बात वर्ष 1995 की है जब भारत में सैटेलाइट चैनलों की शुरुआत तो हो चुकी थी, लेकिन वे लोगों तक पहुंच बनाने में सफल नहीं हुए थे। उस समय में देश के पहले सैटेलाइट चैनल जी टीवी के लिए एकता कपूर ने एम्प्लीफायर का काम किया। उन्होंने जी टीवी के लिए अपना पहला धारावाहिक 'हम पांच' बनाया। यही वो धारावाहिक है जिसके सहारे एकता ने भारत के घर-घर तक पहुंच बनाई। यहीं से शुरू हुआ उनकी कामयाबी का सिलसिला।
दूरदर्शन की राह चला जी टीवी, सोमवार से फिर शुरू होगा सैटेलाइट चैनलों के इतिहास का ये पहला कॉमेडी शो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ये बात आपको अब बताने की जरूरत इसलिए पड़ी क्योंकि एकता का ये सुपरहिट शो एक बार फिर से टीवी पर लौट रहा है, जिसका प्रसारण अगले सोमवार यानी 13 अप्रैल से जी टीवी पर ही होने वाला है। ये एक पिता की कहानी है, जिसकी पांच शरारती बेटियां हैं। उस परेशान आदमी की सुलगती दुविधाओं में उसकी दिवंगत पत्नी भी समय समय पर खूब घी डालती है। 90 के दशक में लोगों का मनोरंजन करने वाला ये कॉमेडी शो अब आज की पीढ़ी को हंसाएगा।
किसी भी शो को सीजन के अनुसार आगे बढ़ाना आज का चलन है, लेकिन ये काम एकता ने 18 साल पहले ही शुरू कर दिया था। उन्होंने अपने इस सुपरहिट धारावाहिक के वर्ष 2002 और 2005 में दो सीजन बनाए। ये दोनों सीजन भी अपने पहले सीजन की तरह ही सुपरहिट रहे। भारत का ये पहला शो है जिसको आगे बढ़ाने के लिए सीजनों का ईजाद किया गया। इस शो की मुख्य भूमिका में कलाकार अशोक सराफ, विद्या बालन, शोमा आनंद, भैरवी रायचूर, वंदना पाठक, राखी टंडन, प्रिया तेंदुलकर आदि थे।
एसेल विजन प्रोडक्शंस ने नए कलाकारों के साथ इस शो का रिबूट वर्जन 'हम पांच फिर से' भी बनाया, लेकिन वे वह असर छोड़ने में नाकाम रहे जो एकता के शो ने बनाया। नतीजतन ये शो बहुत जल्दी बंद हो गया। अगर एकता के इस शो के पात्रों पर नजर डालें तो हिंदी सिनेमा का एक बड़ा नाम विद्या बालन इसका एक अहम हिस्सा रह चुकी हैं। आज के समय में फिल्म इंडस्ट्री में उनका बहुत बड़ा नाम है, लेकिन उनके करियर की शुरुआत इसी शो से हुई है। पांच लड़कियों में से एक राधिका माथुर का किरदार शुरुआत में टीवी अभिनेत्री अमिता नांगिया ने निभाया था, लेकिन बाद में ये किरदार विद्या बालन को मिला। विद्या ने इसके आठ साल बाद अपनी पहली फिल्म की।
वहीं कलाकारों में एक बड़ा नाम अशोक सराफ का भी है। इन्होंने अपने करियर में सैकड़ों मराठी फिल्मों में काम किया है, लेकिन आपने इन्हें हिंदी फिल्मों में भी देखा होगा। तो आपको बता दें कि अशोक के करियर में एकता के इस शो की बहुत बड़ी भूमिका रही है। हिंदी सिनेमा में अशोक को पहचान इस शो से ही मिलना शुरू हुई। मराठी फिल्मों में तो वे पहले से ही बहुत लोकप्रिय थे, फिर इस शो के बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा भी बहुत नाम कमाया।