पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा था, जिसमें एक महिला की नाक से खून निकल रहा था और वो फूड सर्विस ऐप जोमैटो के डिलीवरी ब्वॉय पर मारपीट करने का आरोप लगा रही थी। तो वहीं डिलीवरी ब्वॉय कामराज का कहना है कि उसने खुद को बचाया और गलती से महिला का हाथ खुद उसकी नाक पर लग गया, जिसके चलते उसकी नाक से खून बहने लगा था। अब इस मामले में अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
जोमैटो के डिलीवरी ब्वॉय के समर्थन में उतरीं परिणीति चोपड़ा, बोलीं- मुझे बताएं कि मैं कैसे मदद कर सकती हूं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
परिणीति अक्सर सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखती हैं और इस मामले में एक्ट्रेस ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'जोमेटो इंडिया, कृपया सच की जांच करें और सार्वजनिक रूप से रिपोर्ट करें। अगर सज्जन मासूम है (मेरा मानना है कि वह है), कृपया हमें महिला को दंडित करने में मदद करें। यह अमानवीय, शर्मनाक और दिल दहला देने वाला है। कृपया मुझे बताएं कि मैं कैसे मदद कर सकती हूं।' परिणीति का ये ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है और लोग अभिनेत्री की सराहना कर रहे हैं। बता दें कि बेंगलुरु में ऑर्डर कैंसिल करने पर महिला पर हमला करने वाले डिलीवरी ब्वॉय को गिरफ्तार कर लिया है। बेंगलुरु DCP ने इसकी पुष्टि की है।
Zomato India - PLEASE find and publicly report the truth.. If the gentleman is innocent (and I believe he is), PLEASE help us penalise the woman in question. This is inhuman, shameful and heartbreaking .. Please let me know how I can help.. #ZomatoDeliveryGuy @zomatoin
गौरतलब है कि, यह पूरा मामला बीते मंगलवार का है। मॉडल और मेकअप आर्टिस्ट हितेशा चंद्रानी ने जोमैटो से दोपहर का खाना ऑर्डर किया था। जब खाना आने में देर हुई तो उन्होंने साइट के कस्टमर केयर पर जाकर उससे देरी के चलते ऑर्डर कैंसिल करने के लिए कहा। इसी बातचीत के दौरान ही जोमेटो का डिलीवरी ब्वॉय कामराज वहां आ गया। हितेशा ने जब उससे खाना वापस ले जाने के लिए कहा, तो वह भड़क उठा। उसने कहा कि वह क्या गुलाम है जो इस तरह बेवजह दौड़भाग करेगा। मॉडल ने जब अपने फ्लैट का दरवाजा बंद करना चाहा तो कामराज धक्का देकर अंदर घुस आया। उसने खाने का पैकेट वापस ले जाने से इनकार कर दिया और हुई बहस के बीच कामराज ने हितेशा के चेहरे पर घूंसा जड़ दिया। जब हितेशा चिल्लाईं तो कामराज भाग खड़ा हुआ। उनकी नाक की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया है। ऐसा महिला ने अपने वीडियो में कहा था।
तो वहीं इस पूरे मामले में डिलीवरी ब्वॉय कामराज ने महिला के सभी आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि जल्द ही सच सामने आएगा। 'ऑर्डर लेने के बाद महिला ने उसका भुगतान करने से मना कर दिया था, जैसा कि मैं देर से था। वह उसको मुफ्त में लेना चाहती थी। उसने मुझे चप्पलों से मारना शुरू कर दिया। उस समय में खुद को बचा रहा था और मेरे बाएं हाथ ने उसके दाहिने हाथ को छुआ और उसने जो अंगूठी पहनी थी, वह उसकी नाक से टकराई थी और उसमें से खून निकलने लगा था।'
डिलीवरी ब्वॉय ने आगे कहा, 'मैं इसे और अधिक जटिल नहीं बनाना चाहता। सच की जीत होगी। अगर नहीं होती तो मैं इसे कानूनी रूप से लड़ूंगा। मेरी एक मां है, मेरे पिता 15 साल पहले गुजर गए थे, मैं अपने परिवार में एकमात्र कमाने वाला हूं। मैं जोमेटो में पिछले 26 महीनों से 4.7 रेटिंग के साथ काम कर रहा हूं। इस मामले के पूरा होने तक कंपनी ने मेरी आईडी ब्लॉक कर दी है और मामला सुलझने के बाद उसे वापस लेने का आश्वासन दिया है।' फिलहाल, पूरे मामले में जांच चल रही है।