इन दिनों इस्रायल और फिलिस्तीन के बीच संघर्ष जारी है। पिछले हफ्ते फिलिस्तीनी संगठन हमास और यरुशलम के बीच हिंसा ने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया है। दोनों ओर से रॉकेट हमले हुए और भारी तबाही का मंजर है। इस्रायल के हमले में गाजा की एक बहुमंजिला इमारत जमींदोज हो गई है तो इसके जवाब में हमास के और ज्यादा रॉकेट गिराने की आशंका खड़ी हो गई है। इस संघर्ष पर पूरी दुनिया नजर बनाए हुए है और इसे शांत करने की कोशिश की जा रही है। वहीं इस्रायल की रहने वाली हॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री गैल गैडोट ने भी इसपर टिप्पणी की है।
विवाद: इस्रायल के समर्थन में गैल गैडोट को बोलना पड़ा महंगा, यूजर्स ने जमकर लताड़ा
दरअसल, गैल गैडोट ने एक ट्वीट के माध्यम से अपनी चिंता जाहिर की है और अपने देश में शांति की कामना की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि 'मैं बहुत दुखी हूं। यह एक दुष्चक्र है जो बहुत लंबे समय से चला आ रहा है। इस्रायल को एक स्वतंत्र और सुरक्षित राष्ट्र के रूप में जीने का पूरा हक है। हमारे पड़ोसियों को भी यह अधिकार है। मैं पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करती हूं। मैं इस अकल्पनीय शत्रुता को खत्म करने की प्रार्थना करते हुए अपने नेताओं से इस समस्या का समाधान ढूंढने का निवेदन करती हूं। ताकि हम कंधे से कंधा मिलाकर शांति से रह सकें।'
— Gal Gadot (@GalGadot) May 12, 2021
गैल गैडोट के इस बयान पर यूजर्स ने उन्हें जमकर लताड़ा। वहीं कट्टरपंथी इस्लामियों को गैडोट की यह बात अच्छी नहीं लगी और उनपर नरसंहार का आरोप लगा दिया। कुछ ने तो गैडोट और उनकी फिल्मों का बॉयकॉट करने की भी मांग की। साथ ही कुछ यूजर्स ने तो उन्हें कातिल भी करार दे दिया।
गैडोट ने मॉडलिंग और अभिनय में कदम रखने से पहले दो साल के लिए इस्रायली डिफेंस फोर्सेज में एक सैनिक के तौर पर काम किया था। बता दें कि गैडोट ने दिसंबर 2020 में ‘शाहीन बाग वाली दादी’ बिलकिस बानो की सराहना की थी जो कि फरवरी 2020 में हिंदू विरोधी दंगों और सीएए के विरोध प्रदर्शनों का एक चेहरा थीं।
गौरतलब है कि गैडोट जल्द ही तीसरी बार मां बनने वाली हैं। गैल पहले से दो बच्चों की मां हैं। उनकी दो बेटियां हैं माया और एलमा। बीते दिनों ही उन्होंने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिये खुलासा किया था कि वह अपने तीसरे बच्चे को जन्म देने वाली हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो गैल गैडोट को उनकी फिल्म वंडर वुमन 1984 में काफी प्रशंसा मिली थी। अब वह जल्द ही क्लियोपैट्रा की बायोपिक में नजर आएंगी।