समस्याएं जब चुनौती बनकर आती हैं तो काबिल लोग उन्हें मौके की तरह भी इस्तेमाल कर लेते हैं। मुंबई मनोरंजन जगत में टीवी कलाकारों ने यही किया। उनका बीमा अब उनके सीरियल प्रसारित करने वाले चैनल करवा रहे हैं। काम का भुगतान 90 दिन की बजाय अब महीना खत्म होते ही हो रहा है, लेकिन फिल्मों के सहायक कलाकारों के अच्छे दिन आने अभी बाकी हैं। उनके कोराना काल से पहले के काम का भुगतान भी नहीं हो रहा है। नवाजुद्दीन सिद्दीकी की फिल्म बोले चूड़ियां में काम करने वाले कुछ कलाकारों को अब तक उनका मेहनताना नहीं मिला है।
नवाजुद्दीन की फिल्म की अभिनेत्री ने लगाई बकाया दिलाने की गुहार, प्रोड्यूसर, मैनेजर का फोन नो रिप्लाई
अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के भाई शमास नवाज सिद्दीकी के निर्देशन में बनी फिल्म 'बोले चूड़ियां' पूरी हो चुकी है। फिल्म को ओटीटी पर बेचने की बातें भी चल रही हैं। लेकिन, इस फिल्म में काम करने वाले कुछ कलाकारों का आरोप है कि फिल्म के निर्माता राजेश भाटिया और किरण झावेरी भाटिया ने अभी तक उनके काम का पैसा नहीं दिया है। कलाकारों का आरोप है कि जब भी उनसे पैसे की बात की जाती है तो वह 'हम जल्द ही करेंगे' कह कर बात खत्म कर देते हैं।
कोरोना वायरस की वजह से हुए लॉकडाउन के दौरान टीवी और फिल्मों के कलाकारों को उनके काम का पैसा ना मिलने के बहुत से मामले सामने आए हैं। इन मामलों में कई कलाकारों ने सामने आकर निर्माताओं के ऐसे बर्ताव का विरोध किया है। वहीं, कुछ लोगों ने आवाज उठाने वाले उन कलाकारों को पीछे से अपना समर्थन दिया है। नवाजुद्दीन की इस फिल्म में काम कर चुकी अभिनेत्री सुनीता हुड्डा ने अमर उजाला को बताया है कि अभी तक उन्हें भी पैसा नहीं मिला है।
अभिनेत्री सुनीता हुड्डा ने कहा, 'मैंने इस फिल्म में 5 अगस्त 2019 से 5 सितंबर 2019 के बीच काम किया है। इस फिल्म की शूटिंग उस वक्त राजस्थान के मांडवा में चल रही थी। कायदे से तो उन्हें पैसा तभी दे देना चाहिए था लेकिन मुझे अपने काम का पैसा अभी तक नहीं मिला है। मैं इस फिल्म के प्रोडक्शन हाउस वुडपैकर फिल्म्स के प्रोडक्शन मैनेजर अभय सिंह से कई बार इस बारे में बात कर चुकी हूं लेकिन सारी बातें निष्फल रही हैं। वह हर बार 'हो जाएगा' कहकर बात खत्म कर देते हैं। अब तो मेरा फोन भी उठाना बंद कर दिया है।'
सुनीता ने बताया कि वह इस मामले में कलाकारों की यूनियन सिने एंड टेलीविजन आर्टिस्ट्स एसोसिएशन से भी मदद मांग चुकी हैं। उन्होंने इसके अलावा मजदूरों की फेडरेशन को भी इसके बारे में जानकारी दी लेकिन अभी तक उन्हें कहीं से कोई मदद नहीं मिली है। इस बारे में फिल्म के निर्माता राजेश भाटिया ने से संपर्क करने की कोशिश की गई और उन्हें संदेश भी भेजा गया लेकिन उन्होंने अब तक कोई उत्तर नहीं दिया है। बता दें कि राजेश और नवाज एक साथ पिछले साल रिलीज हुई फिल्म 'मोतीचूर चकनाचूर' में भी काम कर चुके हैं।
पढ़ें: सुशांत सिंह राजपूत की मौत से पहले ही अपडेट हो गया था विकिपीडिया ? ये है सच्चाई
