47 साल के नवाजुद्दीन सिद्दीकी बॉलीवुड के दमदार अभिनेता हैं। उन्होंने अपने अभिनय की बदौलत इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई है। उनके अभिनय के सामने बड़े-बड़े कलाकार नतमस्तक हो जाते हैं। उन्होंने देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अपने अभिनय का लोहा मनवाया है। राष्ट्रीय नाट्य विश्वविद्यालय दिल्ली से अभिनय की बारीकी सीखने वाले नवाजुद्दीन ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए काफी संघर्ष किया है। उन्हें वॉचमैन तक की नौकरी करनी पड़ी थी। एक्टर बनने के लिए जब वो मुंबई आये थे, उस वक्त उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी और वो अक्सर दोस्तों से पैसा उधार लिया करते थे। नवाजुद्दीन एक छोटे से कमरे में चार लोगों के साथ रहते थे। लोग उनके लुक और रंग को लेकर मजाक बनाते थे, लेकिन नवाजुद्दीन ने ठान रखी थी कि वो एक दिन बड़े कलाकार बनेंगे।
किस्से बॉलीवुड के: जब नवाजुद्दीन ने बिना पूछे पकड़ा लड़की का हाथ, इसके बाद हुआ ये...
नवाजुद्दीन सिद्दीकी जमीन से जुड़े हुए कलाकार हैं। वह अपनी पहली डेट पर रोने लगे थे। खुद ही उन्होंने अपनी पहली डेट का किस्सा सुनाते हुए यह खुलासा किया था। यह वह वक्त था जब नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में दाखिला लिया था और उनको लगता था कि दूसरे लोगों की तरह उनकी भी एक गर्लफ्रेंड होती, तो कितना अच्छा होता। उसके साथ वो सुख-दुख बांटते।
उन ही दिनों एक लड़की से उनकी दोस्ती हो गई थी। नवाजुद्दीन उस लड़की को लेकर एक दिन पार्क में गये। जहां वो काफी देर तक उसके साथ घूमते रहे। लड़की घूमते-घूमते बोर हो रही थी और उसने यह बात नवाजुद्दीन सिद्दीकी को बताई। उसका कहना था कि वो वापस घर जा रही है।
यह सुनकर नवाजुद्दीन ने बिना सोचे समझे उसका हाथ पकड़ लिया। जैसे ही उन्होंने लड़की का हाथ पकड़ा वो उन पर भड़क उठी। लड़की का चेहरा गुस्से से लाल हो उठा। उसने नवाजुद्दीन से पूछा कि उन्होंने उससे बिना पूछे उसे हाथ कैसे लगाया? उसकी इस बात को सुनकर नवाजुद्दीन डर गये।
नवाजुद्दीन लड़की के सामने हाथ जोड़कर मिन्नत करने लगे कि वो ऐसा न करे। ऐसा करते हुए उनकी आंखों में आंसू आ गए। जिसे देखकर लड़की का दिल पिघल गया। इसके बाद उस लड़की ने नवाजुद्दीन का हाथ अपने हाथ में पकड़ लिया और उनके गालों को चूम लिया। इस तरह नवाजुद्दीन के पहली डेट का किस्सा पूरा हुआ।