था, "उन्होंने उन्हें गर्भ में ही मारने की हर मुमकिन कोशिश की थी लेकिन शायद मेरा जन्म होना तय था।"
भारती ने बताया था कि सिर्फ दो साल की उम्र में पिता का साया उठ जाने की वजह से उन्होंने अपने बचपन में बहुत दुख देखे। उनकी मां एक कंबल फैक्ट्री में काम करती थीं। फैक्ट्री में काम करने के बाद दुपट्टे में गोटे लगाने का काम करती थीं। भारती सिंह ने बचपन को याद कर इस इंटरव्यू में बताया था, "हर त्यौहार पर हम रोया करते थे क्योंकि हमारे पास पैसे नहीं होते थे। पैसे मांगने वाले मेरी मां को गालियां निकालते थे। मैं उम्र से पहले ही बड़ी हो गई थी।"
भारती ने इन हालात से गुजरते हुए अपना मुकाम हासिल किया है। अमृतसर में कॉलेज के दिनों से ही भारती मशहूर स्टैंड अप कॉमेडियन कपिल शर्मा को जानती थीं। इन दोनों की कामयाबी का सफर भी एक जैसा ही रहा है। भारती सिंह की गिरफ्तारी के बाद यूजर्स ट्विटर पर कपिल शर्मा को भी ट्रोल कर रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि क्या अब कपिल शर्मा अपने शो पर भारती सिंह का मजाक बनाएंगे?
शूटर भी रही हैं भारती
भारती सिंह कॉमेडियन के अलावा शूटर और तीरंदाज भी रही हैं। उन्होंने एक बार एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर वो कॉमेडियन नहीं होतीं तो शूटर होतीं। उन्होंने कहा था, "तब आप सब मुझे टीवी पर ओलंपिक में शूटिंग या फिर तीरंदाजी में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देखते।" इस इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया था, "जब मैंने शूटिंग के कपड़ों और दूसरे साधनों की कीमत का पता लगाया तब मुझे पता चला कि इसमें 10 लाख रुपये लगेंगे। मैंने अपनी मां को जब यह बताया तो वो मुझे भौंचक्का होकर घूरने लगीं क्योंकि हमारे पास इतने पैसे नहीं थे। उस वक्त 10 लाख रुपये हमारे लिए बहुत बड़ी रकम थी। इसकी वजह से मुझे शूटिंग छोड़नी पड़ी। मुझे इसका बहुत अफसोस है।" उन्होंने कहा, "तब मेरे पास पैसे नहीं थे और अब जब पैसे हैं तो समय निकल चुका है।"