साउथ फिल्म इंडस्ट्री बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। बीते कुछ समय में सिनेमाघरों में साउथ इंडस्ट्री की एक से एक हिट फिल्में रिलीज हुई हैं, जिसने कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 'पुष्पा द राइज', 'आरआरआर' और फिर 'केजीएफ चैप्टर 2', इन तमाम फिल्मों ने अल्लू अर्जुन, यश, राम चरण और जूनियर एनटीआर को पैन स्टार बना दिया। लेकिन दक्षिण भारत के सभी अभिनेता पैन इंडिया बनने में कामयाब नहीं रहे हैं। कई ऐसे एक्टर्स हैं, जिनकी फिल्में दक्षिण भारतीय राज्यों में खूब चलीं लेकिन वह फिल्में हिंदी बेल्ट में बुरी तरह फ्लॉप साबित हुईं। आइए आपको उन कलाकारों के बारे में बताते हैं।
South Actors: पैन इंडिया स्टार बनने में फ्लॉप हुए साउथ के यह अभिनेता, बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिटी थीं फिल्में
थलापति विजय साउथ इंडस्ट्री के सुपरहिट अभिनेता हैं, जो अपनी फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा देते हैं। कुछ समय पहले अभिनेता की फिल्म 'बीस्ट' रिलीज हुई, जिसने साउथ में अच्छा खासा बिजनेस किया। लेकिन हिंदी बेल्ट में ये फिल्म फ्लॉप साबित हुई। फिल्म ने आठ दिनों में भारत में लगभग 120 करोड़ का कलेक्शन किया।
अजित कुमार
अजित कुमार भी पैन इंडिया स्टार बनने की कोशिश कर चुके हैं। उनकी फिल्म 'वलिमै' कुछ समय पहले ही रिलीज हुई थी। ये फिल्म तमिल और तेलुगू के अलावा हिंदी भाषा में भी रिलीज हुई थी। रिलीज से पहले ही फिल्म चर्चा में थी लेकिन हिंदी बेल्ट में फिल्म कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। यहां ये फिल्म बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई।
सूर्या शिवकुमार
तमिल सुपरस्टार सूर्या शिवकुमार अपनी फिल्म 'एथरक्कुम थुनिंधवन' को लेकर काफी चर्चा में थे। ये फिल्म तमिल के अलावा बाकी भाषाओं में भी रिलीज हुई, जिसके जरिए सूर्या शिवकुमार ने पैन इंडिया स्टार बनने की तैयारी कर रखी थी। लेकिन हिंदी बेल्ट में यह फिल्म भी बुरी तरह फ्लॉप हुई। इस फिल्म को सूर्या शिवकुमार की पॉपुलैरिटी तक नहीं बचा पाई थी। 75 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 180 से 200 करोड़ रुपये की टोटल कमाई की थी।
रवि तेजा
रवि तेजा तेलुगू सिनेमा में अपनी एंटरटेनिंग फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। इस इंडस्ट्री में उन्हें मास महाराजा के नाम से जाना जाता है। रवि तेजा भी पैन इंडिया स्टार बनने की एक कोशिश कर चुके हैं। उनकी फिल्म 'खिलाड़ी' तेलुगू के साथ-साथ हिंदी में भी रिलीज हुई थी लेकिन यह फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हुई। हालांकि, रवि तेजा की अपकमिंग फिल्म 'टाइगर नागेश्वर राव' भी पैन इंडिया लेवल पर रिलीज होगी। फिल्म की शूटिंग चल रही है।