बिना धूम-धड़ाके के अभिनेता से निर्माता-निर्देशक बने आर माधवन की फिल्म 'रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट' इन दिनों सिनेमाघरों में धूम मचा रही है। उनकी फिल्म का जादू दर्शकों के दिलों-दिमाग पर काम कर रहा है, तभी तो समीक्षकों के साथ-साथ यह फिल्म दर्शकों को भी काफी पसंद आ रही है। हर कोई इस फिल्म की कहानी के साथ ही माधवन की एक्टिंग की भी खूब तारीफ कर रहा है। यह फिल्म इसरो के पूर्व वैज्ञानिक नांबी नारायणन के जीवन को दिखाती है। दर्शकों के दिल को छूती इस कहानी से लोग बहुत इंस्पायर हो रहे हैं, लेकिन कुछ ऐसे हैं जो इसे देखने सिनेमाघर नहीं जा पा रहे हैं। ऐसे दर्शक ओटीटी पर फिल्म के रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में हम आपको हमारे इस आर्टिकल में आज फिल्म की ओटीटी रिलीज के बारे में बताने जा रहे हैं।
Rocketry The Nambi Effect: खोज और जज्बे की कहानी है 'रॉकेट्री', जानिए ओटीटी पर कब और देख सकेंगे आर माधवन की फिल्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किस पर आधारित है 'रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट'?
बीते छह साल में दूसरी फिल्म लेकर आए आर. माधवन की 'रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट' जासूसी के झूठे आरोपों में गिरफ्तार हुए अंतरिक्ष वैज्ञानिक नांबी नारायणन की कहानी पर आधारित है। दो भागों में बटी इस फिल्म में जहां पहले भाग में नांबी नारायणन की उपलब्धियों और स्पेस विज्ञान में उनके योगदान को दर्शाया गया है। वहीं, दूसरे पार्ट में उनके साथ हुए अत्याचार और अन्याय की लड़ाई को दिखाया गया है। पुलिस हिरासत में उनका थर्ड डिग्री टार्चर भी किया गया। बताया जाता है कि नांबी नारायण की अंतरिक्ष विज्ञान में की गई महत्वपूर्ण खोजों पर आगे का काम रोकने के लिए ऐसा विदेशी शक्तियों के इशारे पर किया गया था। यह फिल्म उनके जीवन के संघर्ष को बेहतरीन तरीके से पर्दे पर उतारने का काम करती है।
इस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर होगी रिलीज
समीक्षकों के साथ-साथ दर्शकों और सेलेब्स की वाह-वाही लूटने वाली यह फिल्म कथित तौर पर 15 अगस्त के बाद ही 'अमेजन प्राइम वीडियो' पर रिलीज की जा सकती है। लेकिन, अभी इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। यह फिल्म रॉकेट साइंस जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे से संबंधित है, जो हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए भी एक बड़ी सीख साबित हो सकती है। धीमी शुरुआत के बावजूद यह फिल्म अब बॉक्स-ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। इस फिल्म की खास बात यह है कि निर्देशन के अलावा माधवन ने फिल्म की स्क्रिप्ट भी लिखी है।
ये है फिल्म की स्टारकास्ट
'रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट' में आर माधवन मुख्य भूमिका में हैं। लेकिन, उनके अलावा इस फिल्म में शाहरुख खान और साउथ के अभिनेता सूर्या भी अहम भूमिका में नजर आने वाले हैं। दिलचस्प बात ये है कि फिल्म में शाहरुख खान इंटरव्यूअर की भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं। यह फिल्म हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, कन्नड़, तेलुगू और मलयालम में भी रिलीज की गई है।