एक महिला से रेप मामले में गिरफ्तार टीवी एक्टर करण ओबेरॉय की जमानत याचिका खारिज हो गई है। अभिनेता की ओर से उनके वकील दिनेश तिवारी द्वारा दर्ज जमानत याचिका पर मुंबई के दिंडोशी में सत्र न्यायाधीश की अदालत में शुक्रवार को सुनवाई हुई थी। इस दौरान पीड़ित महिला के वकील के इस तर्क को अदालत ने स्वीकार किया कि आरोपी जमानत मिलने पर सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने और पीड़िता को धमकाने की कोशिश कर सकता है।
दुष्कर्म मामले में टीवी एक्टर को जमानत नहीं और टॉलीवुड एक्टर के निधन समेत मनोरंजन की 5 बड़ी खबरें
कान फिल्म फेस्टिवल 2019 के रेड कार्पेट पर दुनिया भर के बड़े-बड़े सितारे शिरकत कर रहें हैं। इधर बॉलीवुड की तरफ से प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण यहां अपनी खूबसूरती का जलवा बिखेर रही हैं। ऐसे में दोनों ही अभिनेत्रियों के फैन्स में गजब का उत्साह देखा जा रहा है। इस बड़े आयोजन के बीच यहां, दीपिका की छोटी बहन अनीशा ने एक ट्वीट किया है जिसपर लोग आकर्षित हो रहे हैं। दीपिका की बहन अनीशा पादुकोण ने कान्स के ऊपर एक ट्वीट करते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। आपको जानकर हैरानी होगी कि वह 'कान' शब्द को बोल नहीं पाती हैं जिसके चलते उन्होंने ये ट्वीट किया है।
हाल ही में शाहरुख खान एक अमेरिकी शो के लिए देर रात न्यूयॉर्क के लिए रवाना हुए थे। इस शो को मशहूर अमेरिकी कॉमेडियन डेविड लेटरमैन होस्ट करेंगे। यहां, शाहरुख खान ने न्यूयॉर्क पहुंचकर अपने ट्विटर अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की है जिसमें वह लेटरमैन संग खड़े दिखाई दे रहे हैं। शाहरुख ने कैप्शन में लिखा कि "मैं डेविड लेटरमैन के लेट-नाइट टॉक शो को कई वर्षों से देखता आ रहा हूं और मैं उनके इंटरव्यू लेने के अंदाज पर फिदा हूं, मैं उनके साथ अपनी कहानी शेयर करने के लिए रोमांचित और सम्मानित महसूस कर रहा हूं, साथ ही नेटफ्लिक्स पर इसका प्रसारण इसे और भी खास बना देता है क्योंकि मैं अलग-अलग टीम के साथ काम कर रहा हूं ।'
हाल ही में जब अजय देवगन से सवाल किया गया कि जब उनके बच्चे उनकी फिल्में देखते हैं तो क्या कहते हैं। इस पर अजय का कहना था कि 'मेरे बेटे युग को मेरा डांस पसंद नहीं है और वह कहता है कि मुझे डांस नहीं करना चाहिए।' इसके साथ ही अजय ने ये भी कहा कि, 'दे दे प्यार दे' के गाने 'मुखड़ा वेखके' को हमने पूरा किया तो डायरेक्टर और म्यूजिक डायरेक्टर समेत सभी ने उसे फाइनल कर दिया था। बता दें कि बीते शुक्रवार को ही अजय की फिल्म दे दे प्यार दे रिलीज हुई है।
प्रसिद्ध तेलुगू अभिनेता रल्लापल्ली नरसिम्हा राव का शुक्रवार की शाम को देहांत हो गया। वह हैदराबाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती थे, जहां दिल का दौरा पड़ने से उन्होंने दम तोड़ दिया। वह 74 वर्ष के थे। अस्पताल के मुताबिक, अभिनेता लीवर की समस्या से जूझ रहे थे। शुक्रवार शाम 6 बजकर 16 मिनट पर उन्होंने आखिरी सांस ली। वह 15 मई से यहां भर्ती थे। दक्षिण फिल्म इंडस्ट्री में वह रल्लापल्ली' के नाम से मशहूर थे। वह कम उम्र में ही थिएटर से जुड़ गए थे। धीरे-धीरे उन्हें फिल्मों में मौका मिलने लगा।