साल 2020 की 29 और 30 अप्रैल सिनेमा के इतिहास में कभी न भूलने वाली तारीखों में से एक हो गई हैं। 29 अप्रैल को जहां इरफान खान ने दुनिया को अलविदा कहा तो वहीं 30 अप्रैल को ऋषि कपूर का निधन हो गया। दो दिन में सिनेमा के दो दीपक हमेशा के लिए बुझ गए। ऋषि और इरफान न सिर्फ कमाल के अभिनय का हुनर रखते थे बल्कि अपनी बेबाकी और सादगी से भी सबका दिल जीत लेते थे। वैसे दोनों के जीवन में काफी समानताएं भी देखने को मिली, जिन्हें इत्तेफाक भी कहा जा सकता है।
ऋषि कपूर और इरफान खान के निधन से सिनेमा को लगा दोहरा झटका, दोनों अभिनेताओं के बीच थीं ये समानताएं
कैंसर
ऋषि कपूर और इरफान खान, दोनों ने ही अपने जीवन में कैंसर से जंग लड़ी। एक तरफ जहां ऋषि कपूर लंबे वक्त तक न्यूयॉर्क में कैंसर का इलाज करवाते रहे तो वहीं दूसरी ओर लंदन में इरफान खान को भी अपनों से दूर रहकर इलाज करवाना पड़ा।
मां को नहीं कह पाए अलविदा
इरफान खान के निधन से चार दिन पहले ही उनकी मां सईदा बेगम ने इस दुनिया को अलविदा कहा था। नाजुक तबीयत और लॉकडाउन के चलते इरफान खान अपनी मां का अंतिम दीदार भी नहीं कर पाए। वहीं, ऋषि कपूर के साथ भी ऐसा ही एक वाकया हुआ था, जब वो भी अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। याद दिला दें कि जब ऋषि कपूर की मां का निधन हुआ था तब अभिनेता कैंसर का इलाज करवा रहे थे।
सोशल मीडिया पर रहे सक्रिय
बता दें कि ऋषि कपूर और इरफान खान, दोनों ही अपने अंतिम दिनों में सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे थे। ऋषि कपूर ने निधन के 28 दिन पहले कोरोना वायरस को लेकर ट्वीट किया था और कोरोना वॉरियर्स पर हमला करने वालों पर नाराजगी जाहिर की थी। वहीं दूसरी ओर इरफान खान ने निधन के 17 दिन पहले ट्वीट में लिखा था कि कि चंपक (फिल्म का किरदार) की मनोस्थिति इस समय कुछ ऐसी है कि दिल में बहुत प्यार है और दिखाना चाहते हैं।
कैंसर से लड़ते हुए भी फिल्मों में किया काम
इरफान खान और ऋषि कपूर ने कैंसर से जंग लड़ते हुए भी फिल्मों में काम किया था। जहां इरफान खान की आखिरी फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' उनकी मौत से करीब दो महीने पहले ही रिलीज हुई थी, तो वहीं ऋषि कपूर की आखिरी फिल्म 'द बॉडी' थी जो दिसंबर 2019 में रिलीज हुई थी।
कमेंट
कमेंट X