बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'शमशेरा' की वजह से सुख्यिों में हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ जिसे लोगों की खूब वाहवाही मिल रही है। ट्रेलर रिलीज के साथ ही इस फिल्म का प्रमोशन भी शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर भी इसका जमकर प्रचार किया जा रहा है। हालांकि फिल्म के लीड एक्टर सोशल मीडिया पर इसका प्रचार नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि वह किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आधिकारिक रूप से मौजूद नहीं हैं। इस बीच रणबीर ने इंस्टाग्राम पर अपने अकाउंट को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
Ranbir Kapoor: इंस्टाग्राम पर मौजूद है रणबीर का सीक्रेट अकाउंट! एक्टर ने सोशल मीडिया हैंडल को लेकर दिया बड़ा हिंट
रणबीर अपनी निजी जिंदगी को प्राइवेट रखना पसंद करते हैं। यही वजह है कि वह सोशल मीडिया पर ऑफिशियली मौजूद नहीं हैं। हालांकि हाल ही में रणबीर ने एक ऐसी बात बताई है जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। रणबीर ने एक फोटो शेयरिंग साइट से बातचीत के दौरान बताया कि उनका एक गुप्त इंस्टाग्राम अकाउंट है। उन्होंने बताया कि इस अकाउंट पर न ही फॉलोअर्स हैं और नहीं कि कोई पोस्ट है, वह इसका इस्तेमाल केवल अपडेट रहने के लिए करते हैं। बातचीत के दौरान रणबीर ने यह भी खुलासा किया कि वह आने वाले समय में अपने खाते को सार्वजनिक कर सकते हैं, लेकिन फिलहाल के लिए वह सोशल मीडिया से दूर ही हैं।
रणबीर कपूर इन दिनों अपने आगामी फिल्म 'शमशेरा' को हिट बनाने के लिए जमकर इस फिल्म का प्रचार कर रहे हैं। इसी वजह से वह लगातार इंटरव्यू दे रहे हैं। इस इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अपनी पहली तनख्वाह को लेकर भी राज खोले। एक्टर ने बताया कि उन्होंने अपनी पहली तनख्वाह अपनी मां के पैरों पर रखी थी। बता दें कि रणबीर ने 'प्रेम ग्रंथ' में सहायक के रूप में काम किया था जिसके लिए उन्हें 250 रुपये मिले थे। रणबीर ने खुलासा किया कि उनकी मां भावुक हो गईं और यह उनके लिए एक फिल्मी पल था।
'
फिल्म 'शमशेरा' का निर्देशन करण मल्होत्रा कर रहे हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर डबल रोल में नजर आएंगे। इस बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, 'जब मुझे फिल्म के बारे में बताया गया, डबल रोल की तरह कहानी नहीं सुनाई गई थी, लेकिन जब मैंने कहानी सुनी, तो आदित्य चोपड़ा और करण मल्होत्रा से कहा कि मुझे पिता की भी भूमिका निभाने दें। एक अभिनेता के रूप में इस रोल ने मुझे बहुत प्रभावित किया था। वे दो अनोखे किरदार थे और मेरे लिए दो विशिष्ट किरदार निभाना और उन्हें अलग बनाना बहुत चुनौतीपूर्ण और रोमांचक था। बता दें कि इस पीरियड एक्शन ड्रामा में संजय दत्त दरोगा शुद्ध सिंह के रूप में नजर आने वाले हैं। इसके अलावा वाणी कपूर फिल्म में लीडिंग लेडी के रूप में दिखेंगी। यह फिल्म 22 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह से तैयार है।