बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व विश्व सुंदरी लारा दत्ता का आज जन्मदिन है। उनका जन्म 16 अप्रैल 1978 को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुआ था। साल 2000 में लारा फेमिना मिस इंडिया कॉन्टेस्ट जीतने में कामयाब रही थीं और इसी साल वह मिस यूनिवर्स चुनी गईं। लारा दत्ता की गिनती बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में होती है, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत बड़े अभिनेताओं के साथ की, लेकिन धीरे-धीरे वो बॉलीवुड से गायब हो गईं। आज उनके जन्मदिन पर हम उनके मिस यूनिवर्स बनने से लेकर अबतक उनके लुक में क्या बदलाव आया इस पर बात करेंगे।
लारा दत्ता: मिस यूनिवर्स बनने से लेकर ‘स्टाइलिश मम्मा’ तक, 21 सालों में इतना बदला अभिनेत्री का लुक
साल 2000 में लारा की जिंदगी में सबसे खूबसूरत मोड़ आया था, जब उन्हें पहले फेमिना मिस इंडिया और फिर मिस यूनिवर्स के खिताब से नवाजा गया। मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने वाली वह भारत की दूसरी महिला बनीं, जिसके बाद से लारा की खूबसूरती की कायल पूरी दुनिया हो गई।
इसके बाद लारा को बॉलीवुड में बड़े प्रोजेक्ट में काम मिलने लगा। उन्होंने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत साल 2003 में रिलीज हुई फिल्म 'अंदाज' से की थी। इस फिल्म में लारा के साथ प्रियंका चोपड़ा और अक्षय कुमार भी नजर आए थे। फिल्म में लारा की खूबसूरती की सबने तारफी की। इस फिल्म के लिए उन्हें पहला फिल्म फेयर अवार्ड मिला था। यह पुरस्कार उन्हें नवोदित अभिनेत्रियों की श्रेणी में दिया गया था।
मिस यूनिवर्स होने की वजह से लारा की सुंदरता हमेशा बनी रही। लव अफेयर को लेकर भी लारा ने खूब सुर्खियां बटोरीं। कभी केली दोरजी के साथ उनके अफेयर की चर्चाओं को हवा मिली तो कभी डिनो मारिया के साथ उनके प्रेम के किस्से आम होते थे। इस दौरान लारा बॉलीवुड में भी काफी व्यस्त चल रही थीं। वो कई फिल्मों में काम कर रही थीं।
इसके बाद साल 2009 में उनके और टेनिस स्टार महेश भूपति के प्यार के किस्से सामने आने लगे और साल 2011 के फरवरी महीने में लारा ने महेश को अपना जीवन साथी भी बना लिया। जनवरी 2012 में महेश भूपति की पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री लारा दत्ता ने मुंबई में बेटी को जन्म दिया।
