13 साल पहले स्टैंड अप कॉमेडियन कपिल शर्मा ने जब ‘ग्रेट इंडिया लॉफ्टर चैलेंज’ का तीसरा सीजन जीता था तो उन्हीं दिनों एक फिल्म में काम करने का मौका भी उनके हाथ आया। कपिल तब अपने दोस्तों को इस फिल्म की शूटिंग के किस्से पूरी शान से सुनाते, लेकिन ये फिल्म कभी रिलीज ही नहीं हो पाई। कपिल शर्मा की इस डेब्यू फिल्म का प्रीमियर अब सीधे टेलीविजन पर होने जा रहा है।
13 साल बाद रिलीज होने जा रही कपिल शर्मा की ये डेब्यू फिल्म, हरमन के साथ नाना पाटेकर का दमदार किरदार
निर्माता बोनी कपूर ने साल 2006 में रिलीज हुई सिद्धार्थ, प्रकाश राज और जयसुधा स्टारर फिल्म ‘बोम्मारिलू’ के हिंदी रीमेक राइट्स खरीदे और मशहूर लेखक अनीस बज्मी को बतौर लेखक लेकर इसे हिंदी में बना डाला। निर्माता हैरी बावेजा के बेटे हरमन तब हिंदी सिनेमा में हीरो बनने की चाहत रखते थे और बोनी ने हरमन को ही इसकी लीड कास्ट में ले लिया। साथ में हीरोइन थीं जेनेलिया डि सूजा।
हरमन बावेजा के करियर की गाड़ी 2008 में रिलीज हुई उनकी पहली ही फिल्म ‘लव स्टोरी 2050’ में पंक्चर हो गई। फिल्म में उनकी हीरोइन प्रियंका चोपड़ा थीं और फिल्म के निर्देशक थे खुद उनके पिता हैरी बावेजा। अगले साल हरमन की दो और फिल्में ‘विक्ट्री’ और ‘व्हाट्स योर राशि’ रिलीज हुईं और हरमन की फ्लॉप की हैट्रिक लग गई। इसके बाद फिर वह 2014 में फिल्म ‘ढिश्कियाऊं’ में दिखे लेकिन उनकी पहले से निर्माणाधीन फिल्मों को किसी ने हाथ भी नहीं लगाया।
हरमन बावेजा स्टारर बोनी कपूर की जिस फिल्म को अब सीधे टीवी पर रिलीज करने की बात फाइनल हुई है, उसका नाम है, ‘इट्स माई लाइफ’ और इस फिल्म में नाना पाटेकर वही किरदार निभाने जा रहे हैं जो मूल फिल्म में प्रकाश राज ने निभाया था।
फिल्म की कहानी का मूल आधार एक पिता और उसके बेटे के रिश्तों की कहानी है। कपूर के मुताबिक, ये फिल्म उन्होंने पारंपरिक और अप्रदूषित पारिवारिक रिश्तों और एक बाप और उसके बेटे के बीच के क्लिष्ट रिश्तों के हिसाब से बनाई थी और उन्हें उम्मीद है कि ये अब भी दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रहेगी।
सुशांत केस: फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को सप्लाई करता था ड्रग्स, एनसीबी ने रंगे हाथों दबोचा