100 साल से भी ज्यादा के हिंदी सिनेमा में समय-समय पर पुलिस के किरदारों में अलग-अलग अभिनेताओं को रौब झाड़ते हुए देखा गया है।धर्मेंद्र, शशि कपूर, अमिताभ बच्चन, जैकी श्रॉफ, सनी देओल, अनिल कपूर, संजय दत्त, गोविंदा और नई पीढ़ी में सलमान खान, अजय देवगन, अक्षय कुमार और आखिर में रणवीर सिंह ऐसे अभिनेता हैं, जिन्होंने बड़े परदे पर पुलिस के अनुभव को जिया है। हिंदी सिनेमा में एक दौर वो भी आया जब अभिनेत्रियां भी पुलिस के किरदार में नजर आईं। इनमें हेमा मालिनी, डिंपल कपाड़िया, रेखा, माधुरी दीक्षित और आज के दौर में रानी मुखर्जी, तब्बू और प्रियंका चोपड़ा को खाकी वर्दी में देखा गया। आइए जानते हैं आखिर कैसे और कितना बदला बॉलीवुड में पुलिस का चेहरा।
'जंजीर' से 'सिम्बा' तक ऐसा रहा बॉलीवुड में पुलिस का चेहरा, इन दिग्गज कलाकारों ने निभाया शानदार रोल
बॉलीवुड के हीमैन कहे जाने वाले हरफनमौला एक्टर धर्मेंद्र ने अपने फिल्मी करियर में एक से एक हिट फिल्में दी। वह आज भी फिल्मों में नजर आते हैं।धर्मेंद्र ने वर्ष 1960 में अर्जुन हिंगोरानी की फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे से हिंदी सिनेमा में दस्तक दी थी। धर्मेंद्र को फिल्म जगत में 59 साल हो गए हैं। इस दौरान उन्होंने रोमांटिक, एक्शन, थ्रिलर और कॉमेडी किरदारों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। फिल्म 'प्रतिज्ञा' में उनके नकली पुलिस वाले किरदार को आज भी उनके फैन्स नहीं भूलते हैं।
अमिताभ बच्चन
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का ये डायलॉग तो आपको याद ही होगा 'जब तक बैठने को ना कहा जाए..शराफत से खड़े रहो, ये पुलिस स्टेशन है.. तुम्हारे बाप का घर नहीं।' सलीम-जावेद की जोड़ी ने लिखा ये डायलॉग अमिताभ को हिंदी सिनेमा में बड़ा स्टारडम हासिल करवा देगा इसका अंदाजा किसी को भी नहीं था। प्रकाश मेहरा की फिल्म जंजीर (1973) अमिताभ बच्चन के लिए उनके फिल्मी करियर में मील का पत्थर साबित हुई। इसके बाद भी अमिताभ को पुलिस के रोल में देखा जाता रहा है। बता दें कि धर्मेंद्र और शशि कपूर ने भी हिंदी सिनेमा में पुलिस के किरदार को जिया है, लेकिन जिस तरीके से बिग बी ने इस किरदार को बड़े परदे पर उतारा वह काबिले तारीफ है।
80 के दशक का पुलिस वाला किरदार
अमिताभ बच्चन के बाद बॉलीवुड में संजय दत्त, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ और गोविंदा ने भी कई फिल्मों में पुलिस के किरदार में हाथ आजमाया, लेकिन बिग बी का पुलिस किरदार में एंग्री लुक आज भी इन अभिनेताओं पर भारी पड़ता है। हिंदी सिनेमा में पहले पुलिस का सामना डाकू, डकैत, बड़े-बड़े फ्रॉड बिल्डर्स, बिजनेसमैन और गैंग्सटर से हुआ करता था और इसी तरह के कॉन्सेप्ट पर कई फिल्में भी निर्देशित की गई थीं, लेकिन धीरे-धीरे आधुनिक सिनेमा में यह सब चीजे लुप्त होती चली गईं और फिल्मों में सजा-धजा दमदार अनप्रोफेशनल विलेन और सिक्स पैक्स ऐब्स वाला एक्टर पुलिस की वर्दी में नई पीढ़ी के दर्शकों देखने को मिला।
अमिताभ बच्चन के बाद बड़े परदे पर अगर किसी ने पुलिस के किरदार के साथ न्याय किया तो वह है अजय देवगन। साल 2003 में आई प्रकाश झा निर्देशित फिल्म 'गंगाजल' अजय की हिट फिल्मों में से एक हैं। फिल्म आज भी टेलीविजन पर अक्सर देखी जाती है। इसके बाद साल 2004 में राजकुमार संतोषी की फिल्म 'खाकी' आई जिसमें एक बार फिर बिग बी को खाकी वर्दी में देखा गया। फिल्म में अमिताभ के अलावा बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार और तुषार कपूर भी पुलिस के किरदार में नजर आए । बता दें कि अक्षय अपने करियर के शुरुआती दौर से ही पुलिस के रोल में नजर आते रहे हैं। जिनमें 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' उनकी हिट फिल्मों में शामिल है।

कमेंट
कमेंट X