कोई भी फिल्म अक्सर अपनी कहानी और स्टार कास्ट को लेकर चर्चा में रहती है। अच्छे सितारे फिल्म चलने की गारंटी होते हैं। इसके अलावा एक वजह और है, जिस पर बातचीत होती है, वह है फिल्म का बजट। बड़े बजट की फिल्में शुरू से ही चर्चा में आ जाती हैं। किसी फिल्म के सेट पर पानी की तरह पैसा बहाया जाता है तो कभी स्टार्स को मोटी फीस दी जाती है। आम लोगों के मन में भी यही धारणा रहती है कि सिर्फ वही फिल्में धूम मचाती हैं, जिन पर खूब पैसा खर्च किया जाता है। मगर, ऐसा नहीं है। अगर फिल्म की कहानी अच्छी है तो बजट मायने नहीं रखता। बॉलीवुड में कई ऐसी फिल्में भी हैं, जो बहुत कम या औसत बजट के साथ बनाई गईं, मगर बॉक्स-ऑफिस पर उनका प्रदर्शन अच्छा रहा। जानिए ऐसी ही कुछ फिल्मों के बारे में...
Low Budget Movies: इन फिल्मों पर पानी की तरह नहीं बहाया गया पैसा, फिर भी बॉक्स ऑफिस पर मचा गईं धूम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
'तनु वेड्स मनु' (2011)
आर माधवन और कंगना रणौत अभिनीत फिल्म 'तनु वेड्स मनु' एक ब्लॉकबस्टर फिल्म थी। आनंद एल राय द्वारा निर्देशित और शैलेश आर सिंह द्वारा निर्मित यह कॉमेडी-ड्रामा एक बोल्ड और छोटे शहर की लड़की की कहानी बताती है, जिसकी शादी एक एनआरआई डॉक्टर से हो जाती है। साल 2011 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर में से एक 'तनु वेड्स मनु' को 17 करोड़ रुपये के बजट पर फिल्माया गया था और 88.72 करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म में जिमी शेरगिल, एजाज खान, स्वरा भास्कर और दीपक डोबरियाल ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थी। इस फिल्म को आप ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
'विक्की डोनर' (2012)
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री यामी गौतम ने फिल्म 'विक्की डोनर' से अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत की थी। साल 2012 में आई यह फिल्म स्पर्म डोनेशन और इनफर्टिलिटी के संवेदनशील विषय पर आधारित थी। शूजीत सरकार द्वारा निर्देशित यह रोमांटिक कॉमेडी लगभग 15 करोड़ रुपये के बजट पर बनी थी, लेकिन फिल्म ने 66.32 करोड़ रुपये की कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था। इसे आप ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
'द लंचबॉक्स' (2013)
रिपोर्ट्स के मुताबिक मात्र 9 करोड़ रुपये के मामूली बजट पर बनी इस फिल्म ने 100 करोड़ रुपये का बॉक्स-ऑफिस कलेक्शन किया था। इस फिल्म में दिवंगत स्टार इरफान खान, निम्रत कौर, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और लिलेट दुबे हैं। इसकी कहानी कुछ यूं होती है कि इला हर रोज अपने पति के लिए टिफिन बनाती है, जो कि गलती से एक रिटायर एकाउंटेंट साजन फर्नांडीस को दे दिया जाता है। यह दोस्ती और प्यार पर आधारित एक कहानी है। इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
'लिपस्टिक अंडर माय बुर्का' (2017)
इस फिल्म में रत्ना पाठक, कोंकणा सेन शर्मा, अहाना कुमरा, प्लबिता बोरठाकुर हैं। ये फिल्म इन्ही चार महिलाओं की कहानी पर है कि कैसे ये महिलाएं अपनी खुशी और व्यक्तित्व की तलाश में समाजिक दबावों से दूर होने की कोशिश करती हैं। इस फिल्म का बजट 6 करोड़ रुपये था। वहीं, फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 26.68 रुपये का रहा। इस फिल्म को अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।