अभिनेत्री नीतू कपूर ने हाल ही में आई फिल्म 'जुग जुग जीयो' के जरिए सिनेमा में एक नई पारी की शुरुआत की है। इसके अलावा पिछले दो सालों से वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं। वह रील्स बनाती हैं। स्टाइलिश तस्वीरें साझा करती हैं, देश-विदेश की यात्राओं पर जाती हैं और... मीडिया के साथ बेबाकी से बातचीत करती नजर आती हैं। अगर कहें कि अभिनेता ऋषि कपूर के निधन के बाद नीतू कपूर ने खुद को एक अलग तरह से पेश किया है तो गलत नहीं होगा। मगर, समाज के कुछ लोगों को इसी बात से दिक्कत है। आए दिन वह नीतू कपूर की वायरल तस्वीरों और वीडियोज पर गलत टिप्पणियां करते नजर आते हैं। दरअसल, चिंटू जी के जाने के बाद उन्हें नीतू कपूर का इस कदर अपने करियर में लौटना, इतना खुश रहना रास नहीं आ रहा। मगर नीतू कपूर का यह बेबाक अंदाज ऐसे लोगों के लिए अपने आप में एक तगड़ा जवाब है।
Neetu Kapoor: दकियानूसी सोच को करारा जवाब है नीतू कपूर का लाइफस्टाइल, बोलीं- उन्हें भुलाना मुश्किल है, लेकिन...
टॉक्सिक सोच वालों से बेफिक्र हैं नीतू
हाल ही में नीतू कपूर लंदन गईं और इस दौरान उन्हें एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। वह काफी खुश नजर आ रही थीं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। कुछ लोगों ने इस पर भी नीतू कपूर को ट्रोल किया। ट्रोल्स को अभिनेत्री का यूं स्टाइलिश लुक में विदेश यात्रा पर जाना मानो अखर गया। किसी ने कहा, 'पति के जाने के बाद इनके पंख निकल आए हैं।' तो कोई कहता है, 'ऋषि कपूर इन्हें ज्यादा बाहर नहीं निकलने देते थे, उनके जाने के बाद अब यह खूब मस्ती कर रही हैं।' नीतू कपूर खुद ट्रोल्स की इस टॉक्सिक मानसिकता से वाकिफ हैं। मगर वह इससे बेफिक्र भी हैं। उनका कहना है, 'लोगों को जो बोलना है बोलें, मुझे जैसे पसंद है मैं वैसे ही रहूंगी।' नीतू कपूर का यह अंदाज असल में उस दकियानूसी सोच को करारा जवाब है, जिसमें लोग पति के गुजरने के बाद औरत को गमगीन ही देखना चाहते हैं।
जिंदगी की नई शुरुआत पर दिक्कत क्यों?
बता दें कि नीतू कपूर ने बतौर बाल कलाकार अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी। फिल्म 'दो कलियां' (1968) के गाने 'बच्चे मन के सच्चे..' के जरिए उन्होंने अपनी मासूमियत से दर्शकों का दिल जीत लिया था। इसके बाद कई फिल्मों में बतौर हीरोइन अभिनय किया और अलग पहचान बनाई। जब घर-गृहस्थी जमी तो बच्चों और परिवार की खातिर उन्होंने अपने करियर के पीक पर फिल्मों से नाता तोड़ लिया। एक लंबा दौर चला, जब वह फिल्मों से दूर रहीं। जिम्मेदारियां निभाती गईं, जिंदगी गुजरती गई। लेकिन, हर किसी की जिंदगी में एक मुश्किल वक्त आता है। ऋषि कपूर की बीमारी का पता चला तो पूरे परिवार पर ही मानो मुसीबत आ गई। ऋषि कपूर के जीते जी नीतू कपूर हर तरह उनके साथ खड़ी नजर आईं। मगर, बीमारी के चलते अप्रैल 2020 में अभिनेता इस दुनिया को अलविदा कह गए। इसके बाद लोगों को उम्मीद थी कि अब तक पारंपरिक तरीके से जिंदगी जीती आईं नीतू कपूर घर की चहारदीवारी में ही खुद को कैद रखेंगी। लेकिन, चिंटू जी की यादों के साथ नीतू कपूर ने एक नए सिरे से जिंदगी शुरू की है।
बस ऐसे ही गुजर जाएगी जिंदगी...
हाल ही में कलर टीवी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से नीतू कपूर की एक वीडियो साझा की है। इसमें नीतू कपूर 'डांस दीवाने' के सेट पर नजर आ रही हैं। वीडियो की शुरुआत में दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की तस्वीरें हैं और बैकग्राउंड में गाना चल रहा है, 'तेरी उम्मीद तेरा इंतजार करते हैं...'। इन तस्वीरों को देखने के बाद नीतू कपूर काफी भावुक नजर आईं। मगर उसके बाद उन्होंने काफी अच्छी बातें कहीं। उन्होंने कहा, 'दिल को कुछ होता है देखकर। मेरी शादी 1980 में हुई थी। मैंने अपनी जिंदगी के करीब 45 साल उनके साथ गुजारे। मैंने तो अपनी आधी जिंदगी उन्हीं के साथ गुजारी है। उन्हें भूलना बहुत मुश्किल है। लेकिन, मैं मजबूत रहती हूं। मैं लोगों से मिलती हूं। मंच पर आती हूं। इससे मेरा थोड़ा दिल बहल जाता है। बस इसी में टाइम गुजर जाएगा।' आगे उन्होंने कहा, 'मेरे बच्चे हैं, बहुत ख्याल रखते है, लेकिन ऋषि की याद आती है। मुझे लगता है कि जो भी चला जाता है उसको सेलिब्रेट करो। मुझे खुश देखकर ऋषि जी खुश होंगे। यह नहीं कि मैं उदास रहूं घर बैठी रहूं और उनकी यादों में खोई रहूं। मेरे जो लोग हैं, जो मेरे साथ रहते हैं मैं उन्हें उदास नहीं करना चाहती। मैं उनको नहीं बताना चाहती कि मैं कितनी उदास हूं। मैं बस यही दिखाना चाहती हूं कि मैं खुश हूं।'
गम से उबरने को रहती हैं व्यस्त
बता दें कि इससे पहले भी नीतू कपूर अपने लाइफ स्टाइल और बेबाकी को लेकर बात कर चुकी हैं। एक बार उन्होंने कहा था कि उन्होंने खुद को काम में झोंक दिया है, ताकि ऋषि कपूर को खोने के गम से उबर सकें। उन्होंने ऋषि कपूर के निधन के बाद अपनी सोशल एक्टिविटी बढ़ा दी है। उन्होंने यह भी कहा था कि जिन्हें उनके इस लाइफ स्टाइल से तकलीफ है या जो उन्हें ट्रोल करते हैं वह उन्हें ब्लॉक कर देंगी। नीतू कपूर ने कहा था, 'मैं चीजें सिर्फ इसलिए करती हूं, क्योंकि मुझे यह सब करना पसंद है। मैं अपने फॉलोअर्स से प्यार करती हूं। मैं सिर्फ उन्हें ब्लॉक करती हूं जो मुझे ट्रोल करते हैं। आप जानते हैं कि कुछ ऐसे लोग होते हैं, जो कहते हैं कि पति का निधन हो गया और वह एन्जॉय कर रही हैं। नीतू कपूर ने आगे कहा, 'वह एक रोती हुई विधवा को देखना चाहते हैं। ऐसे लोगों का एक समूह है, लेकिन मैं उन्हें ब्लॉक कर देती हूं। मैं कहती हूं कि मैं जैसी बनना चाहती हूं, वैसा ही होगा। मैं इस तरीके से खुद को ऋषि कपूर के जाने के दुख से निकाल लूंगी। कुछ लोग रोकर दुखों का सामना करते हैं तो कुछ लोग हंसकर। मैं अपने पति को नहीं भूल सकती। वे यहां मेरे साथ, मेरे बच्चों के साथ जिंदगी भर रहेंगे।'