नए साल में हिंदी सिनेमा का रंग रूप बदलता अब दिखने लगा है। साल के पहले दिन अर्जुन रामपाल की फिल्म ‘नेल पॉलिश’ जब लोगों ने ओटीटी पर देखी और इसकी जमकर तारीफ की तो यही लगा कि लोगों को शायद अभी मनोरंजन की तगड़ी भूख है और वह कुछ भी औसत सा देखकर भी खुश हो सकते हैं लेकिन पहले काजोल की फिल्म ‘त्रिभंगा’ को तारीफों के बाद भी अच्छे दर्शकों का टोटा और फिल्म परिणीति चोपड़ा की फिल्म ‘द गर्ल ऑन द ट्रेन’ को पूरी तरह नकार दिए जाने ने ओटीटी रिलीज को भी रिस्की कर दिया है। अब मंगलवार को कार्तिक आर्यन की अगली फिल्म ‘धमाका’ के भी सीधे सीधे ओटीटी चले जाने ने सिनेमा के कलाकारों का उनकी बॉक्स ऑफिस वैल्यू के हिसाब से सीधा सीधा विभाजन कर दिया है।
Dhamaka: कार्तिक आर्यन भी लगे अर्जुन, परिणीति और काजोल की लाइन में, सीधे ओटीटी पर चली फिल्म ‘धमाका’
बॉक्स ऑफिस की गणित बीते पूरे साल तो इसलिए गड़बड़ाई रही कि कोई नई फिल्म साल के नौ महीनों तक रिलीज नहीं हुई। फिर, इस साल सिनेमाघर खुलने शुरू हुए तो भी हिंदी सिनेमा का कोई बड़ा सितारा सीना ठोंककर पचास फीसदी क्षमता वाले सिनेमाघरों में उतरने को तैयार नहीं हुआ। उधर, साउथ में अभिनेता विजय और विजय सेतुपति ने मालविका मोहनन के साथ मिलकर बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर दिया। इनकी फिल्म ‘मास्टर’ ने तमिल में रिलीज हुई ‘बाहुबली 2’ का भी कमाई के मामले में रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
इसके बाद भी हिंदी के किसी बड़े सितारे ने अपनी फिल्म को थिएटर में नहीं उतारा। अगले हफ्ते ‘रूही’ से लोगों को काफी उम्मीदें हैं। इधर, बॉक्स ऑफिस वाले यानी सिनेमाघर मालिक बड़ी फिल्मों में बड़ा हिस्सा मांग रहे हैं। प्रोड्यूसर सितारों की वैसी ही धौंस थिएटर मालिकों दिखाना चाह रहे हैं जो कोरोना काल से पहले हुआ करती थी। लेकिन समय अब बदल चुका है। अब बड़े सितारे भी ओटीटी की आड़ लेना चाह रहे हैं तो फिर अर्जुन कपूर, प्रियमणि, परिणीति चोपड़ा, काजोल, पंकज त्रिपाठी और कार्तिक आर्यन की तो बात ही क्या।
मंगलवार को कार्तिक आर्यन की फिल्म ‘धमाका’ का टीजर जारी होने के साथ ही ये आधिकारिक एलान हो गया कि उनकी अगली फिल्म ‘धमाका’ सीधे ओटीटी पर रिलीज होने वाली है। साल 2021 में जो सारे शुक्रवार बॉक्स ऑफिस के बुक हुए हैं, उनमें भी कार्तिक की फिल्म ‘भूल भुलैया 2’ नवंबर के तीसरे शुक्रवार के लिए बुक हुई है। उससे दो हफ्ते पहले बॉक्स ऑफिस पर ‘पृथ्वीराज’ और ‘जर्सी’ की 5 नवंबर को भिड़ंत होनी है। इनमें से कोई भी डगमगाया तो वह अपनी फिल्म 12 नवंबर को ले जा सकता है। ऐसे में राह अगर किसी फिल्म की मुश्किल होती दिख रही है तो वह ‘भूल भुलैया 2’ ही है।
फिल्म ‘धमाका’ का सीधे ओटीटी पर जाना टॉप 10 सितारों की लिस्ट से बाहर सितारों के लिए भी खतरे की घंटी है। कार्तिक तो फिर भी डफ एंड फेल्प्स की सेलेब्रिटी वैल्यू रिपोर्ट में एंट्री मार चुके हैं, बीते साल की पूरी लिस्ट में वह बीसवें और सिर्फ सिने सेलेब्रिटीज की बात करें तो 17वें नंबर पर हैं। बाकी जिन सितारों की फिल्में जैसे ‘सरदार का ग्रांडसन’, ‘द गर्ल आन द ट्रेन’, ‘त्रिभंग’, ‘मारा’, ‘कागज’ और ‘नेल पॉलिश’ ओटीटी पर रिलीज हुई भी हैं तो उनमें से कोई भी बीते साल की इस लिस्ट में है नहीं। इनमें से किसी के आने वाले दिनों में चोटी तक पहुंचने की उम्मीद भी इंडस्ट्री में कोई नहीं कर रहा। हां, फिल्म ट्रेड को कार्तिक से बड़ी उम्मीदें रही हैं।
