हर साल 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इस दिन को खास महिलाओं को समर्पित किया गया है। इस दिन के मायने भी हर एक महिला के नजरिये से खास होते हैं। बात करें अगर बॉलीवुड अभिनेत्रियों की तो इनके लिए भी इस दिन के मायने खास हैं। अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा, मलाइका अरोड़ा और मोनालिसा से जब महिला दिवस के मायने पूछे गए तो तीनों ने कुछ इस तरह से जवाब दिया।
मलाइका, सोनाक्षी और मोनालिसा ने बताए महिला दिवस के मायने, कहा- 'खुद को मजबूत बनाना जरूरी है'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनाक्षी सिन्हा, फिल्म अभिनेत्री
खुद को मजबूत बनाना जरूरी है
हमारे परिवार को लगता है कि हमारे बच्चे पहले से ही सबकी नजरों में हैं तो उन्हें सुरक्षित रखने के लिए और उनका ख्याल रखने के लिए किसी ना किसी का उनके साथ रहना जरूरी है। लेकिन न जाने क्यों मुझे यह हमेशा से ही अजीब लगता रहा। मैं जहां भी जाती कोई ना कोई मेरे साथ आ ही जाता। जब मैं छठी या सातवीं क्लास में थी और पापा मिनिस्टर बन गए तो अचानक मेरे आस पास बहुत सुरक्षा हो गई और मैं उसी सिक्योरिटी में स्कूल जाने लगी। ये सब मुझे अच्छा नहीं लगता था तो मैंने एक दिन मम्मी से कह दिया था कि जब तक आप यह सब बंद नहीं करते, मैं स्कूल ही नहीं जाऊंगी। मैंने पढ़ाई छोड़ने की धमकी दी तब जाकर मेरे आसपास लोगों का घेरा हटा और मुझे पहली बार अपनी स्वतंत्रता का एहसास हुआ। मेरा मानना है कि हर महिला को खुद को मजबूत बनाना ही चाहिए।
मलाइका अरोड़ा, मॉडल और अभिनेत्री
जो सबके चेहरों पर मुस्कान लाए, वही मजबूत महिला
इस साल अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम है 'ईच फॉर ईक्वल' तो मैं दृढ़ता से ये मानती हूं कि महिलाओं के लिए भी समानता की आवश्यकता है। मेरा मानना है कि महिलाएं यदि ठान लें और कुछ करने का मन बना लें तो वे कुछ भी कर सकती हैं। एक औरत होना किस्मत की बात है और इस दिन सही मायनों में महिलाओं के अटूट हौसले का जश्न मनाया जाना चाहिए। हर महिला जो दूसरी महिलाओं का विकास करती है, एक सशक्त महिला है। एक सकारात्मक और कभी हार न मानने वाले हौसले के साथ चुनौतियों का सामना करना ही एक सशक्त महिला की निशानी है। एक स्वतंत्र, सक्षम और आत्मनिर्भर महिला जो सभी के चेहरों पर मुस्कान ले आए, वही एक सशक्त महिला है।
मोनालिसा, टीवी और भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री
महिला दिवस हमारे समाज में महिलाओं के प्रति सराहना, प्यार और देखभाल का जश्न मनाने का एक अवसर है। मुझे भी लगता है और मुझे यकीन है कि हम सभी सहमत होंगे कि महिलाएं जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सफल रही हैं और हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने की क्षमता का प्रदर्शन करती हैं, चाहे वह पेशेवर हो या व्यक्तिगत। महिला दिवस पर, मैं सभी से अनुरोध करूंगी कि वे हमसे उन सभी चीजों में बराबर व्यवहार करें जो हम जीवन में करते हैं।