फिल्म, टीवी व वेब सीरीज के निर्देशकों की संस्था इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (इफ्टडा) ने निर्धारित समय सीमा से अधिक काम न करने के लिए अपने सदस्यों को नोटिस जारी किया है। लगातार काम करते रहने के चलते हो रहे हादसों से बचने के लिए ये कदम उठाया गया है। इफ्टडा ने निर्देशकों को ये भी जानकारी दी है कि इस संबंध में निर्माताओं पर दबाव बनाने के लिए फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) भी अपनी तरफ से कोशिशें शुरू कर चुकी है।
दिन-रात काम कराने वाले फिल्म व टीवी निर्माताओं पर होगी कार्रवाई, इफ्टडा ने निर्देशकों को भेजा नोटिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साल भर तक कोरोना संक्रमण से प्रभावित रही हिंदी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री धीरे धीरे पटरी पर लौट रही है। आने वाले महीने और उसके बाद के तकरीबन सारे शुक्रवार एक एक करके नई फिल्मों की रिलीज के लिए रिजर्व होते जा रहे हैं। इसी उम्मीद पर कि आज नहीं तो कल महाराष्ट्र समेत देश के सभी राज्यों के सिनेमाघर सौ फीसदी क्षमता के साथ खुल जाएंगे। टीवी शो, वेब सीरीज और फिल्मों की धुआंधार शूटिंग शुरू हो चुकी हैं और निर्माता दिन रात लगकर अपने प्रोजेक्ट पूरे कर रहे हैं। लेकिन, ये अतिरिक्त काम अब सेट पर काम कर रहे कर्मचारियों पर असर डालने लगा है।
हाल के दिनों में हुए कम से कम दो हादसों के बाद ये बात सामने आई है कि इन हादसों में जान गंवाने वाले कर्मचारी निर्धारित कार्य अवधि से कहीं ज्यादा काम कर रहे थे। 14-15 घंटे काम करने के बाद अपने घर जाते समय हुए इन हादसों में दो लोग जान गंवा चुके हैं। पहला हादसा सलमान खान के शो पर काम करने वाली एक कर्मचारी के साथ हुआ। एक दूसरे मामले में टीवी शो के सेट पर 12 घंटे से भी ज्यादा समय तक काम करके निकले एक कर्मचारी का एक्सीडेंट हो गया।
इन मामलों की तफ्तीश में ये बात सामने आई है कि निर्माताओं के ऊपर इन दिनों अपने प्रोजेक्ट पूरे करने को लेकर अतिरिक्त दबाव है जिसके चलते शूटिंग के घंटे बढ़ाए जा रहे हैं। इफ्टडा ने भी अपने सदस्यों को भेजी नोटिस में ये बात मानी है और कहा है कि लगातार 18-20 घंटे काम करने से न सिर्फ शारीरिक और मानसिक थकान होती है बल्कि ये मानवीय अधिकारों का उल्लंघन भी है। पत्र में कहा गया है कि एफडब्ल्यूआईसीई इस बारे में फिल्म निर्माताओं से बात कर रही और जो निर्माता अपने कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्य का दबाव बना रहे हैं उनके खिलाफ एफडब्ल्यूआईसीई कार्रवाई भी करने जा रही है।
इफ्टडा ने अपने सदस्यों को सूचित किया है कि कोई भी निर्माता एक निर्देशक से जबरन लगातार लंबी अवधि के लिए बिना ब्रेक दिए काम नहीं करा सकता है। पत्र में इफ्टडा ने अपने सदस्यों से अनुरोध किया है कि वे निर्माताओं की निर्धारित अवधि के अलावा काम करने की मांग को अस्वीकार करें और अगर कोई निर्माता इस बात के लिए दबाव बनाता है तो अपनी एसोसिएशन को सूचित करें।