साउथ अभिनेता सूर्या शिवकुमार को 68 वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में बेस्ट एक्टर के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। अभिनेता को यह अवॉर्ड उनकी फिल्म 'सोरारई पोट्रु' के लिए मिला है, जो साल 2020 में रिलीज हुई थी। यह फिल्म कोरोना वायरस की वजह से ओटीटी पर रिलीज हुई थी और तब फिल्म छा गई थी। इस फिल्म ने कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किए हैं, जिसमें बेस्ट एक्टर, बेस्ट एक्ट्रेस, बेस्ट स्क्रीनप्ले, बेस्ट म्यूजिक और बेस्ट फीचर फिल्म का अवॉर्ड शामिल है। वहीं, अब सूर्या ने फिल्म को इतने सारे अवॉर्ड मिलने पर प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि वह अपनी फिल्म को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर उत्साहित महसूस कर रहे हैं।
Suriya: नेशनल अवॉर्ड जीतने के बाद साउथ अभिनेता सूर्या का पहला पोस्ट, अजय देवगन के लिए बोली ये बात
सूर्या शिवकुमार ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा-चौड़ा नोट शेयर किया है, जिसमें अभिनेता ने बताया है कि उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार और ज्यादा मेहनत करने और अपनी बात पर चलने की प्रेरणा देता है ताकि वह हमेशा फैंस को अच्छी फिल्में देते रहे। सर्या ने अपने फैंस को फिल्म 'सोरारई पोट्रु' को इतना प्यार देने के लिए धन्यवाद दिया और कहा वह अपनी फिल्म को पांच पुरस्कार मिलने और ओटीटी पर इस फिल्म को इतना अच्छा रिस्पॉन्स मिलने पर खुश हैं।
अभिनेता ने अपने पोस्ट में आगे फिल्म 'सोरारई पोट्रु' को निर्देशक सुधा कोंगारा की कई वर्षों की कड़ी मेहनत और कैप्टन गोपीनाथ की कहानी की रचनात्मक दृष्टि का प्रमाण बताया है। साथ ही उन्होंने निर्देशक वसंत साई और फिल्ममेकर मणिरत्नम का आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने उन्हें फिल्म 'नेरुक्कु नेर' में पहला ब्रेक दिया था। इस पोस्ट में उन्होंने अजय देवगन का भी जिक्र किया है और उन्हें नेशनल अवॉर्ड मिलने पर बधाई दी है। बता दें कि अजय देवगन को यह अवॉर्ड 'तान्हाजी द अनसंग वॉरियर' के लिए मिला है।
अपने नोट में अभिनेता ने अपनी पत्नी ज्योतिका का धन्यवाद देते हुए लिखा कि मेरी ज्योतिका को मेरा खास धन्यवाद, जिन्होंने जोर देकर कहा था कि मुझे 'सोरारई पोट्रु' में अभिनय करना चाहिए। उन सभी को मेरा प्यार और धन्यवाद, उन्होंने अब तक मेरे प्रयासों को प्रोत्साहित किया है और मेरी अम्मा और अप्पा, कार्थी और बृंदा ने हमेशा मेरा समर्थन किया है। मैं यह पुरस्कार अपने बच्चों दीया और देव और अपने प्यारे परिवार को समर्पित करता हूं। इस नोट के आखिर में ही अभिनेता ने लिखा है कि उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार और ज्यादा मेहनत करने और अपनी बात पर चलने की प्रेरणा देता है ताकि वह हमेशा फैंस को अच्छी फिल्में देते रहे। बता दें कि अभिनेता आज अपना 47वां जन्मदिन मना रहे हैं और इस खास दिन को सूर्या अपने परिवार वालों के साथ सेलिब्रेट कर रहे है।