आमिर खान की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' रिलीज से पहले साल 2022 की ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक मानी जा रही थी। दावा था कि फिल्म आते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा देगी। लेकिन जबरदस्त बायकॉट के बीच रिलीज हुई यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गई। इस फिल्म की कमाई लगातार खराब चल रही है और अब इस फिल्म की कमाई करोड़ से गिरकर कुछ लाख रुपयों में सिमट गई है। 'लाल सिंह चड्ढा' की 14वें दिन की कमाई सामने आ गई है, जो चंद लाख रुपयों में हुई है।
Laal Singh Chaddha Day 14: बुधवार को 'लाल सिंह चड्ढा' ने किया सबसे खराब कलेक्शन, कमाई देख आमिर भी होंगे हैरान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दरअसल, आमिर खान की फिल्म अपने 11वें दिन यानी दूसरे वीकएंड तक 1 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर रही थी लेकिन रविवार के बाद से ही इस फिल्म की कमाई एक करोड़ से भी नीचे आ गई। सोमवार यानी 12वें दिन फिल्म ने महज 73 लाख रुपये ही जुटाए थे। मंगलवार को भी फिल्म की कमाई महज 68 लाख रुपये रही। वहीं, अब बुधवार यानी 14वें दिन फिल्म की कमाई में और ज्यादा गिरावट देखी गई है। बुधवार को 'लाल सिंह चड्ढा' ने महज 60 लाख रुपये की कमाई की है और अब इस फिल्म का टोटल कलेक्शन 58.11 करोड़ हो गया है।
बायकॉट ने बिगाड़ा आमिर खान का खेल
आमिर खान इस फिल्म के जरिए चार साल बाद सिनेमाघरों में लौटे हैं। इसी वजह से मेकर्स के साथ-साथ अभिनेता को भी उम्मीदें थीं कि फिल्म हिट रहेगी। लेकिन ये भी सच है कि फिल्म रिलीज से पहले ही लोगों के निशाने पर आ गई और फिल्म के खिलाफ ट्विटर पर हैशटैग 'बायकॉट लाल सिंह चड्ढा' ट्रेंड करने लगा। बड़ी संख्या में लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म न देखने की अपील की, जिसका असर 'लाल सिंह चड्ढा' की कमाई पर पड़ा। फिल्म ने महज 11.7 करोड़ की ओपनिंग की। इसके बाद 'लाल सिंह चड्ढा' की कमाई लगातार गिर रही है।
विदेशों में अच्छी कमाई
'लाल सिंह चड्ढा' देश में फ्लॉप साबित हो गई है। लेकिन विदेशों में आमिर खान की यह फिल्म अच्छी खासी कमाई कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 'फॉरेस्ट गंप' की आधिकारिक रीमेक अब अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में 2022 की सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है और इस फिल्म ने विदेशों में गंगूबाई काठियावाड़ी और भूल भुलैया 2 जैसी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। सिनेमाघरों में रिलीज होने के एक हफ्ते बाद 'लाल सिंह चड्ढा' ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 7.5 मिलियन डॉलर (59 करोड़ रुपये) की कमाई कर डाली है।