बीते महीने की 6 तारीख को अपनी अगली फीचर फिल्म की घोषणा करने वाले निर्माता निर्देशक करण जौहर ने गुरुवार को इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी। बतौर निर्देशक करण जौहर ने बीते कुछ साल में नेटफ्लिक्स की फिल्मावलियों ‘लस्ट स्टोरीज’ और ‘घोस्ट स्टोरीज’ की एक एक कहानी निर्देशित की है। लेकिन फीचर फिल्म आखिरी बार उन्होंने 2016 में निर्देशित की थी, फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’। इस फिल्म के पांच साल बाद करण जौहर ने अब अपनी नई फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ की शूटिंग शुरू की है। शूटिंग शुरू होने के साथ ही करण जौहर ने फिल्म में अपने हीरो रणवीर सिंह और हीरोइन आलिया भट्ट का फर्स्ट लुक भी जारी कर दिया है।
Rocky Aur Rani Ki Prem Kahani: करण जौहर की बतौर निर्देशक वापसी, रणवीर और आलिया संग शुरू की शूटिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरुवार को फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ की जो पहली झलकियां सामने आईं हैं, उनमें रणवीर सिंह हमेशा की तरह ही मस्ती करते दिख रहे हैं। वहीं, आलिया भट्ट अपने खास लुक्स के लिए तैयारी करती दिख रही हैं। रणवीर सिंह इन झलकियों में कहीं अपने सीन की रिहर्सल करते तो कहीं डांस स्टेप्स की प्रैक्टिस करते दिखे। लेकिन, अपना लुक दिखाने के लिए जहां आलिया भट्ट पहली बार पूरी तरह सज धज कर कैमरे के सामने आती हैं, वह पल बेमिसाल है। आलिया भट्ट का इतना मादक रूप पहले फिल्मों में कम ही देखा गया है। आमतौर पर चुलबुली लड़की सी दिखने वाली आलिया फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में एक संपूर्ण स्त्री की झलक देती दिखीं।
इससे पहले जुलाई में अपनी इस नई फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ का एलान करने से पहले करण जौहर ने अपनी उन फिल्मों की यादें दर्शकों के सामने दोहराई थीं जिन्हें उन्होंने निर्देशित किया है। फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ और ‘कभी खुशी कभी गम’ जैसी फिल्मों की झलकियों के सहारे करण ने अपनी फिल्मों का नॉस्ताल्जिया फिर से जगाने की कोशिश की। और, पारिवारिक फिल्मों की धर्मा प्रोडक्शंस की अपने पिता की स्थापित परंपरा का पालन करते वह फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में भी दिख रहे हैं।
फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के सेट्स से सामने आईं पहली झलकियों में करण जौहर, रणवीर सिंह और आलिया भट्ट के अलावा करण जौहर के खासमखास रहे फैशन डिजाइन मनीष मल्होत्रा भी दिख रहे हैं। इन झलकियों में कारीगर सेट्स को तैयार करते दिखाई देते हैं। कुछ लोग ड्रेसेज के लिए कपड़ों का सेलेक्शन करते दिखते हैं। करण जौहर कहीं हंसी मजाक में शामिल दिखते हैं तो कहीं वह अपने कलाकारों और तकनीशियनों के साथ सीन्स की रिहर्सल में शामिल दिखते हैं। झलकियों में वे जगहें भी दिखाईं जाती हैं जहां फिल्म के सीनियर कलाकारों धर्मेंद्र, शबाना आजमी और जया बच्चन के साथ पटकथा को पढ़ने की तैयारी जैसी दिखती है।
धर्मा प्रोडक्शंस पिछले पांच साल से लगातार फिल्में बनाता रहा है, हालांकि उसकी कुछ मेगा बजट फिल्में इस दौरान फ्लॉप रहीं और कुछ को सीधे ओटीटी पर रिलीज करना पड़ा। बतौर प्रोड्यूसर भी करण जौहर की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ पिछले कई साल से चर्चा में हैं। उनकी पिछली फिल्में ‘गुंजन सक्सेना’ और ‘शेरशाह’ सीधे ओटीटी पर रिलीज हुईं। इस दौरान उनकी एक महत्वाकांक्षी फिल्म ‘तख़्त’ को लेकर भी तमाम परेशानियां आती रहीं। और, चर्चा यही रही कि ये फिल्म अनिश्चिकाल के लिए स्थगित हो चुकी है। बतौर निर्देशक अपनी फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में उन्होंने फिल्म ‘गली ब्वॉय’ की हिट जोड़ी को दोहराया है।