सिनेमा अब एक उत्सव है और हिंदी सिनेमा का ऐसा बड़ा उत्सव अगले साल 9 सितंबर को होने की उम्मीद बंधने लगी है। फॉक्स स्टार स्टूडियोज की फिल्म सीरीज ‘ब्रह्मास्त्र’ की पहली कड़ी ‘शिवा’ का मोशन पोस्टर जब से सामने आया है, पूरे देश में इसके स्पेशल इफेक्ट्स, इसकी कहानी और इसमें रणबीर कपूर के अभिनय को लेकर खूब बातें हो रही हैं। फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में भी एक साथ रिलीज होगी और इसे दक्षिण भारत में प्रस्तुत करने जा रहे हैं बाहुबली सीरीज के निर्देशक एस एस राजामौली। फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के साथ अमिताभ बच्चन, मौनी रॉय और नागार्जुन भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
Brahmastra Part 1: राजामौली का नाम जुड़ने से ‘ब्रह्मास्त्र’ को मिला नया लक्ष्य, दक्षिण में अब ऊंची फहराएगी अयान की पताका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यहां ये गौरतलब है कि निर्देशक एस एस राजामौली को देश का दिग्गज निर्देशक बनाने वाली फिल्म सीरीज बाहुबली को हिंदी में करण जौहर ने ही प्रस्तुत किया था। तब से करण और राजामौली की दोस्ती चली आ रही है। अब राजामौली ने घोषणा की है कि वह अयान मुखर्जी की कृति फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ को दक्षिण की चार भाषाओं- तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत करेंगे। भारतीय पौराणिक कथाओं और आधुनिक दुनिया के संगम से बनी इस काल्पनिक महागाथा को हालांकि आईएम़डीबी की अगले साल की सबसे चर्चित फिल्मों की सूची में आठवां स्थान ही मिला है लेकिन दर्शकों में फिल्म को लेकर बहुत उत्सुकता है। ‘अमर उजाला’ को हिंदी सिनेमा के दर्शकों से मिले फीडबैक के मुताबिक हिंदी सिनेमा की अगले साल रिलीज होने वाली ये सबसे ज्यादा प्रतीक्षित फिल्म है।
इस बारे में निर्देशक राजामौली कहते हैं, "मैं दुनिया भर की ऑडियंस के लिए दक्षिण की चार भाषाओं में फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ को पेश करके बेहद खुश हूं। ब्रह्मास्त्र का कॉन्सेप्ट अनोखा है, जो इसकी स्टोरी और प्रस्तुतीतकरण में झलकता है। कई मायनों में यह फिल्म मुझे अपने लेबर ऑफ लव और जुनून ‘बाहुबली’ की याद दिलाती है। मैंने अयान को ‘ब्रह्मास्त्र’ बनाने में समय खपाते देखा है और सही नतीजे हासिल करने के लिए इसे धैर्यपूर्वक जमाते हुए देखा है। ठीक उसी तरह जैसा मैंने ‘बाहुबली’ के लिए किया था।”
वहीं अभिनेता नागार्जुन अक्किनेनी कहते हैं, "अयान और ‘ब्रह्मास्त्र’ की बेहद प्रतिभाशाली टीम के साथ काम करना एक शानदार अनुभव रहा। प्राचीन और आधुनिक भारत का यह संयोजन मुझे आकर्षक लगा और इस तरह के लार्जर दैन लाइफ प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना मेरे लिए रोमांचक अनुभव है। राजामौली का साथ मिलना हम सभी के लिए अत्यंत सम्मान की बात है।”
फिल्म के निर्देशक अयान मुखर्जी इस मौके पर खासे उत्साहित दिखे। वह कहते हैं, “ब्रह्मास्त्र एक ऐसा सपना है जिसे मैं वर्षों से पाले हुए था। यह एक महत्वाकांक्षी सिनेत्रयी है और अब तक का सफर किसी रोमांच से कम नहीं रहा। मैंने इस फिल्म में अपना सब कुछ लगा दिया है और मैं इसमें अपना दिल उड़ेलना जारी रखूंगा। मैं राजामौली सर जैसे अद्भुत गुरु का साथ पाकर खुद को धन्य महसूस करता हूं। यह उनकी फिल्म ‘बाहुबली’ ही थी, जिसने मुझे अपने सपने को साहसपूर्ण ढंग से पूरा करने का आत्मविश्वास दिया। ‘ब्रह्मास्त्र’ के साथ उनका नाम जुड़ना सबसे बड़ी मुहर लगने जैसा है।"