निर्देशक रोहित शेट्टी, उनकी नई फिल्म ‘सिंघम अगेन’ के हीरो अजय देवगन और विलेन अर्जुन कपूर जिस तरह से इस फिल्म के लिए सक्सेस इंटरव्यू दे रहे हैं, उसने इन सबकी ब्रांडिंग को खासी चोट पहुंचाई है। मुंबई मीडिया में इन कोशिशों को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। लेकिन, फिल्म ट्रेड ने इस फिल्म को फ्लॉप घोषित कर दिया है। करीब 350 करोड़ रुपये में बनी फिल्म ‘सिंघम अगेन’ ने रिलीज के 10वें दिन बमुश्किल दो सौ करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है।
Singham Again Flop: रिलीज के 10वें दिन फ्लॉप घोषित हुई ‘सिंघम अगेन’, बजट की बराबरी से भी अभी कोसों दूर
फिल्म के मेकर्स का इस बारे में कहना है कि फिल्म भले ब्लॉकबस्टर न हो रही हो लेकिन ये फिल्म अपनी लागत म्यूजिक, ओटीटी, सैटेलाइट और ओवरसीज राइट्स से निकाल लेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रतिष्ठित ट्रेड पत्रिका ‘फिल्म इनफॉर्मेशन’ ने शनिवार को ही इस साल की दिवाली रिलीज फिल्मों के एक दूसरे से टकराने के फिल्म ट्रेड को 80 से 90 करोड़ रुपये तक का नुकसान होने का अंदेशा जताया। फिल्म ‘सिंघम अगेन’ के हीरो अजय देवगन भी चूंकि फिल्म प्रदर्शन क्षेत्र में हैं और उनकी अपने भी कई सिनेमाघर हैं, सो उन्होंने भी शनिवार को एक बातचीत में माना कि दो बड़ी फिल्मों के आमने सामने होने से ट्रेड को ही नुकसान होता है। इन दोनों फिल्मों को लेकर हुए नुकसान को देखते हुए ही अभिनेता विक्की कौशल की अगली फिल्म ‘छावा’ अब दिसंबर के पहले हफ्ते में ‘पुष्पा 2’ के सामने रिलीज नहीं होगी।
फिल्म कारोबार से जुड़े लोग मानते हैं कि फिल्म ‘भूल भुलैया 3’ के सामने ‘सिंघम अगेन’ के डटे रहने से फिल्म ट्रेड को होने वाला नुकसान आने वाले दिनों में 100 करोड़ रुपये के ऊपर भी जा सकता है। इस बारे में ट्रेड एक्सपर्ट नरेंद्र गुप्ता कहते हैं कि फिल्म ‘सिंघम अगेन’ ने पहले हफ्ते में सिर्फ161 करोड़ रुपये की कमाई की है। दूसरे सप्ताहांत में फिल्म का कलेक्शन करीब 29 करोड़ रुपये होता दिख रहा है और इस लिहाज से फिल्म ने अब तक सिर्फ 190 करोड़ रुपये की कमाई की है। गुप्ता के मुताबिक फिल्म के बनने और इसके प्रचार प्रसार की कीमत मिलाकर फिल्म करीब 400 करोड़ रुपये खर्च करके सिनेमाघरों तक पहुंची है।
मुंबई फिल्म जगत के ट्रेड विशेषज्ञों में नरेंद्र गुप्ता पहले शख्स हैं जिन्होंने डंके की चोट पर फिल्म ‘सिंघम अगेन’ को फ्लॉप घोषित किया है। हालांकि फिल्म की पीआर टीम लगातार यही कह रही है कि फिल्म के निर्देशक रोहित शेट्टी और इसके हीरो अजय देवगन इन दिनों सक्सेस इंटरव्यू कर रहे हैं। दोनों ने शुक्रवार को एक साथ कुछ पत्रकारों से बातें की और मामला असहज होते देख शनिवार को सिर्फ रोहित शेट्टी ही पत्रकारों से मिले। फिल्म की टीम ये स्पष्ट कर पाने में विफल रही है कि इसके बजट और कमाई को देखते हुए फिल्म सफल कैसे कही जा सकती है? उसका यही कहना है कि चल रहा सप्ताह और अगला सप्ताह फिल्म के लिए काफी मददगार हो सकता है और फिल्म के सफल होने के पूरे आसार हैं।
गौरतलब है कि फिल्म ‘सिंघम अगेन’ ने रिलीज के पहले ही दिन अपनी लागत का महज 12 फीसदी कलेक्शन करके आने वाले दिनों की झलक दिखा दी थी। फिल्म का कलेक्शन रिलीज के दूसरे दिन और तीसरे दिन ही गिरना शुरू हो गया। 350 करोड़ रुपये की लागत से बनी ये फिल्म पहले हफ्ते में सिर्फ 158.75 करोड़ रुपये ही कमा पाई है। फिल्म ‘सिंघम अगेन’ को बॉक्स ऑफिस पर कम से कम 700 करोड़ रुपये कमाना जरूरी है। फिल्म के सितारों को इसके दूसरे और तीसरे हफ्ते मे कोई बड़ा कंपटीशन न होने के चलते फिल्म के करीब 500 करोड़ रुपये कमा लेने की उम्मीद बनी हुई है।