फाल्के के नाम बंटे रेवड़ी पुरस्कारों से सिनेमा ने झाड़ा पल्ला, सुशांत कार्ड खेलते ही ट्रोल हुए आयोजक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के तमाम राज्यों के पर्यटन विभागों की तरफ से प्रायोजित हुए एक निजी संस्था के फाल्के के नाम पर रखे गए इन इंटरनेशनल फिल्म अवार्ड्स में कोई अंतर्राष्ट्रीय सितारा तो दूर खुद हिंदी सिनेमा का ही कोई बड़ा सितारा नहीं पहुंचा। दादा साहब फाल्के के नाम पर भारत सरकार हर साल किसी एक शख्स को सिनेमा का सबसे बड़ा सम्मान देती है। फाल्के के नाम पर बंटने वाली इन रेवड़ियों को लेने गिनती के वही कलाकार पहुंचे जिनको सिर्फ अवार्ड से मतलब है, देने वाला कौन है, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवार्ड्स 2021 को आयोजित करने वाली संस्था पूरे साल इन पुरस्कारों के नाम पर प्रायोजक इकट्ठा करने के अलावा सिनेमा से जुड़ा दूसरो कोई काम नहीं करती। शुरू शुरू में फिल्म इंडस्ट्री के लोग फाल्के पुरस्कार के नाम पर ऐसे पुरस्कारों के झांसे में आ भी जाते थे, लेकिन जैसे जैसे फिल्म इंडस्ट्री में भारत सरकार की तरफ से मिलने वाले फाल्के पुरस्कार को लेकर जागरूकता फैल रही है, बड़े सितारों ने खुद ही फाल्के के नाम पर बंटने वाले दूसरे पुरस्कारों से दूरी बनानी शुरू कर दी है।
फाल्के के नाम पर सरकारी, गैर सरकारी, अर्ध सरकारी संस्थाओं से विज्ञापन जुटाने वाली इस पुरस्कार वितरण संस्था ने पुरस्कार समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक चिट्ठी का भी जमकर प्रचार किया और उस चिट्ठी के साथ साथ प्रधानमंत्री मोदी के नाम का भी व्यावसायिक इस्तेमाल किया जबकि इसके खिला केंद्र सरकार सख्त रवैया अपना चुकी है। बिना अनुमति प्रधानमंत्री का नाम, फोटो, या उनकी पहचान किसी व्यावसायिक हित के लिए प्रयोग करना कानूनन जुर्म है।
तथाकथित फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवार्ड्स में जैसी की उम्मीद थी फिल्मों का कोई फेस्टिवल नहीं हुआ। ना कोई फिल्म दिखाई गई और न ही किसी दूसरे देश से सिनेमा की किसी बड़ी शख्सीयत का सेमिनार या सिनेमा पर कोई चर्चा ही हुई। आयोजक सीधे मुद्दे पर आए और सिनेमा में हाशिये पर पड़े लोगों को रेड कार्पेट पर चलाकार तालियां बजाकर खुश हो गए। हिंदी सिनेमा का एक भी चोटी का तो छोड़िए टॉप 10 में शामिल भी कोई हीरो या हीरोइन इस समारोह में नहीं पहुंचा।