सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच बीते एक हफ्ते से चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन चुका ‘फ्रेंड्स: द रीयूनियन’ अब भारत में भी देखा जा सकेगा। दुनिया में सबसे ज्यादा देखे गए और सबसे ज्यादा सराहे गए टीवी शोज में ‘फ्रेंड्स’ सबसे आगे रहा है। 90 के दशक में पैदा हुए बच्चों में ये सबसे ज्यादा लोकप्रिय है और अब जब इसके सितारे फिर से एक बार एक जगह इकट्ठा हो रहे हैं तो इन भारतीय युवाओं में सबसे ज्यादा बेचैनी इसी बात की रही है कि काश! वह भी ये शो देख पाते। ‘फ्रेंड्स: द रीयूनियन’ दरअसल एक ऐसा स्पेशल शोज है जिसे खास तौर से वार्नर मीडिया कंपनी ने अपने ओटीटी एचबीओ मैक्स की लॉन्चिंग की पहली सालगिरह के जश्न के तौर पर तैयार किया है। ओटीटी एचबीओ मैक्स ने इसके अलावा अपने ग्राहकों के लिए हाल ही में एक नया सब्सक्रिप्शन प्लान भी घोषित किया है जिसमें वह पहले से कहीं कम कीमत पर उनकी फिल्में व शोज देख सकेंगे।
Friends The Reunion: ‘फ्रेंड्स’ के फैंस के लिए खुशखबरी, इस देसी ओटीटी पर होगा रीयूनियन का प्रसारण
इस नए प्लान में शोज के दौरान विज्ञापन भी शामिल रहेंगे। लेकिन, एचबीओ मैक्स अभी भारत में उपलब्ध नही हैं और इस रीयूनियन को भारत में दिखाने की तैयारी एक देसी ओटीटी ने की है।जानकारी के मुताबिक ‘फ्रेंड्स: द रीयूनियन’ एक बिना किसी स्क्रिप्ट का शो है जिसमें इस सीरीज के सितारे जेनिफर एनिस्टन, कर्टनी कॉक्स, लीजा कुड्रो, मैट लॉब्लांक, मैथ्यू पैरी और डेविड श्विमर बरसों बाद फिर से एक साथ इकट्टा हो रहे हैं।
इस रीयूनियन की शूटिंग भी वहीं की गई है जहां इस शो को शूट किया गया था। वार्नर ब्रदर्स के बरबैंक स्थित स्टूडियो के ओरीजनल साउंडस्टेज पर इसकी शूटिंग की गई है। अमेरिका और ब्रिटेन में सिटकॉम की शूटिंग करते वक्त चुनिंदा दर्शक वहां बैठे रहते हैं और शो के दौरान जो हंसने की आवाजें आती हैं, वे इन्हीं दर्शकों की होती है जबकि भारत में ऐसे सीरियल में हंसी की आवाजें एडीटिंग के दौरान मिक्स कर दी जाती हैं।
‘फ्रेंड्स: द रीयूनियन’ के बारे में बात करते हुए जी5 इंडिया के मुख्य व्यवसाय अधिकारी मनीष कालरा कहते हैं, ‘हमें बहुत खुशी हो रही है ये बताते हुए कि ‘फ्रेंड्स: द रीयूनियन’ का प्रसारण भारत में हम जी5 पर करने जा रहे हैं। पूरी दुनिया इसके बारे में बातें कर रही हैं और भारतीय दर्शकों के सामने इसे पेश करने के लिए ये हमारे लिए बहुत बड़ा मौका बना है। जी5 के ग्राहक इस शो का लॉकडाउन के दौरान अपने घरों में रहते हुए आनंद उठा सकते हैं।’
एचबीओ मैक्स पर 27 मई को प्रसारित होने जा रहे युवाओं में हद से ज्यादा लोकप्रिय शो के कलाकारों के इस पुनर्मिलन कार्यक्रम के दौरान कुछ खास शख्सीयतें भी मेहमान सितारों के रूप में शिरकत करने वाली हैं। जानकारी के मुताबिक इन शख्सीयतों में डेविड बेकहम, जस्टिन बीबर, बीटीएस, जेम्स कॉर्डेन, सिंडा क्रॉफर्ड, लेडी गागा, मिंडी कालिंग, रीस विदरस्पून और मलाला यूसुफजई आदि शामिल हैं।