रियलिटी शो ‘सुपर डांसर चैप्टर 4’ के इस बार के खास एपीसोड की शूटिंग में मशहूर गायक कुमार सानू ने खूब धमाल मचाया। शूटिंग के दौरान न सिर्फ वह बेहद बेतकल्लुफ अंदाज में दिखे बल्कि उन्होंने स्टेज पर शो की जज शिल्पा शेट्टी के साथ खूब मस्ती भी की। इस हफ्ते शो पर फादर्स डे को लेकर भी खास तैयारियां की गई हैं। फादर्स डे स्पेशल एपीसोड में कुमार सानू ने एक बेहतरीन गाने पर अपने परफॉर्मेंस दी तो प्रतिभागियों के साथ साथ उनके अभिभावक भी भावुक हो उठे। रियलिटी शो ‘सुपर डांसर चैप्टर 4’ के इस बार के खास एपीसोड में 90 के दशक के गानों पर शो के प्रतिभागी अपनी प्रस्तुतियां देंगे और ये गाने होंगे वो जिन्हें 90 के मेलोडी वाले दौर में कुमार सानू ने गाया था। शो की शूटिंग के कुछ खास किस्से हम आपके लिए यहां समेट लाए हैं।
Shooting Report: कुमार सानू ने पूरी की शिल्पा शेट्टी की ख्वाहिश, गाया काजोल पर फिल्माया गया ये गाना
रियलिटी शो ‘सुपर डांसर चैप्टर 4’ के इस एपीसोड की शूटिंग क दौरान फिल्म ‘बाज़ीगर’ की शूटिंग के समय की यादें ताजा करते हुए शिल्पा शेट्टी ने कहा, "मुझे हमेशा जलन होती थी कि ‘ये काली काली आंखें’ गाना मुझे नहीं दिया गया। ये एक डांस नंबर है और मैं हमेशा से इसका हिस्सा बनना चाहती थी।" इस पर कुमार सानू ने कहा, "ये गाना अनु मलिक ने कंपोज़ किया है। इसकी रिकॉर्डिंग के दौरान हमारे बीच हल्की-फुल्की बहस होती थी लेकिन उन्होंने वाकई बड़े हिट गाने दिए हैं।"
इसके बाद शिल्पा शेट्टी ने भी अपनी ख्वाहिश पूरी कर ली। कुमार सानू और शिल्पा शेट्टी मंच पर आए, जहां कुमार सानू ने 'ये काली काली आंखें गाया' और शिल्पा शेट्टी ने इस गाने पर डांस किया। रियलिटी शो ‘सुपर डांसर चैप्टर 4’ की इस बार की शूटिंग के दौरान सेट पर फादर्स डे सेलिब्रेशन भी देखने को मिला। आने वाले एपीसोड में कुमार सानू के मशहूर गानों पर कंटेस्टेंट्स की शानदार परफॉर्मेंस के साथ उनका जबर्दस्त मनोरंजन भी होगा।
वर्तिका और संचित हमेशा अपने अनोखे स्टाइल और मूव्स से सभी को आकर्षित करते रहे हैं। आने वाले एपिसोड में ये दोनों कुमार सानू के गाए फिल्म 'विरासत' के गाने 'तारे हैं बाराती' पर परफॉर्म करते नजर आएंगे। उन्होंने पॉपिंग जैसे डांस फॉर्म के लिए ये गाना चुनकर सभी को चौंका दिया। इनका डांस देखकर शिल्पा शेट्टी ने कहा, "कुछ लोग जो हैं, वो इम्पॉसिबल को आई एम पॉसिबल कर देते हैं, और संचित, तुम उन में से एक हो।" शिल्पा के इस कमेंट के बाद गीता कपूर ने कहा, "वर्तिका, आप एक तरह से माउंटिंग में और अपने एक्ट को प्रस्तुत करने में बहुत बढ़िया हो।"
इसके अलावा इस शो में पहुंचे संचित और उनके पिता को एक शानदार सरप्राइज़ भी मिला। उस पल संचित की मां भी वहां पहुंचीं जिन्हें देखकर सभी इमोशनल हो गए। वह यह देखकर काफी खुश थीं कि उनका बेटा सुपर डांसर में परफॉर्म कर रहा है। उन्होंने बताया कि यह उनके पूरे परिवार के लिए सपना सच होने जैसा है। इसके बाद कुमार सानू ने संचित के पेरेंट्स के लिए फिल्म 'दीवाना' का अपना सबसे पॉपुलर गाना 'तेरी उम्मीद तेरा इंतजार' गाया, जिस पर दोनों भावुक हो उठे।
