कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बुधवार शाम से शूटिंग पर पूरी तरह रोक लगने का मुंबई फिल्म इंडस्ट्री पर एक अच्छा असर भी हुआ है। अलग अलग खेमों में बंटे सारे निर्माता संगठन बुधवार को एक छत के नीचे इकट्ठे हुए। इनका साथ देने देश के बड़े मनोरंजन चैनलों के कर्ताधर्ता भी आए। सबने मिलकर एक समन्वय समिति बनाई और सरकार से फिल्म व मीडिया उद्योग के कर्मचारियों को वैक्सीन लगाने के लिए फिल्म सिटी और मीरा भायंदर इलाके में कैम्प लगाने की मांग की। समिति ने ये भी कहा कि इन टीकाकरण कैम्पों के लिए जो भी मदद जरूरी हो, वह देने के लिए तैयार हैं।
पहली बार एक साथ आए मनोरंजन उद्योग के सारे संगठन, जानिए क्या लिखा उद्धव ठाकरे को भेजी चिट्ठी में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुंबई में फिल्म व मीडिया उद्योग में काम करने वाले निर्माताओँ के बीच एका न होने के चलते ही केंद्र व राज्य सरकार से कभी फिल्म उद्योग को कोई बड़ी मदद नहीं मिल सकी। आलम ये है कि अंधेरी पश्चिम के जिस इलाके में 90 फीसदी बड़े फिल्म निर्माताओं के दफ्तर हैं, वहां दो दो फुट बाद जानवेला गड्ढे सड़कों पर बने हुए हैं। लेकिन, पहली बार इन निर्माताओं ने नेताओं के साथ सेल्फी खिंचाने से आगे जाकर कुछ सार्थक काम किया है।
मुंबई में सक्रिय फिल्म निर्माताओँ की सभी संस्थाओं मसलन इंडियन मोशन पिक्चर्स प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (इम्पा), इंडियन फिल्म एंड टीवी प्रोड्यूसर्स काउंसिल (आईएफटीपीसी), प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (पीजीआई), वेस्टर्न इंडिया फिल्म प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (डब्लूआईएफपीए) के प्रतिनिधि इस बैठक में शामिल हुए और इनका साथ देने के लिए सांसद अमोल कोल्हे, स्टार, जी, सोनी व कलर्स चैनल के शीर्ष अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने इम्प्लॉइज (एफडब्लूआईसीई), इंडियन फिल्म एंड टीवी डायरेक्टर्स एसोसिएशन (इफ्टडा) और सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (सिनटा) की नुमाइंदगी भी इस बैठक में रही।
इन सारे प्रतिनिधियों ती बुधवार को हुई बैठक में मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की समन्वय समिति बनाई गई जिसमें तय हुआ कि सरकारी मुद्दों पर अलग अलग संगठनों के आगे बढ़कर सरकार से संवाद शुरू करने की बजाय अब यह समिति ही आधिकारिक बातचीत करेगी। समिति की पहली बैठक समाप्त होने के बाद एक पत्र भी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को भेजा गया है जिसमें फिल्म निर्माताओं व टीवी चैनल संचालकों ने कई मांगें सूचीबद्ध की हैं।
मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की इस समन्वय समिति ने राज्य सरकार से फिल्म व टीवी का पोस्ट प्रोडक्शन जारी रखने, निर्माणाधीन फिल्म सेटों पर मजदूरों के मौके पर ही रहकर काम करते रहने, मनोरंजन उद्योग के कामगारों को आर्थिक सहायता देने व इस उद्योग के लोगों के लिए अलग से फिल्म सिटी व मीरा भायंदर इलाके में वैक्सीनेशन सेंटर स्थापित करने की मांग की गई है। समिति ने वैक्सीनेशन सेंटर खोलने में हर तरह की मदद की भी पेशकश की है। पत्र की एक प्रति महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे को भी भेजी गई है।