हिंदी सिनेमा के दर्शकों के बीच श्रद्धा कपूर की एक अलग ही छवि रही है। नंबर वन के मुकाबले से दूर वह सिर्फ अपने काम में मगन रहती हैं। मंगलवार को 33 साल की हो रहीं श्रद्धा की पहली फिल्म तीन पत्ती को रिलीज हुई 10 साल भी पिछले महीने पूरे हो गए। पूरे एक दशक की मेहनत में श्रद्धा ने अपने पिता शक्ति कपूर का नाम रोशन किया है, लेकिन कम लोग ही जानते होंगे कि पृथ्वीराज कपूर और सुरिंदर कपूर की तरह ही ये नया कपूर खानदान भी हिंदी फिल्म जगत में धीरे-धीरे अपनी जड़ें जमा चुका है। चलिए आपको समझाते हैं श्रद्धा कपूर की पूरी वंशावली।
श्रद्धा कपूर का यूं जुड़ा मंगेशकर परिवार से कनेक्शन, शक्ति-शिवांगी की बिटिया की देखिए जन्म कुंडली
-
- 1
-
Link Copied
शक्ति कपूर (पिता)
सुनील सिकंदरलाल कपूर के नाम से पैदा हुए शक्ति कपूर 80 और 90 के दशक में हिंदी सिनेमा के बेहतरीन कलाकार रहे हैं। इन्हें फिल्मों में नकारात्मक और कॉमिक किरदारों के लिए जाना जाता है। ये श्रद्धा कपूर के पिता हैं, और अपने पूरे करियर में 700 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। उन्हें शक्ति नाम मशहूर अभिनेता सुनील दत्त ने दिया था। परदे पर अपनी मौजूदगी से ही दहशत फैला देने वाला शक्ति कपूर को फिल्मफेयर पुरस्कारों में सिर्फ उनके कॉमेडी रोल्स के लिए ही नामांकन मिले। सुपरहिट फिल्मों मवाली, तोहफा, अंदाज अपना अपना, लोफर और जुडवा के लिए नामांकन पाने वाले शक्ति को फिल्म राजा बाबू के लिए फिल्मफेयर का बेस्ट कॉमेडियन अवार्ड मिला। फिल्म अंदाज अपना अपना का उनका किरदार क्राइम मास्टर गोगो हिंदी सिनेमा का कालजयी किरदार माना जाता है।
शिवांगी कपूर (मां)
शादी से पहले शिवांगी कपूर को शिवांगी कोल्हापुरे के नाम से जाना जाता था। ये शक्ति कपूर की अर्धांगिनी और श्रद्धा कपूर की मां है। शिवांगी ने शक्ति कपूर से शादी के बाद ही फिल्मों में काम करना छोड़ दिया था। उससे पहले भी उन्होंने कुछ ही फिल्मों में काम किया और कुछ बेहतरीन गाने भी गाए। शिवांगी कपूर ने अपनी दोनों संतानों की परवरिश बहुत मन लगाकर की है। आज भी श्रद्धा कपूर किसी बात को लेकर परेशान होती हैं, तो सबसे पहले अपनी मां को ही फोन लगाती हैं।
सिद्धांत कपूर (भाई)
जिस तरह शक्ति कपूर की बिटिया श्रद्धा कपूर ने बिना अपने पिता का सहारा लिए हिंदी सिनेमा में अपना खास मुकाम बनाया है। उसी तरह शक्ति कपूर का बेटा यानी श्रद्धा का भाई सिद्धांत भी हिंदी सिनेमा में अपनी जगह बनाने की कोशिश में हैं। श्रद्धा कपूर की फिल्म 'हसीना पार्कर' में दाऊद इब्राहिम का किरदार निभाने वाले कलाकार कोई और नहीं बल्कि सिद्धांत कपूर ही हैं। उन्होंने अपना करियर फिल्मों में सहायक निर्देशक बनकर शुरू किया था। बाद में उन्होंने अपना हाथ अभिनय में आजमाकर छोटे मोटे किरदार निभाना शुरू किया है। सलमान खान की सुपर हिट फिल्म जुडवा में सिद्धांत ने अपने पिता के बचपन का रोल किया था। भागमभाग, चुप चुपके और भूल भुलैया सरीखी फिल्मों में सहायक निर्देशक रहे सिद्धांत ने फिल्म शूट आउट एट वडाला से अभिनय की पारी शुरू की। श्रद्धा का एक चचेरा भाई प्रियांक शर्मा भी फिल्मों में बतौर अभिनेता सक्रिय है।
पद्मिनी और तेजस्विनी कोल्हापुरे (मौसियां)
कोल्हापुरे बहनों में शिवांगी के अलावा मशहूर अदाकारा पद्मिनी कोल्हापुरे और तेजस्विनी कोल्हापुरे भी शामिल हैं। श्रद्धा कपूर की ये मौसियां अपने समय की नामचीन हस्तियां रही हैं। पद्मिनी कोल्हापुरे तो एक समय पर हिंदी सिनेमा में नंबर वन की पोजीशन की दावेदार तक बन गईं थी। फिल्म इंसाफ का तराजू के लिए उन्होंने सबसे कम उम्र में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार जीता। फिल्म प्रेम रोग के लिए जब उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला तो पद्मिनी सिर्फ 17 साल की थीं। सबसे कम उम्र में ये पुरस्कार जीतने का रिकॉर्ड अब भी पद्मिनी के ही नाम है। उनकी शादी मशहूर फिल्म निर्माता प्रदीप शर्मा से हुई है।