फिल्म का एक डायलॉग किसी भी कलाकार को अमर बना देता है। शाहरुख खान को आज बॉलीवुड में कदम रखे 30 साल हो गए। उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्में की हैं। फिल्म 'डर' का डायलॉग 'क..क..क.. किरन' से उन्हें ज्यादा लोकप्रियता मिली। लेकिन क्या आपको पता है कि ये संवाद स्क्रिप्ट में था ही नहीं! आइए आपको बताते हैं इस डायलॉग से जुड़ा पूरा किस्सा।
30 Years of Shah Rukh Khan: 'क...क...क... किरन' के पीछे का अद्भुत किस्सा, पढ़कर आप भी हंसी नहीं रोक पाएंगे
ये तो सभी को पता है कि शाहरुख खान से पहले 'डर' का रोल आमिर खान को ऑफर हुआ था, लेकिन आमिर खान नेगेटिव किरदार नहीं निभाना चाहते थे, इसलिए उन्होंने फिल्म में काम नहीं किया तो यह फिल्म शाहरुख खान को ऑफर हुई। जब 'डर' को लेकर यश चोपड़ा ने शाहरुख खान को स्टोरी सुनाई और 'क..क..क.. किरन' वाला डायलॉग बताया तो शाहरुख खान इस डायलॉग से बहुत इम्प्रेस हुए। उसके बाद आदित्य चोपड़ा ने भी जब शाहरुख खान से स्क्रिप्ट पर चर्चा की तो आदित्य चोपड़ा ने भी 'क...क...क... किरन' वाले डायलॉग पर जोर दिया जिससे शाहरुख को लगा कि यह फिल्म का एक महत्वपूर्ण पार्ट है और इस पर उन्हें अलग से मेहनत करनी पड़ेगी।
जब फिल्म की शूटिंग शुरू हुई और शाहरुख खान ने सेट पर 'क...क...क...किरन' बोला तो यश चोपड़ा और आदित्य चोपड़ा बहुत खुश हुए उन्हें लगा कि शाहरुख खान ने इस डायलॉग को क्या क्रिएट किया है! शाहरुख खान को लगा कि इसमें मैंने ऐसा क्या कर दिया कि यशजी और आदि इतने खुश हो गए। मैंने तो डायलॉग वैसा ही बोला है जैसे उन्होंने बताया बताया था। शाहरुख खान ने जैसे ही बोलना चाहा कि आपने ही तो ऐसा बोला था बोलने के लिए, तभी पीछे से उन्हें किसी ने रोक दिया। शाहरुख खान का सेंस ऑफ ह्यूमर बहुत तेज है। वह समझ गए कि जरूर इसके पीछे कोई बात है। उस समय शाहरुख खान, यश चोपड़ा और आदित्य चोपड़ा को धन्यवाद देकर अपने वैनिटी वैन में चले गए।
शाहरुख खान बहुत उतावले हो रहे थे उन्होंने अपने ब्यॉय को उस शख्स को बुलाने के लिए भेजा और उस शख्स ने जो किस्सा बताया उसे सुनकर शाहरुख खान हंसते हंसते लोट पोट हो गए। उसने बताया कि बाप-बेटे दोनों 'क' शब्द पर हकलाते हैं। इसीलिए जब यश चोपड़ा ने किरन वाले डायलॉग के बारे में बताया तो यश चोपड़ा 'क' शब्द पर अटक गए और क... क.. क... किरन बोलने लगे। आदित्य चोपड़ा ने भी जब स्क्रिप्ट सुनाई तो उन्होंने भी ऐसा ही बोला जिसकी वजह से शाहरुख खान को लगा कि यह फिल्म का बहुत ही महत्वपूर्ण डायलॉग है इस लिए यश जी और आदि इस डायलॉग पर इतना जोर दे रहे हैं। शाहरुख खान ने डायलॉग उसी अंदाज में बोला और यह डायलॉग अमर हो गया।
शाहरुख खान ने कभी भी इस बात का जिक्र यश चोपड़ा और आदित्य चोपड़ा से नहीं किया। 'डर' के बाद यशराज फिल्म से शाहरुख खान की ऐसी ट्यूनिंग हो गई कि शाहरुख खान बहुत जल्द फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा नाम बन गए। शाहरुख को सुपरस्टार बनाने का श्रेय यशराज कैम्प को ही जाता है। शाहरुख अगर बॉलीवुड में रोमांस के बादशाह बने हैं तो इसका श्रेय यशराज की फिल्मों को ही जाता है। शाहरुख खान के 30 साल के फिल्मी करियर में से अगर यशराज की फिल्मों को निकाल दिया जाए तो आज शाहरुख खान की पोजीशन जो बॉलीवुड में हैं शायद वो नहीं होती। कैसे एक डायलॉग ने न सिर्फ उनकी जिंदगी बदल दी, बल्कि वह यशराज के पसंदीदा कलाकर बन गए, भारतीय सिनेमा इसका गवाह है।