हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार अभिनेता राजेश खन्ना को रोमांस में नंबर वन माना जाता था। उन्होंने अपने समय की लगभग हर बेहतरीन अभिनेत्री के साथ पर्दे पर रोमांस किया है। हेमा मालिनी, टीना मुनीम और शर्मिला टैगोर जैसी अभिनेत्रियों के साथ तो उनकी जोड़ी इतनी अच्छी जमी कि दर्शक उन्हें पर्दे पर एक साथ बार-बार देखने के लिए बेकरार रहते थे। आज हम आपको राजेश खन्ना की उन्हीं अभिनेत्रियों के साथ कुछ खास जोड़ियों के बारे में बताएंगे जिनके लिए राजेश खन्ना के प्रशंसक पागल थे और इनमें से एक हीरोइन ऐसी भी है जिसके साथ राजेश खन्ना की फिल्म कभी फ्लॉप नहीं हुई।
ये है राजेश खन्ना का हीरोइनों के साथ स्कोर कार्ड, इस हीरोइन के साथ जब भी बनी जोड़ी फिल्म रही सुपरहिट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हेमा मालिनी
राजेश खन्ना ने अपने फिल्मी करियर में हेमा मालिनी के साथ 15 फिल्मों में काम किया। जिसमें से 10 फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हुईं। 15 फिल्मों में से कुदरत, प्रेम नगर, हम दोनों, राजपूत, बंदिश, महबूबा, पलकों की छांव में, दर्द, अंदाज, बाबू, दुर्गा, सीतापुर की गीता और पाप का अंत मुख्य हैं। इन दोनों की पहली फिल्म 'प्रेम नगर' रही। हालांकि, इससे पहले फिल्म 'अंदाज' में राजेश ने स्पेशल अपीयरेंस किया था जिसमें वह हेमा मालिनी के साथ ही नजर आए थे। वहां लोगों को राजेश और हेमा की जोड़ी इतनी अच्छी लगी कि इस जोड़ी को निर्माता लगातार अपनी फिल्मों में जगह देते रहे।
टीना मुनीम
सुपरस्टार राजेश खन्ना और अभिनेत्री टीना मुनीम की जोड़ी भी सबसे ज्यादा चर्चाओं में रहने वाली जोड़ी रही। राजेश और टीना ने एक साथ 11 फिल्मों फिफ्टी फिफ्टी, सुराग, राजपूत, सौतन, पापी पेट का सवाल, बाएं हाथ का खेल, बेवफाई, आखिर क्यों, अलग अलग, इंसाफ मैं करूंगा और अधिकार में काम किया जिसमें से आठ फिल्मों में राजेश और टीना रोमांस करते हुए नजर आए। इन आठ फिल्मों में से छह फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। हालांकि एक फिल्म इनमें से रिलीज ही नहीं हो पाई। कहते हैं पर्दे के अलावा राजेश और टीना के बीच में असल जिंदगी में भी एक रिश्ता बन गया था जिससे राजेश के निजी जीवन में दरार आ गई थी।
शर्मिला टैगोर
राजेश खन्ना ने बेशक दूसरी अभिनेत्रियों के साथ में शर्मिला से ज्यादा फिल्में की हैं लेकिन जितनी यादगार इन दोनों की जोड़ी रही है, उतनी शायद ही किसी के साथ रही हो। इन दोनों ने एक साथ 10 फिल्में की हैं जिसमें से सात फिल्में दर्शकों और समीक्षकों दोनों से खूब सराही गई है। ये 10 फिल्में आराधना, अमर प्रेम, अविष्कार, त्याग, छोटी बहू, सफर, राजा रानी, बदनाम फरिश्ते, दाग और मालिक हैं। राजेश और शर्मिला की पहली फिल्म 'आराधना' रही। आराधना से ही राजेश खन्ना की कतार से हिट होने वाली 15 फिल्मों की कड़ी शुरू होती है।
रेखा
भले रेखा की जोड़ी अमिताभ बच्चन के साथ लोगों ने सबसे ज्यादा पसंद की हो लेकिन राजेश खन्ना ने भी उनके साथ करीब 10 फिल्मों में काम किया है जिसमें से छह फिल्मों में वह एक दूसरे के साथ रोमांस करते हुए नजर आए। इन फिल्मों में आशा ज्योति, प्रेम बंधन, अगर तुम ना होते, भोला भाला, निशान, आंचल और नमक हराम मुख्य हैं। इन दोनों की फिल्म 'नमक हराम' में रेखा और राजेश के साथ अमिताभ बच्चन भी मुख्य भूमिका में हैं। अमिताभ बच्चन का नाम उस समय इतना बड़ा नहीं था इसलिए रेखा की जोड़ी राजेश खन्ना के साथ बनाई गई थी। जबकि अमिताभ बच्चन की जोड़ी बनाने के लिए सिमी गरेवाल थीं।