फिल्म ‘जीरो’ से अपने सुपरस्टार वाले दौर के सबसे निचले बिंदु पर जा पहुंचे शाहरुख खान की अगली फिल्म ‘पठान’ यशराज फिल्म्स की जासूसी दुनिया का विस्तार करने जा रही है, ये बात अब सबको पता है। लेकिन, क्या आपको पता है कि जो डबल रोल वाली फिल्म शाहरुख इसके बाद साउथ के निर्देशक एटली के साथ पूरी करने वाले हैं, उसकी कहानी क्या है? क्या ये कहानी वाकई साउथ की फिल्म ‘थडम’ जैसी है जिसकी रीमेक को शाहरुख की फिल्म की कहानी से मिलने के चलते सिद्धार्थ मल्होत्रा ने करने से मना कर दिया था। शाहरुख खान की एटली निर्देशित फिल्म के निर्माण से जुड़े सूत्रों की मानें तो एटली ने अपनी इस फिल्म में बीते कुछ महीनों में भारी बदलाव कर दिए हैं। अब ये फिल्म कुछ कुछ ‘ओशंस 8’ और ‘चार्लीज एंजिल्स’ के कॉकटेल जैसी होने जा रही है। चलिए बताते हैं आपको ये पूरा किस्सा विस्तार से।
EXCLUSIVE: शाहरुख खान की एटली निर्देशित फिल्म की लीक हुई कहानी, पढ़िए क्या गुल खिलने वाले हैं
शाहरुख खान की बॉक्स ऑफिस पर जो वैल्यू इन दिनों है उसमें उनकी उन फिल्मों का बड़ा योगदान रहा है जिनके सेट पर फिल्मों के निर्देशक उन्हें ‘खान साहब’ कहकर बुलाते रहे। शाहरुख को अपने लिए ये उपनाम काफी प्रिय है और उनकी कोशिश रही है कि पूरी इंडस्ट्री उन्हें ‘खान साहब’ ही कहकर बुलाए। जिन निर्देशकों को बीते कुछ बरसों में शाहरुख के साथ फिल्में बनाने का मौका सिर्फ इतना भर करने से मिल गया, उन्होंने फिल्में कैसी बनाईं ये शाहरुख से बेहतर भला कौन जान सकता है।
लिहाजा अब शाहरुख खान की टीम को साफ निर्देश हैं कि उनके पास तक वही फिल्में पहुंचाई जाएं, जिनमें परदे पर वह शाहरुख खान नहीं बल्कि कहानी का किरदार लगें। जिस दौर में शाहरुख खान का अभिनय पहुंच गया है, उसमें ऐसा करना है तो बहुत मुश्किल लेकिन मनीष शर्मा फिल्म ‘पठान’ में और एटली अपनी अगली फिल्म में ऐसा करने की पूरी कोशिश में हैं। मनीष शर्मा की फिल्म की शूटिंग के लिए स्पेन जाने से पहले शाहरुख ने एटली की फिल्म की बोहनी पुणे में कर दी थी। अब वह वापस लौटेंगे तो इस फिल्म की शूटिंग पूरी करेंगे।
सूत्र बताते हैं कि एटली ने अपनी फिल्म की कहानी में काफी कुछ बदलाव भी हाल के दिनों में किए हैं। वह अपनी स्क्रिप्ट की बेहतरी के लिए शूटिंग के दिन तक मेहनत करते रहते हैं। इस दिन रात की मेहनत के बीच से जो खबर निकलकर बाहर आई है, उसके मुताबिक एटली की इस फिल्म में भारतीय सिनेमा की कुछ बेहद काबिल अभिनेत्रियों का जमघट लगने वाला है। ये कुछ कुछ वैसा ही होगा जैसा हॉलीवुड फिल्म ‘ओशंस 8’ में दिख चुका है। ये महिलाओं की खतरनाक टीम होगी। और, शाहरुख खान इस टीम को उनके अतीत का एक बदला पूरा करने में मदद करेंगे। ये पढ़कर अगर आपको श्रीदेवी की फिल्म ‘आर्मी’ याद आई या ममता कुलकर्णी की फिल्म ‘चाइनागेट’ ये तो आप जानें लेकिन शाहरुख खान का रोल इस फिल्म में ‘शोले’ के ठाकुर या फिर ‘चार्लीज एंजिल्स’ के चार्ली जैसा जान पड़ रहा है।
शाहरुख खान की एटली निर्देशित इस फिल्म के लिए हिंदी, तमिल, तेलुगू और दूसरी भाषाओं के सिनेमा की चर्चित अभिनेत्रियों को साइन करने का सिलसिला जारी है। इस फिल्म के लिए अब तक जिन अभिनेत्रियों को साइन किया जा चुका है, उनमें नयनतारा, प्रियामणि, सान्या मल्होत्रा आदि शामिल हैं। कातिल हसीनाओं का ये गैंग क्या लूटने वाला है, ये तो फिल्म की रिलीज के साथ ही पता चलेगा, लेकिन ये जरूर पता चल गया है कि इस फिल्म के लिए चुनी गईं ये हीरोइनें अपने इस रोल के लिए मेहनत बहुत दिल लगाकर कर रही हैं और इनकी ट्रेनिंग लगातार चल रही है।
