MX Player की बहुप्रतीक्षित वेबसीरीज ‘रनअवे लुगाई’ अब दर्शकों के बीच उपलब्ध है। दर्शक इसे MX Player पर देख सकते हैं। मशहूर कलाकारों से सजी इस सीरीज के ट्रेलर को दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया गया। यह एक युवा दंपत्ति रजनीकांत सिन्हा उर्फ रजनी व बुलबुल की कहानी है। रजनी के पिता एक विधायक हैं। इस सीरीज में मुख्य भूमिका में हैं संजय मिश्रा, नवीन कस्तूरिया, रूही सिंह, व रवि किशन। इस सीरीज के बारे में हमारी बात हुई जाने माने अभिनेता संजय मिश्रा से। आइए जानते हैं कि उन्होंने हमसे क्या कहा-
इंटरव्यू: दर्शक सिर्फ हीरो-हीरोइन की कहानी नहीं किरदारों को भी देखना चाहते हैं- संजय मिश्रा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सवाल- संजय जी अपने किरदार के बारे में हमें बताइए, यह आपके बाकी के किरदारों से कैसे अलग है?
जवाब- इस सीरीज में मैंने एक डॉमिनेंट फादर का रोल निभाया है। एक ऐसा बाप जो अपनी महात्वाकांक्षा जो कि एक मंत्री बनने की है, के लिए कुछ भी कर सकता है। इसलिए वो अपने बेटे की पोस्टिंग ऐसी जगह कराता है जहां से उसे राजनीतिक लाभ हो सके। यह किरदार अभी तक मेरे द्वारा निभाए गए बाकि किरदारों से काफी अलग है। मैंने इससे पहले डॉमिनेंट फादर का किरदार 'दम लगा के हईशा' में निभाया है हालांकि वो इतना महात्वाकांक्षी नहीं था। तो ये मेरे लिए एक अलग ही तरह का किरदार है।
सवाल- आपने इस रोल की तैयारी के लिए क्या किया?
जवाब- यह कहानी बिहार पर आधारित है। मैं वहां का विधायक बना हुआ हूं, चूंकि मेरी परवरिश वहीं की है ऐसे में मुझे बहुत तैयारी नहीं करनी पड़ी। मैं वहां के राजनीतिक परिवेश को समझता था, वहां की भाषा मुझे आती है। साथ ही मैं खुद को डायरेक्टर्स एक्टर मानता हूं। जो मेरे डायरेक्टर बोलते हैं उसी में मैं कुछ नया निकालने की कोशिश करता हूं।
सवाल- नवीन कस्तूरिया व रूही सिंह जैसे युवा कलाकारों के साथ काम करने का आपका अनुभव कैसा रहा?
जवाब- दोनों कलाकार नवीन व रूही मेरा काफी सम्मान करते हैं। नवीन एक मंझा हुआ कलाकार है, वो नया नहीं है, मैं पहले भी उसके साथ काम कर चुका हूं। तो वहीं रूही के साथ यह मेरा पहला अनुभव है। नए लोगों के साथ काम करने में मुझे बहुत मजा आया।
सवाल- आप पिछले तीन दशकों से इंडस्ट्री में हैं, ऐसे में इंडस्ट्री की कॉमेडी कितनी बदली है?
जवाब- अब डार्क ह्यूमर जैसी चीजें भी आ रही हैं, डार्क ह्यूमर या ब्लैक ह्यूमर को भी दर्शकों द्वारा पसंद किया जा रहा है। बीच में सिर्फ किरदार पर हंसा जाता था। अब उसकी बातों, उसकी सिचुएशन पर भी कॉमेडी होती है। जैसे मैंने धमाल व गोलमाल जैसी फिल्में भी की हैं, तो वहीं मैंने आंखों देखी भी की है। तो मुझे दोनों तरह के दर्शक मिलते हैं। तो कॉमेडी में ढेरों बदलाव आए हैं क्योंकि दर्शक भी बदले हैं। अब दर्शक सिर्फ हीरो हीरोइन की दुनिया नहीं बल्कि आम लोगों की कहानी भी देखना चाहते हैं।