अगले महीने की 20 तारीख को अभिनेता कार्तिक आर्यन (Kartik Aryan) की पहली फिल्म ‘प्यार का पंचनामा’ रिलीज हुए 10 साल हो जाएंगे। बिना किसी फिल्मी बैकग्राउंड या किसी गॉडफादर के सहारे के टॉप 10 सितारों की सूची में शामिल हो चुके कार्तिक की एक संभावित फिल्म को लेकर निर्माता निर्देशक करण जौहर ने मंगलवार को एक ट्वीट किया है। फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा है कि ये ट्वीट करण जौहर ने खासतौर से कार्तिक की बढ़ती मार्केट वैल्यू को देखते हुए किया है।
Kartik Aryan: करण जौहर ने निकाली कार्तिक की ब्रांडिंग टीम की हवा, शरन की फिल्म में नाम फाइनल नहीं
ग्वालियर से मुंबई इंजीनियरिंग पढ़ने आए कार्तिक तिवारी ने यहां आकर अपना करियर बदला और हीरो बन गए। बीते 10 साल में उनकी 10 फिल्में रिलीज हो चुकी हैं। इनमें ‘प्यार का पंचनामा’, ‘प्यार का पंचनामा 2’, ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ जैसी ब्लॉकबस्टर हिट फिल्मों के साथ साथ ‘आकाशवाणी’, ‘कांची’, ‘गेस्ट इन लंदन’ व ‘लव आजकल’ जैसी सुपर फ्लॉप और ‘लुकाछिपी’ व ‘पति पत्नी और वो’ नामक औसत कामयाब फिल्में शामिल हैं। करण जौहर के साथ उनके रिश्ते बनते बिगड़ते रहे। इन दिनों उनके पास करण जौहर की ‘दोस्ताना 2’ भी है जिसकी थीम को देखते हुए इसके पूरे होने का ही संकट दिख रहा है।
उधर, कार्तिक आर्यन ने लॉकडाउन खत्म होने के तुरंत बाद रिकॉर्ड स्पीड में एक फिल्म पूरी की। बढ़िया नोट कमाए लेकिन यहां लोचा ये हो गया कि ये फिल्म थिएटर की बजाय सीधे ओटीटी पर चली गई। अब कार्तिक की सारी उम्मीदें ‘भूल भुलैया 2’ पर टिकी हैं। वह नई फिल्मों के लिए भी लगातार हाथ पैर मार रहे हैं। तमाम निर्देशकों से उनकी बातें भी चल रही हैं, लेकिन बात कहीं बन नहीं रही। माना ये जा रहा था कि कार्तिक आर्यन ने फिल्म इंडस्ट्री में वरुण धवन की जगह हथिया ली है। लेकिन, जिन निर्माता निर्देशकों से वह मिल रहे हैं, उनका फीडबैक यही कहता है कि कार्तिक ने अपना बर्ताव भी वरुण जैसा ही कर लिया है।
वरुण धवन का करियर इन दिनों डांवाडोल है। और, इसमें सबसे बड़ा हाथ उनकी उस टीम का माना जा रहा है जो वरुण धवन की ब्रांडिंग सही से नहीं कर पाई। तू तड़ाक से बात करना, कहीं भी किसी से भी उलझ जाना मुंबई में वरुण की पहचान बन चुकी है। नताशा दलाल से शादी के लिए भी घरवालों का जोर इसीलिए रहा ताकि जिम्मेदारियां आने पर वरुण खुद को बेहतर कर सकें। अब कार्तिक की ब्रांडिंग टीम भी उनको लेकर ऐसी चीजें ‘लीक’ कर रही है, जिसका कोई वजूद ही नहीं है।
बीते दो दिन से कार्तिक आर्यन को लेकर एक खबर ये ‘प्लांट’ कराने की कोशिशें चल रही हैं कि धर्मा प्रोडक्शंस ने उन्हें क्रिकेट पर बन रही एक फिल्म के लिए फाइनल कर लिया है। फिल्म का निर्देशक ‘गुंजन सक्सेना’ वाले शरन शर्मा को बताया गया। फिल्म की हीरोइन के लिए तृप्ति डिमरी का नाम भी उछला। लेकिन, दो दिन से गुब्बारे में भरी जा रही हवा में मंगलवार को करण जौहर ने सुई चुभो दी। उन्होंने एक ट्वीट करके साफ कर दिया कि शरन शर्मा की फिल्म को लेकर कोई कलाकार अभी तक फाइनल नहीं हुआ है।

