हिंदी सिनेमा में ऐसी कई अभिनेत्रियां हैं, जो अपने बूते फिल्में हिट कराना जानती हैं। गुजरे जमाने में भी ऐसी कई अदाकारा रही हैं। आज हम जिनके बारे में बात करने जा रहे हैं, उन्होंने ना सिर्फ अपने दम पर फिल्मों की नैया पार लगा दी। बल्कि उनके बोल्ड अवतार और फिल्मों में उनके अभिनय को देखते हुए लोगों ने उन्हें एक अलग नाम दे दिया था। आज हम बात कर रहे हैं अभिनेत्री विजयलक्ष्मी के बारे में। अब आप सोच रहे होंगे कि ये अदाकारा कौन थीं। तो आपने सिल्क स्मिता का नाम जरूर सुना होगा। विजयलक्ष्मी को लोग सिल्क स्मिता कहने लगे थे। अगर आप अब भी इस नाम से अपरिचित है तो फिल्म 'डर्टी पिक्चर' में अभिनेत्री विद्या बालन ने जिसका किरदार निभाया था, हम उनकी ही बात कर रहे हैं और वो थीं सिल्क स्मिता।
दर्दनाक: इस हसीना ने चार साल में की थीं 200 से ज्यादा फिल्में, मौत से हो गए थे लोग हैरान
छोड़नी पड़ी पढ़ाई
सिल्क का जन्म एक गरीब तेलुगू परिवार में हुआ था। उनकी मां और पिता काम करके किसी तरह अपना और अपने बच्चों का भरण पोषण करते थे। थोड़ी बड़ी होने पर एक सरकारी स्कूल में सिल्क का दाखिला करवाया गया ताकि वह पढ़ लिखकर कुछ किताबी ज्ञान और दुनियादारी सीखें। लेकिन, चौथी कक्षा में ही सिल्क को स्कूल छोड़ना पड़ा। सिल्क के माता पिता इतना पैसा अर्जित न कर सके जिससे वह सिल्क को पढ़ा सकें। लौट कर सिल्क को घर का चूल्हा चौका ही संभालना पड़ा। उस समय सिल्क मात्र 10 साल की ही थीं।
जल्दी हो गई शादी
सिल्क उम्र में तो छोटी ही थीं लेकिन वह दिखने में बड़ी लगने लगी थीं। माता पिता को सिल्क एक जवान लड़की लगने लगीं तो उन्होंने उनकी शादी करने की ठानी। और बहुत ही कम उम्र में सिल्क का ब्याह एक मजदूर से कर दिया गया। इस तरह माता पिता ने अपने सिर से बोझ हल्का किया।
ससुराल छोड़कर भाग गई चेन्नई
जिस घर में सिल्क शादी करके पहुंचीं, वहां भी उनके साथ बहुत अच्छा व्यवहार नहीं होता था। पति एक नंबर का शराबी था। शराब पीकर वह सिल्क को पीटता था और उसकी गलतियों की गालियां उसके परिवार वाले सिल्क को ही सुनाते थे। आलम ये था कि कभी कभी तो उनके देवर और ननद भी उन्हें पीट देते थे। इसलिए वह अपने घर को संभाल न सकीं और सिल्क घर छोड़कर भाग गईं और सीधे चेन्नई पहुंच गईं।
अभिनेत्री के घर पर नौकरानी का किया काम
चेन्नई पहुंचकर सिल्क ने दक्षिण भारतीय फिल्मों की एक अभिनेत्री के यहां नौकरानी का काम करना शुरू किया। सिल्क बचपन से ही फिल्में देखने की बहुत शौकीन थीं। उन्हें जब भी फिल्म देखने का मौका मिलता तो वह अपनी दुनिया को छोड़कर उस फिल्मी दुनिया में ही कहीं खो जातीं। इस अभिनेत्री के घर एक नौकरानी के रूप में काम करने का मौका सिल्क ने इसलिए नहीं छोड़ा क्योंकि उनकी भी इच्छा कुछ ऐसा ही करने की थी।
