सुपरस्टार विजय, मेगास्टार विजय, दलपति विजय...और भी ना जाने कितने विशेषण कितने नामों के साथ पहचान कराई जाती है तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय जोसफ चंद्रशेखर की। खुद वह अपना नाम विजय बताना पसंद करते हैं। बाल कलाकार के रूप में 1984 में अपना करियर शुरू करने वाले अभिनेता विजय के करियर का सबसे बड़ा इम्तिहान अगले हफ्ते होने जा रहा है। उनकी नई फिल्म ‘मास्टर’ की रिलीज से पहले तमिलनाडु के सिनेमाघरों को सौ फीसदी क्षमता के साथ चलाने के आदेश जारी हो चुके हैं, लेकिन उससे भी बड़ा लिटमस टेस्ट विजय का होने जा रहा है उत्तर भारत में, जहां उनकी यह फिल्म हिंदी में भी डब होकर रिलीज होगी।
मकर संक्रांति पर तमिल सिनेमा के सबसे बड़े सितारे की सबसे बड़ी परीक्षा, कामयाबी मिली तो बदलेगा खेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
46 साल के विजय की हिंदी पट्टी में पहली बार चर्चा शुरू हुई थी साल 2001 में रिलीज हुई उनकी सुपरहिट फिल्म ‘बदरी’ से। निर्देशक पी ए अरुण प्रसाद की अपनी ही तेलुगू फिल्म ‘थम्मुडू’ का ये रीमेक दरअसल आमिर खान की फिल्म ‘जो जीता वही सिकंदर’ पर आधारित रहा। हालांकि आमिर वाली फिल्म भी इसके निर्देशक मंसूर खान ने हॉलीवुड फिल्म ‘ब्रेकिंग अवे’ से प्रेरित होकर ही बनाई थी। विजय का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय परिदृश्य में चर्चा में आया पुरी जगन्नाथ की महेश बाबू स्टारर फिल्म ‘पोकिरी’ की इसी नाम से उनके साथ बनी तमिल रीमेक से, जिसे प्रभुदेवा ने निर्देशित किया।
साल 2007 के बाद से तो विजय को लोग उत्तर भारत के गावों में भी पहचानने लगे, उनकी जिन फिल्मों ने हिंदी में डब होने के बाद उत्तर भारत में खूब धूम मचाई, उनमें शामिल हैं, ‘राउडी राठौड़’, ‘थलाइवा’, ‘जिल्ला’, ‘कथ्थी’, ‘पुली’, ‘मरसल’, ‘सरकार’ और ‘बिगिल’। विजय की फिल्म ‘मास्टर’ दो साल बाद थिएटरों में रिलीज होने वाली उनकी पहली फिल्म है। पिछले साल उनकी कोई भी फिल्म थिएटरों या ओटीटी पर रिलीज नहीं हुई। फिल्म ‘मास्टर’ में विजय के खिलाफ भी विजय ही हैं। तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय सेतुपति भी इस फिल्म में बेहद अहम किरदार में दिखने वाले हैं। विजय सेतुपति ने भी हिंदी पट्टी में ‘96’, ‘विक्रम वेधा’ और ‘सुपर डीलक्स’ जैसी फिल्मों से अपना एक अलग ही फैनबेस बना लिया है।
मशहूर मॉडल और अभिनेत्री मालविका मोहनन फिल्म ‘मास्टर’ की हीरोइन हैं। ‘अमर उजाला’ से एक एक्सक्लूसिव मुलाकात में वह विजय की फैन फॉलोइंग के के बारे में बताते हुए कहती हैं, ‘जैसा पागलपन लोगों में रजनी सर को लेकर देखा जाता रहा है, वैसा ही हाल अब विजय की फिल्मों की रिलीज के वक्त देखने को मिलता है। सिनेमाघरों में सुबह तीन-चार बजे के करीब फिल्मों के शो शुरू हो जाते हैं। लोग गाजे बाजे के साथ सिनेमाघरों तक आते हैं। उनके कटआउट्स पर मालाएं पहनाई जाती हैं। उनका दुग्धाभिषेक होता है।’ मालविका फिल्म में अपने किरदार के बारे में तो ज्यादा नहीं बतातीं लेकिन अपने फिल्मी सफर के बारे में वह खुलकर बताती हैं। मालविका मोहनन से ये एक्सक्लूसिव वीडियो बातचीत आप शनिवार को रात 9 बजे अमर उजाला के फेसबुक पेज पर देख सकेंगे।
फिल्म ‘मास्टर’ के निर्माताओं ने गुरुवार को फिल्म का हिंदी ट्रेलर जारी कर दिया है। फिल्म की डबिंग हालांकि उतनी अच्छी नहीं है जितनी बाहुबली सीरीज की तेलुगू फिल्मों की अतीत में रही है लेकिन इस फिल्म के जरिए विजय हिंदी पट्टी में अपने प्रशंसकों के बीच सीधे पहली बार सिनेमाघरों में पहुंच रहे हैं। ‘बाहुबली’ के बाद से ही भारतीय सिनेमा में भाषाई बंदिशें गिरनी शुरू हुई हैं। अब बड़े बजट की ‘वॉर’ और ‘दबंग 3’ जैसी हिंदी फिल्में रिलीज के दिन ही तमिल, तेलुगू और मलयालम आदि भाषाओं में रिलीज होकर साउथ में रिलीज होने लगी हैं। ‘बाहुबली’ के बाद प्रभास की फिल्म ‘साहो’ भी हिंदी में डब होकर मूल फिल्म के साथ ही रिलीज हुई। अब बारी ‘मास्टर’ की है। ये खेल कामयाब रहा हो तो हिंदी सिनेमा के धुरंधरों का खेल बदलने के लिए साउथ का एक और सितारा मैदान में उतर जाएगा।