टेलीविजन और बॉलीवुड में अब तक कई सितारे ऐसे हैं जो अपने एग्स फ्रीज करवाने की बात कह चुकें हैं। एकता कपूर से लेकर मोना सिंह और राखी सावंत तक कई ऐसे कलाकार हैं जिन्होंने अपनी जिंदगी में ये बड़ा कदम उठाने की बात कही। इन सबके बाद अब अभिनेत्री और बिग बॉस की एक्स-प्रतियोगी तनीषा मुखर्जी ने भी खुलासा करते हुए बताया कि वह 39 साल की उम्र में अपने एग्स फ्रीज करवा चुकी हैं। तनीषा मुखर्जी ने कहा वो ये बहुत पहले करना चाहती थीं, लेकिन डॉक्टर ने उनके स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें ऐसा न करने की सलाह दी।
काजोल की बहन तनीषा मुखर्जी ने अपने एग्स करवाए फ्रीज, मां तनुजा ने फैसले पर दी ऐसी प्रतिक्रिया
33 साल की उम्र में करना चाहती थी ये काम
तनीषा ने एक मीडिया चैनल से बातचीत करते हुए बताया कि वो अपनी जिंदगी का ये बड़ा कदम पहले ही उठाना चाहती थीं। जब वो 33 साल की थी उस दौरान वो अपने एग्स फ्रीज करवाना चाहती थीं। अपने इस फैसले के बाद वो डॉक्टर के पास गईं, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें ऐसा करवाने से मना कर दिया। तनीषा ने बताया कि डॉक्टर ने उन्हें सलाह दी और कहा कि 33 साल की उम्र में अगर वो ऐसा करती हैं तो इससे उनके शरीर पर असर पड़ सकता है। उन्होंने मुझे सलाह दी कि मुझे ये तब करना चाहिए जब बच्चा पैदा करने की कोई उम्मीद न हो। तनीषा ने आगे कहा मुझे लगता है आज के समय में बच्चें न होने में कोई दिक्क्त नहीं है। ये मेरी निजी चॉइस है।
39 साल की उम्र में एग्स करवाए फ्रीज
मीडिया चैनल से इस बातचीत में तनीषा ने बताया कि उन्होंने अपने करीबी लोगों और डॉक्टर की सलाह के बाद ही 39 वर्ष की उम्र में अपने एग्स फ्रीज करवाए। तनीषा मुखर्जी ने कहा, 'मेरी कोई संतान नहीं थी और ये सब बातें मेरे दिमाग में घूमती रहती थीं। लेकिन अंततः मार्गदर्शन मिलने के बाद मैंने अपने एग्स फ्रीज करवाने का निर्णय लिया।' तनीषा ने बताया कि इस पूरे प्रोसेस में उनका वजन बहुत अधिक बढ़ गया था, लेकिन एक बार उनके एग्स सही से फ्रीज हो गए तो उन्होंने अपनी फिटनेस पर ध्यान देना शुरू कर दिया और व्यायाम किया। बता दें कि अचानक से तनीषा के बढ़े वजन के कारण उन्हें सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल किया गया था।
जरुरी नहीं आपकी जिंदगी में पुरुष हो
तनीषा ने बातचीत में आगे कहा कि एक महिला के जीवन में सबसे बड़ी चाहत सिर्फ बच्चे होना नहीं हैं। अभिनेत्री ने अपनी भावना व्यक्त करते हुए कहा कि 'जरूरी नहीं है कि हर महिला के बच्चें हो। आप बच्चा गोद के सकतें हैं, दुनिया में बहुत सारे बच्चें हैं। मुझे लगता है लोगों को इसके बारे में सामने आकर खुलकर बात करनी चाहिए।' तनीषा ने आगे कहा, 'मुझे लगता है कि ये जरुरी नहीं आप शादी करें या फिर किसी के साथ रिश्ते में हो। आपको परिभाषित करने के लिए जीवन में पुरुष की जरूरत नहीं है।
सोशल मीडिया पर हुई आलोचना
बता दें कि तनीषा के घर में उनकी मां तनुजा, बहन काजोल और जीजा अजय सभी सुपरस्टार्स हैं। ऐसे में कई बार सोशल मीडिया पर उनकी तुलना उनके परिवार वालों से की जाती हैं। अभिनेत्री ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा, 'जब तक आप युवा होते हो, तभी तक आपको ये सब बातें बुरी लगती हैं। आज जब लोग इस तरह से तुलना करते हैं, तो मुझे उनके लिए बुरा लगता है।' तनीषा ने कहा मुझे लगता है दुनिया में सब एक-दूसरे से अलग हैं तो इस तरह की तुलना करना व्यर्थ है। तनीषा का जब वजन बढ़ा था तब भी उनकी सोशल मीडिया पर खूब आलोचना हुई थी, लेकिन व्यायाम करके तनीषा फिर से फिट हो गईं हैं।