कार्तिक की साल की पहली फिल्म और करोड़ों चाहने वालों की दुआएं, फिल्म भी ऐसी कि जिसे देखने के बाद कोई भी दर्शक इसे सिरे से नहीं नकार सकता, लेकिन फिल्म अच्छी है या बुरी, इससे ज्यादा फर्क पड़ता है कि फिल्म चली या नहीं। इस आखिरी पैमाने पर कार्तिक आर्यन फेल हो चुके हैं। उनकी बीते शुक्रवार रिलीज फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ बॉक्स ऑफिस पर हांफ रही है और इसके अब 50 करोड़ तक की कमाई तक पहुंचना भी मुश्किल लगने लगा है। करीब 120 करोड़ रुपये में बनी फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ की पहले हफ्ते की कमाई इसी अवधि में कार्तिक की फिल्म ‘लव आजकल’ की कमाई से बस थोड़ी ही बेहतर है।
Chandu Champion Hit Or Flop: पहले हफ्ते चंदू चैंपियन ने पीटे इतने करोड़, समझिए हिट या फ्लॉप रहे कार्तिक आर्यन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
14 जून को रिलीज हुई फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ पैरालंपिक चैंपियन मुरलीकांत पेटकर की जीवनी पर बनी फिल्म है। फिल्म का विषय सर्वग्राही न होने का इसे सबसे ज्यादा खामियाजा उठाना पड़ा है। फिल्म के निर्देशक कबीर खान की ये सबसे बड़ी चूक मानी जा रही है। उनकी पिछली फिल्म ‘83’ क्रिकेट में भारत की विश्वकप विजय पर बनी थी और फिल्म के हीरो रणवीर सिंह के करियर के लिए घातक साबित हुई थी। उसके बाद से रणवीर सिंह अब तक अपना करियर पटरी पर लाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
Chandu Champion Review: रणवीर के बाद कबीर ने अब कार्तिक से कराई कमाल अदाकारी, कलात्मक फिल्म का भविष्य संकट में
कार्तिक आर्यन के लिए हालात थोड़े बेहतर हैं क्योंकि फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ की कमाई को लेकर उन्होंने शुरू से बड़े बड़े दावे नहीं किए। उन्होंने सिर्फ अपने अभिनय की मेहनत पर बात की और उनके अभिनय की इस फिल्म में खूब बड़ाई हो भी रही है। लेकिन, समग्र रूप से एक कमजोर फिल्म होने के चलते फिल्म ने पहले वीकएंड में ही बॉक्स ऑफिस पर दम सा तोड़ दिया। रिलीज के पहले दिन सिर्फ 4.75 करोड़ रुपये कमाने वाली इस फिल्म ने पहले वीकएंड पर सिर्फ 21.50 करोड़ रुपये की कमाई करके पूरे फिल्म जगत को सकते में डाल दिया था। फिल्म ने अपनी रिलीज के सातवें दिन गुरुवार को हुई 2.29 करोड़ रुपये की कमाई मिलाकर पहले हफ्ते में सिर्फ 35.04 करोड़ रुपये की कमाई घरेलू बॉक्स ऑफिस पर की है।
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सबसे कम कमाई करने का कार्तिक आर्यन की फिल्मों का रिकॉर्ड फिल्म ‘आकाशवाणी’ के पास रहा है जिसने साल 2013 में रिलीज होन पर पहले हफ्ते में सिर्फ 1.92 करोड़ रुपये कमाए थे और फिल्म फ्लॉप रही थी। कार्तिक की अब तक की सबसे बड़ी हिट फिल्म दो साल पहले रिलीज हुई ‘भूल भुलैया 2’ रही है जिसने रिलीज के पहले हफ्ते में 92.05 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी। कार्तिक की ‘चंदू चैंपियन’ से पहले रिलीज फिल्म ‘सत्यप्रेम की कथा’ रही है जिसने रिलीज के पहले हफ्ते में 51.60 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
कार्तिक आर्यन की पहले हफ्ते में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 5 फिल्में इस प्रकार हैं:
| फिल्म | पहले हफ्ते की कमाई |
| भूल भुलैया 2 (2022) | 92.05 |
| पति पत्नी और वो (2019) | 55.97 |
| लुका छुपी (2019) | 53.70 |
| सत्यप्रेम की कथा (2023) | 51.60 |
| सोनू के टीटू की स्वीटी (2018) | 45.94 |
(सभी आंकड़े करोड़ रुपये में)