साल 1992 में आई थ्रिलर फिल्म 'विश्वात्मा' को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। फिल्म के गाने भी जबर्दस्त हिट हुए थे। राजीव राय के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सोनम खान भी मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। हाल ही में अभिनेत्री इस फिल्म की यादों में खोई नजर आईं।
Sonam Khan: 30 साल बाद वापसी करना चाहती हैं 'विश्वात्मा' की ये अभिनेत्री, सोशल मीडिया पर लिखी यह बात
उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस फिल्म के गाने 'दिल ले गई तेरी बिंदिया' की शूटिंग के दौरान की अपनी एक तस्वीर साझा की है। साथ ही, उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में फिर से काम करने की इच्छा जताई है। इस फोटो में सोनम सफेद रंग की चमकीले कपड़ों में नजर आ रही हैं। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, "मेरे तीन साल के छोटे से करियर का यह आखिरी गाना था, जिसकी मैंने शूटिंग की थी...।"

उन्होंने आगे लिखा, " विश्वात्मा के समय तक मेरी शादी हो चुकी थी। उस समय मेरी उम्र महज 18 साल थी। वह सफर खत्म हो गया.. जिसे अब मैं फिर से पूरी ईमानदारी से आगे बढ़ाने का इरादा रखती हूं... मैं यहां रहकर फिर से काम करना चाहती हूं।" 'विश्वात्मा' का निर्माण गुलशन राय ने किया था। इसमें सनी देओल, नसीरुद्दीन शाह, चंकी पांडे, दिव्या भारती और ज्योस्तना सिंह ने अभिनय किया था।
सोनम हिंदी के साथ तेलुगु फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। वह रजा मुराद की भतीजी हैं। उन्होंने 1987 में तेलुगु फिल्म 'सम्राट' से अपनी शुरुआत की थी। फिल्म 'त्रिदेव' के मशहूर गाने 'ओए ओए...तिरछी टोपी वाले' से उन्होंने खूब लोकप्रियता हासिल की। 'आखिरी अदालत', 'आखिरी गुलाम', 'मिट्टी और सोना', 'सच्चाई की ताकत', 'ना-इंसाफी', 'हम भी इंसान हैं', 'प्यार का कर्ज', क्रोध', 'चोर पे मोर', 'अपमान की आग', 'स्वर्ग जैसा घर', 'अजूबा', 'दुश्मन देवता', 'अजूबा कुदरत का', 'दो मतवाले', 'बाज', 'दो फंटूश' जैसी फिल्मों में भी वह नजर आ चुकी हैं।
सोनम आखिरी बार 1994 में रमनजीत जुनेजा के निर्देशन में बनी एक्शन थ्रिलर 'इंसानियत' में दिखाई दी थीं। फिल्म में अमिताभ बच्चन, सनी देओल, चंकी पांडे, जया प्रदा, रवीना टंडन, अनुपम खेर, प्रेम चोपड़ा, शफी इनामदार जैसे कलाकारों ने काम किया था। निजी जीवन की बात करें तो सोनम ने 1991 में निर्देशक राजीव राय से शादी की थी। वे त्रिमूर्ति फिल्म्स के संस्थापक और फिल्म निर्माता गुलशन राय के बेटे हैं। उनका एक बेटा है, जिसका नाम गौरव है। साल 2016 में सोनम ने आधिकारिक रूप से राजीव राय से तलाक ले लिया था।
Kangana Ranaut: 'इमरजेंसी' को लेकर झिझक रही हैं कंगना रणौत, खुद ही बताया कि किस तरह के लोगों से सता रही चिंता
