हिंदी सिनेमा के मंझे हुए कलाकार इरफान खान की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' को अब ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार वीआईपी पर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म को पूरी होने के बाद 13 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था, लेकिन भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कुछ दिन बाद ही इस फिल्म को सिनेमाघरों से वापस ले लिया गया। उस समय यह घोषणा की गई थी कि इस फिल्म को फिर से माहौल ठीक होने के बाद सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। लेकिन ज्यादा इंतजार ना करते हुए निर्माताओं ने इस फिल्म को 6 अप्रैल यानी सोमवार को ओटीटी पर प्रसारित कर दिया है।
लॉकडाउन के दौरान सभी कलाकारों ने एक साथ बैठकर ऐसे देखी अंग्रेजी मीडियम , ओटीटी पर हुई रिलीज
ओटीटी पर रिलीज होने के बाद इस फिल्म ने दर्शक तो जुटाए ही, साथ ही फिल्म से जुड़े सभी कलाकार, निर्देशक और निर्माताओं ने भी इस फिल्म को वीडियो चैट के जरिए एक साथ बैठकर देखा। यह फिल्म एक बाप और उसकी बेटी के बीच गहरे रिश्ते की कहानी है। इसमें एक मिठाई की दुकान का मालिक चंपक है, जिसकी पत्नी गुजर चुकी है। उसकी एक बेटी है, जिसके वह सारे सपने पूरे करना चाहता है। वह लंदन में पढ़ना चाहती है। चंपक उसके लिए जी तोड़ मेहनत करता है। इसी बीच उनकी जिंदगी कई बड़े उतार चढ़ाव से गुजरती है।
फिल्म के मुख्य अभिनेता इरफान खान ने ओटीटी पर रिलीज हुई अंग्रेजी मीडियम के बारे में कहा है, 'इस फिल्म का ओटीटी पर रिलीज करने का यही सबसे अच्छा वक्त था। डिज्नी प्लस हॉटस्टार वीआईपी पर इसे देखकर लोग बहुत मनोरंजित होंगे। जितना मैंने सोचा भी नहीं है, इस माध्यम से यह फिल्म उससे कई ज्यादा लोगों तक पहुंच सकेगी। यह ऐसा समय है जब लोगों को मनोरंजन की बहुत ज्यादा जरूरत है।' फिल्म की एक और मुख्य कलाकार अभिनेत्री करीना कपूर कहती हैं, 'मेरे लिए इस फिल्म में निभाया गया नैना का किरदार बहुत खास है। लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी है कि इस नए माध्यम से यह फिल्म ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे। यह फिल्म घर में बैठे लोगों को जरूर मनोरंजित करेगी।'
फिल्म में बेटी का किरदार निभा रही अभिनेत्री राधिका मदान ने कहा, 'यह पल हम सभी के लिए बहुत खास है। इसके लिए लोगों ने हमें पहले दिन से ही बहुत सहयोग किया है। यह हर एक कलाकार का सपना होता है कि उसका काम ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे। डिज्नी प्लस और हॉटस्टार वीआईपी का में शुक्रिया अदा करती हूं, जिन्होंने हमें यह मौका दिया। मुझे आशा है कि घर में बैठे सभी लोग इसका आनंद लेंगे।'
बता दें कि इस फिल्म को जियो स्टूडियोज और प्रेम विजन ने मिलकर बनाया है। इसके निर्माता दिनेश विजन और निर्देशक होमी अदजानिया हैं। फिल्म के मुख्य कलाकार इरफान खान, राधिका मदान, दीपक डोबरियाल, करीना कपूर, किकू शारदा आदि हैं।
पढ़ें: Kanika Kapoor ने कोरोना को दी मात, छठी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद मिली घर जाने की इजाजत