किसी भी फिल्म के रिलीज होने का दिन आमतौर गुरुवार या शुक्रवार ही होता है। शुक्रवार का दिन फिल्में रिलीज होने का दुनिया भर में स्वीकृत दिन है, माना जाता है कि सप्ताहांत की शुरुआत के चलते ही फिल्में इस दिन रिलीज होना शुरू हुईं। हिंदी फिल्में अरसे से दुबई में बुधवार या गुरुवार को रिलीज होती रही हैं क्योंकि वहां शुक्रवार को छुट्टी होती है। कानपुर जैसे देश के तमाम मुस्लिम बहुल इलाकों में भी हिंदी फिल्मों को देश के दूसरे शहरों से पहले गुरुवार को रिलीज करने का चलन लंबे समय तक रहा है। लेकिन, फिल्मों के कारोबार में सोमवार का दिन भी कम अहम नहीं होता। माना जाता है कि शुरू के तीन दिन फिल्म देखने सितारों के फैंस आते हैं और सोमवार से फिल्म अपनी कहानी और अपनी काबिलियत के हिसाब से देखी जाती है। इस साल रिलीज हुई फिल्मों में हिंदी में डब फिल्म ‘पुष्पा’ ने ‘सूर्यवंशी’ को छोड़कर बाकी सभी फिल्मों से ज्यादा कलेक्शन हिंदी भाषी राज्यों में किया है, और इसी कलेक्शन ने ‘मंडे टेस्ट’ को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।
Allu Arjun Vs Ayushmann: क्या होता है मंडे टेस्ट? बॉक्स ऑफिस पर अल्लू अर्जुन ने अब बनाया ये नया रिकॉर्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दरअसल, मंगलवार की सुबह जब फिल्म ‘पुष्पा पार्ट 1’ के हिंदी संस्करण के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सामने आए तो सोशल मीडिया पर इस आंकड़े की तुलना इस साल रिलीज हुई दूसरी हिंदी फिल्मों से शुरू हो गई। ‘पुष्पा पार्ट 1’ ने सोमवार को अपनी रिलीज के चौथे दिन चार करोड़ रुपये और फिल्म ‘स्पाइडरमैन नो वे होम’ ने रिलीज के पांचवें दिन सोमवार को 12.10 करोड़ रुपये कमाए। भारत में इस साल रिलीज हुई फिल्मों में रिलीज के दिन के बाद आने वाले पहले सोमवार को सबसे ज्यादा कमाई अब तक अक्षय कुमार, कटरीना कैफ स्टारर फिल्म ‘सूर्यवंशी’ ने की है।
फिल्म ‘पुष्पा पार्ट 1’ के टिकट सिंगल स्क्रीन थिएटरों में ब्लैक में बिकती इन दिनों खूब देखी जा रही हैं। मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों में जहां ‘स्पाइडरमैन नो वे होम’ की धूम है, वहीं सिंगल स्क्रीन अल्लू अर्जुन पर मेहरबान है। फिल्म के निर्देशक सुकुमार कहते भी हैं, ‘अल्लू अर्जुन ने उत्तर भारत में अपना एक अलग दर्शक वर्ग बनाया है। और, ये दर्शक वर्ग उनकी हिंदी में डब होकर सैटेलाइट पर प्रसारित होने वाली फिल्मों के अलावा यूट्यूब पर मौजूद उनकी डब फिल्मों के जरिये भी बना है। इसी के चलते पहली बार अल्लू अर्जुन को बड़े परदे पर देखने का मोह उनके फैंस को भारी संख्या में सिनेमाघरों तक ले आया है।’
और, अल्लू अर्जुन की हिंदी में डब होकर रिलीज हुई फिल्म ‘पुष्पा पार्ट 1’ ने सोमवार की कमाई में हिंदी के बड़े बड़े सितारों को मात दे दी है। यही असली ‘मंडे टेस्ट’ है। राजकुमार राव और जान्हवी कपूर स्टारर फिल्म ‘रूही’ ने इस साल पहले सोमवार को 1.25 करोड़ रुपये, आयुष्मान खुराना और वाणी कपूर स्टारर फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ ने 1.85 करोड़ रुपये, अक्षय कुमार और वाणी कपूर स्टारर ‘बेल बॉटम’ ने 2 करोड़ रुपये, अहान शेट्टी और तारा सुतारिया स्टारर फिल्म ‘तड़प’ ने 2.25 करोड़ रुपये और सलमान खान व आयुष शर्मा स्टारर फिल्म ‘अंतिम’ ने तीन करोड़ रुपये कमाए।
पहले सोमवार के हिसाब से अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा पार्ट 1’ हिंदी के तमाम बड़बोले सितारों की फिल्मों पर भारी पड़ी है। उधर, ‘स्पाइडरमैन नो वे होम’ का भी शानदार प्रदर्शन बॉक्स ऑफिस पर जारी है। फिल्म ने ने सौ करोड़ की कमाई का आंकड़ा तो रविवार को ही पार कर लियाथ। सोमवार को इसमें 12.10 करोड़ की नेट कमाई का आंकड़ा जोड़कर ये फिल्म रिलीज के पहले पांच दिनों में ही 120.47 करोड़ रुपये कमा चुकी है।