अभिनेता ऋतिक रोशन इन दिनों अपनी नई फिल्म 'फाइटर' को लेकर चर्चा में हैं। 'विक्रम वेधा' की नाकामी के बाद उनकी इस फिल्म से उनके प्रशंसकों को खासी उम्मीदें है। बीते साल ‘पठान’ जैसी हिट फिल्म बनाने वाले निर्देशक सिद्धार्थ आनंद संग ऋतिक की जोड़ी इस बार क्या कारनामा दिखाएगी, इसका खुलासा सिनेमाघरों में 25 जनवरी को होगा। 10 जनवरी को अपना जन्मदिन मनाने वाले ऋतिक रोशन ने अपने करियर को आहिस्ता आहिस्ता मजबूती दी है और उनके इस सफर में उनके कई साथियों ने उन्हें करीब से देखा है। आइए जानते हैं ऐसे ही 10 सितारों के विचार, उनके प्यारे ‘डुग्गू’ के बारे में...
Hrithik Roshan Birthday: दीपिका, प्रियंका ने गिनाए ऋतिक के रोशन होने के राज, रेखा बोलीं, डुग्गू के साथ मेरा..
डुग्गू के साथ मेरा अलग रिश्ता: रेखा
सदाबहार अभिनेत्री रेखा फिल्म 'कोई मिल गया' और 'कृष' में ऋतिक रोशन की मां और दादी की भूमिका निभा चुकी हैं। इन फिल्मों में मां-बेटे और दादी-पोते की जबरदस्त बॉन्डिंग देखने को मिली। ऋतिक रोशन के पिता राकेश रोशन का घर का नाम गुड्डू है। राकेश रोशन ने अपने बेटे का घरेलू नाम अपने नाम को पलटकर डुग्गू रखा। रेखा भी उन्हें डुग्गू कहकर ही संबोधित करती हैं। वह कहती हैं, 'डुग्गू एक अच्छे कलाकार हैं और 'कोई... मिल गया' उनकी प्रतिभा का प्रमाण है। डुग्गू के साथ मेरा बहुत खास रिश्ता है, वह मेरे सामने पैदा हुए, बचपन से उनको जानती हूं।'
ऋतिक के साथ काम करना बेहतरीन: दीपिका पादुकोण
अभिनेता ऋतिक रोशन के साथ फिल्म 'फाइटर' में पहली बार काम कर रही दीपिका पादुकोण ने फिल्म में ऋतिक रोशन के साथ अपनी केमिस्ट्री के बारे में बात की। दीपिका पादुकोण ने कहा, 'फिल्म 'फाइटर' में ऋतिक रोशन के साथ मेरी केमिस्ट्री बेहतरीन है।' दीपिका पादुकोण अभिनेता ऋतिक रोशन की बहुत बड़ी प्रसंशक हैं। उनकी फिल्म 'वॉर' देखने के बाद भी दीपिका पादुकोण ने खूब तारीफ की थी। तब दीपिका ट्विटर पर लिखा था, ‘ऋतिक रोशन कॉर्नर हाउस के डेथ बाय चॉकलेट की तरह लग रहे हैं।'
असल जिंदगी में भी सुपरहीरो: प्रियंका चोपड़ा
अभिनेता ऋतिक रोशन के साथ 'कोई मिल गया', 'कृष' और 'अग्निपथ' जैसी फिल्मों में काम कर चुकी अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ऋतिक रोशन के बारे में अपनी आटोबायोग्राफी में एक दिलचस्प खुलासे किए हैं। प्रियंका लिखती हैं, 'ऋतिक की दयालुता के लिए उनकी बहुत बड़ी आभारी हूं। जब मेरे पिता की तबियत खराब हुई और उनके इलाज के तत्काल लंदन ले जाना था, तो ऋतिक ने अपने संपर्क का इस्तेमाल करके एयर इंडिया में फोन किया और मेरे पिता को लंदन ले जाने के लिए तत्काल उड़ान की व्यवस्था की और, उनकी जान बच गई थी। वह अपनी फिल्मों की तरह असल जिंदगी में भी एक सुपरहीरो हैं।'
देश के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक: करीना कपूर
अभिनेता ऋतिक रोशन के साथ फिल्म 'यादें' , 'मुझसे दोस्ती करोगे', 'कभी खुशी कभी गम' और 'मैं प्रेम की दीवानी हूं' जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं अभिनेत्री करीना कपूर की माने तो ऋतिक देश के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं। फिल्म 'शुद्धि' में भी दोनों की जोड़ी बननी थी। तब करीना ने कहा था, 'ऋतिक रोशन हमारे देश के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं, उनके साथ काम करने के लिए मैं हमेशा उत्साहित रहती हूं।'
