कहानियों के चयन में खुद को लगातार देसी करने की कोशिशों में जुटे ओटीटी नेटफ्लिक्स ने साल 2022 की विदाई का जश्न बुधवार की रात मुंबई के महबूब स्टूडियो में धूमधाम से मनाया। देश भर के चुनिंदा पत्रकारों के साथ हुए इस जलसे का मुख्य आकर्षण रहीं गायिका उषा उथुप जिन्होंने अपने हिट गानों पर एक के बाद एक कई शानदार प्रस्तुतियां दीं और कार्यक्रम में मौजूद लोगों को थिरकने और नाचने पर मजबूर कर दिया। गायक बेनी दयाल ने भी अपने हिट गानों पर खूब मस्ती की। इस मौके पर नेटफ्लिक्स की वाइस प्रेसीडेंट मोनिका शेरगिल और सीरीज हेड तान्या बामी ने भारत में नेटफ्लिक्स की तरक्की में भागीदार रहे सभी लोगों का आभार जताया।
Netflix Year Ender Party: 40 साल बाद उषा उथुप पहुंचीं महबूब स्टूडियो, लाइव परफॉर्मेंस का देर रात तक चला धमाल
शानदार रहा नेटफ्लिक्स का साल
नेटफ्लिक्स के लिए साल 2022 काफी शानदार रहा है। इस ओटीटी पर रिलीज हुई दो फिल्मों ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ और ‘आरआरआर’ ने दुनिया के 25 से ज्यादा देशों में देखे जाने के रिकॉर्ड बनाए। हालिया रिलीज वेब सीरीज ‘खाकी द बिहार चैप्टर’ और ‘कैट’ की लोकप्रियता ने भी ओटीटी के अधिकारियों के हौसले बढ़ाए हैं। ओरीजनल फिल्मों में ‘मोनिका ओ माई डार्लिंग’ और ‘कला’ को भी आम दर्शकों व समीक्षकों ने खासतौर से पसंद किया। नेटफ्लिक्स के बुधवार को हुए आयोजन का मुख्य मकसद मीडिया के उन लोगों के प्रति आभार जताना रहा, जिन्होंने ओटीटी की मनोरंजन सामग्री की साल भर समालोचना की। दर्शकों तक इन्हें पहुंचाने में ओटीटी की मदद की और साथ ही उन कमियों की तरफ भी ओटीटी का ध्यान आकृष्ट कराया जिनके चलते इसकी कुछ फिल्में और वेब सीरीज दर्शकों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पाईं।
एक दर्शक की तरह देखती हूं: मोनिका
नेटफ्लिक्स की वाइस प्रेसीडेंट मोनिका शेरगिल ने इस मौके पर आए सभी लोगों का स्वागत किया और अपना ये संकल्प दोहराया कि उनकी टीम लगातार सीखती रहेगी और अपनी मनोरंजन सामग्री में देश की भाषाओं की विविधता को लेकर लगातार काम करती रहेगी। शेरगिल के मुताबिक वह खुद भी एक दर्शक की तरह नेटफ्लिक्स की सामग्री देखती हैं और इनकी समालोचनाओं पर पूरा ध्यान देती हैं। वहीं नेटफ्लिक्स की सीरीज हेड तान्या बामी ने ‘अमर उजाला’ से बातें करते हुए कहा कि ओटीटी की भारत में बनने वाली सामग्री को और स्थानीय बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं और इसके लिए दूर दराज में बसे लेखकों तक पहुंचने के प्रयत्न भी किए जाएंगे।
उषा उथुप ने लूट ली महफिल
नेटफ्लिक्स की साल 2022 को विदाई देने के लिए हुई इस पार्टी में स्टैंड कॉमेडियन वरुण ठाकुर और नीति पालटा ने आगंतुकों को मनोरंजन करने का भरपूर प्रयास किया। लेकिन शाम की असली रंगत तब आई जब मशहूर गायिका उषा उथुप ने मंच संभाला। मंच पर आते ही उन्होंने अपना सुपरहिट गाना ‘अउवा अउवा’ गाया तो महफिल में मौजूद सारे लोग झूम उठे। इसके अलावा उन्होंने ‘नाकाबंदी’, ‘हरि ओम हरि’, ‘कोई यहां नाचे नाचे’, ‘प्यार करने वाले प्यार करते हैं शान से’, ‘दोस्तों से प्यार किया’ जैसे गानों पर लाइव प्रस्तुतियां दीं और अपने साथ साथ कार्यक्रम में मौजूद लोगों को गाने और झूमने पर मजबूर कर दिया। उषा उथुप ने इस दौरान वे दिन भी याद किए जब 40 साल पहले वह इसी महबूब स्टूडियो में अपने गानों की लाइव रिकॉर्डिंग के लिए आया करती थीं।
वीडियो दीवार पर ‘अमर उजाला’ की समीक्षा
गायक बेनी दयाल ने भी कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया। उन्होंने ‘उड़े दिल बेफिकरे’ और ‘बदतमीज दिल’ जैसे गानों पर एकल प्रस्तुतियां देने के बाद उषा उथुप के साथ भी कई गानों की मेडली पेश की। कार्यक्रम के आयोजन स्थल पर नेटफ्लिक्स पर इस साल रिलीज हुई फिल्मों और वेब सीरीज के बड़े बड़े पोस्टर लगाए गए थे और इसके साथ ही एक वीडियो दीवार उन समीक्षाओं की कतरनों की भी बनाई गई थी जिसमें देश के प्रतिष्ठित समीक्षकों ने नेटफ्लिक्स के कार्यक्रमों के बारे में लिखा था। इस दीवार पर सिर्फ एक हिंदी समीक्षक को ही जगह मिली और वह रहे अमर उजाला के लिए फिल्म व वेब सीरीज की समीक्षाएं लिखने वाले, पंकज शुक्ल।