बाहों में भरकर चांद और तारे
मशहूर गीतकार संतोष आनंद अधिकतर मनोज कुमार की बनाई फिल्मों के लिए ही गीत लिखते रहे हैं। वह अपने गीतों का सही मोल न वसूल पाने के चलते अपनी पत्नी की झिड़कियां भी सुनते रहे हैं। लेकिन, फिल्म ‘शोर’ के गाने ‘इक प्यार का नगमा है..’ में लिखी उनकी लाइन ‘दो पल के जीवन से एक उम्र चुरानी है, जिंदगी और कुछ भी नहीं तेरी मेरी कहानी है’ पति-पत्नी के रिश्तों के प्रेम का ऐसा संबल है जिसे हर जोड़ा अपने जीवन में अपनाना ही चाहेगा। फिल्म ‘शोर’ साल 1972 में रिलीज हुई। इसके नौ साल बाद रिलीज हुई फिल्म ‘प्यासा सावन’ में संतोष आनंद ने ही लिखी वे पंक्तियां जो मैंने आज के बाइस्कोप की शुरुआत में लिखी हैं। इस गीत की एक खासियत और है। इसे गाया है एक कम नामचीन गायक कमलेश अवस्थी ने। कमलेश अवस्थी ने फिल्म ‘नसीब’ और ‘गोपीचंद जासूस’ में मशहूर गायक मुकेश की तरह पार्श्वगायन करने की कोशिशें कीं। मुकेश तो खैर मुकेश ही ठहरे हालांकि गायिकी में हाथ उन्होंने भी के एल सहगल की तरह गाकर ही पहले पहल आजमाया था। तो फिल्म ‘प्यासा सावन’ पर आज का बाइस्कोप शुरू करते हैं कमलेश अवस्थी के गाए इस बेहद सुरीले गाने से, ये गाना फिल्म में लता मंगेशकर ने भी गाया है। लेकिन पहले सुन लेते हैं, अवस्थी जी को...
पढ़ें: बाइस्कोप: जब जॉन की हेयरस्टाइल का जमाना हुआ दीवाना और अभिषेक ने रिमी सेन के साथ की ‘डर्टी डांसिंग’
बाइस्कोप: रेखा की नाक के नीचे से मौसमी ले उड़ीं ये रोल, समझिए क्यों जरूरी है बीवी को समय देते रहना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाई हो तो ऐसा
फिल्म ‘प्यासा सावन’ 28 अगस्त 1981 को रिलीज हुई जिसके निर्माता थे मशहूर अभिनेता जीतेंद्र के भाई प्रसन्न कपूर। प्रसन्न कपूर अपने भाई जीतेंद्र की फिल्म ‘हमजोली’ से प्रोड्यूसर बने। फिल्म सुपरहिट रही। इसके बाद उन्होंने जीतेंद्र को अलग अलग हीरोइनों के साथ लेकर आठ फिल्में और बनाईं। गुलजार को निर्देशक लेकर उन्होंने जीतेंद्र और हेमा मालिनी की चर्चित फिल्म ‘खुशबू’ भी बनाई। 1959 में रिलीज हुई फिल्म ‘नवरंग’ से अपना करियर शुरू करने वाले जीतेंद्र ने दक्षिण भारत की दर्जनों फिल्मों के हिंदी रीमेक में काम किया है। उनको हिंदी सिनेमा में स्टार का दर्जा दिलाने वाली फिल्म ‘फर्ज’ एक तेलुगू फिल्म ‘गुदाचारी 116’ का ही रीमेक थी। और, यहीं से जीतेंद्र को समझ आ गया कि बजाय कहानियों को लेकर बहुत ज्यादा प्रयोग करने से दक्षिण भारत की हिट फिल्मों के हिंदी रीमेक में काम करना ज्यादा सुरक्षित रास्ता है, हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में लंबी पारी खेलने का। 1959 में बतौर हीरो काम शुरू करने वाले जीतेंद्र बतौर अभिनेता करीब 50 साल तक सक्रिय रहे। जीतेंद्र के करियर में साल 1981 से लेकर साल 1985 तक का कालखंड बहुत अहम माना जाता है, इस समयावधि में उन्होंने रेखा, मौसमी चटर्जी, रीना रॉय आदि के साथ ऐसी तमाम फिल्में की जिन्होंने उन्हें एक घरेलू सुपरस्टार के रूप में स्थापित कर दिया।
पढ़ें: बाइस्कोप: पहली ही फिल्म में सलमान का इस बात को लेकर हो गया पंगा, हीरोइन ने इंडस्ट्री ही छोड़ दी
दासरी का फिल्ममेकिंग रिकॉर्ड
फिल्म ‘प्यासा सावन’ जीतेंद्र के स्वर्णिम दौर की फिल्म है। फिल्म के निर्देशक दासरी नारायण राव ने मुख्य रूप से तेलुगू फिल्में ही निर्देशित कीं लेकिन तमिल, कन्नड़ और हिंदी में भी उनकी निर्देशित फिल्मों की संख्या अच्छी खासी है। हिंदी में उन्होंने अधिकतर फिल्में जीतेंद्र के साथ ही बनाईं। राजेश खन्ना को लेकर उन्होंने चर्चित फिल्म ‘आज का एमएलए रामवतार’ बनाई थी। रजनीकांत को लेकर दासरी नारायण राव ने एक हिंदी फिल्म बनाई थी ‘वफादार’ जिसमें हीरोइन थीं पद्मिनी कोल्हापुरे और विजयेता पंडित। ये जानकारी शायद आपको दिलचस्प लगे कि देश में सबसे ज्यादा फिल्में निर्देशित करने का रिकॉर्ड भी दासरी नारायण राव के पास ही है। उन्होंने अपने जीवन में कुल 140 फिल्मों का निर्देशन किया। साल 2006 में वह राज्य सभा के लिए चुने गए और केंद्र में कोयला राज्य मंत्री का पद संभाला। उनके खिलाफ कोयला घोटाले में सीबीआई ने एफआईआर भी दाखिल की थी। दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने वाले दासरी नारायण राव का सिनेमा जीवन संघर्षों के विभिन्न आयाम दिखाने वाला सिनेमा रहा और इसने मोटे तौर पर ये स्थापित करने की कोशिश की कि मेहनत करने वालों की हार नहीं होती।
पढ़ें: बाइस्कोप: मोहम्मद रफी को इस फिल्म के लिए मिला इकलौता नेशनल अवार्ड, ऋषि और जीनत की फिर नहीं बनी जोड़ी
मौसमी चटर्जी वाला रोल रेखा को भाया
जीतेंद्र, मौसमी चटर्जी और रीना रॉय को लेकर बनी फिल्म ‘प्यासा सावन’ जिस साल 1981 में रिलीज हुई, वह साल हिंदी सिनेमा का संक्रमण काल माना जाता है। इस साल दर्शकों ने कमल हासन व रति अग्निहोत्री की फिल्म ‘एक दूजे के लिए’, संजय दत्त की फिल्म ‘रॉकी’ और कुमार गौरव व विजेयता पंडित की फिल्म ‘लव स्टोरी’ को भी हिट कराया और साथ ही हिट कराया मनोज कुमार की ‘क्रांति’ और अमिताभ बच्चन की फिल्मों ‘नसीब’, ‘लावारिस’, ‘कालिया’, ‘याराना’ को। इन फिल्मों के साथ साथ जीतेंद्र की फिल्में ‘मेरी आवाज सुनो’, ‘एक ही भूल’ और ‘प्यासा सावन’ भी हिट रहीं। इस फिल्म में मौसमी चटर्जी वाला रोल करने के लिए रेखा ने खूब पापड़ बेले। जीतेंद्र पर डोरे डाले लेकिन फिल्म के निर्देशक दासरी नारायण राव ने उन्हें जो रोल ऑफर किया वह था इस किरदार के बेटे की प्रेमिका वाला रोल। फिल्म में जीतेंद्र का डबल रोल है। और, रेखा ने बहुत कोशिश की कि वह सीनियर जीतेंद्र की पत्नी वाला रोल किसी तरह पा सकें। लेकिन, नारायण राव जुबान के पक्के इंसान माने जाते थे और उन्होंने मौसमी को दिया वादा तोड़ने से इंकार कर दिया। इंकार रेखा ने भी इसके बाद कर दिया ये फिल्म करने से और तब इस रोल के लिए मौका मिला रीना रॉय को। रीना रॉय के करियर में ‘प्यासा सावन’ को एक बेहद अहम फिल्म माना जाता है। फिल्म ‘प्यासा सालन’ सुपरहिट तेलुगू फिल्म ‘येदांतस्थुला मेदा’ की रीमेक है।
पढ़ें: बाइस्कोप: अमिताभ को इस फिल्म में लगा शत्रुघ्न सिन्हा की शोहरत से डर, लता मंगेशकर को देनी पड़ी धमकी
तेरा साथ है तो मुझे क्या कमी है
फिल्म ‘प्यासा सावन’ में किशोर कुमार ने आशा भोसले के साथ एक बहुत ही हल्का फुल्का गाना ‘ओ मेरी छम्मक छल्लो’ भी गाया है। लता मंगेशकर की डिस्कोग्राफी में फिल्म ‘प्यासा सावन’ का अहम स्थान इसलिए है कि उन्होंने फिल्म में गुरबत के दिनों में पत्नी के अपने पति को हौसला देने वाले गाना ‘तेरा साथ है तो मुझे क्या कमी है..’ को शानदार तरीके से गाया है। इस गाने का फिल्म को हिट कराने में बहुत बड़ा योगदान रहा। पति पत्नी के बीच प्रेम का सेतु बनाने वाला गाना ‘तेरा साथ है तो मुझे क्या कमी है’ आप बाइस्कोप की शुरूआत में सुन ही चुके हैं। वह गाना था कमलेश अवस्थी की आवाज में, अब यही गीत सुनिए नए अंतरों के साथ लता मंगेशकर की आवाज में।
पढ़ें: संडे बाइस्कोप: इन फिल्मों से समझिए जीवन का असली फलसफा, हैपी एंडिंग के लिए मेहनत पर भरोसा जरूरी