छोटे परदे के लिए ‘द कपिल शर्मा शो’ और ‘नच बलिए’ बना चुके सलमान खान के सिर हिंदी सिनेमा के हीरो नंबर वन रणवीर सिंह को छोटे परदे पर लॉन्च करने का सेहरा भी बंध गया है। फोटो देखकर उससे जुड़े सवालों के जवाब देने वाले क्विज शो ‘द बिग पिक्चर’ को सलमान खान की कंपनी ही बना रही है। इस शो का प्रसारण अगले शनिवार से शुरू होने जा रहा है। इस शो के विजेता को पांच करोड़ रुपये का इनाम मिलेगा। शो की खासियत ये है कि इसमें दर्शक भी घर बैठे हिस्सा ले सकते हैं और उनके दिए गए उत्तर का इस्तेमाल टेलीविजन पर गेम शो खेल रहे खिलाड़ी ने किया तो उन्हें जीती गई रकम का हिस्सा मिल सकता है। गेम शो की लॉन्चिंग पर रणवीर सिंह ने इस गेम शो को अब तक का सबसे अनोखा शो बताया और कहा कि चित्रों को देखकर सवालों की पहेली हल करने का ये खेल काफी दिलचस्प रहने वाला है।
The Big Picture: सलमान खान के सिर बंधा रणवीर को छोटे परदे पर लाने का सेहरा, शुरू हो गया काउंटडाउन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जानकारी के मुताबिक क्विज शो ‘द बिग पिक्चर’ में प्रतियोगियों को 12 दृश्य आधारित सवालों के जवाब देने होंगे और इसके जरिये वह पांच करोड़ रुपये का जैकपॉट जीत सकेंगे। स्क्रीन पर चित्र प्रकट होने के बाद प्रतियोगियों को बहुविकल्पीय प्रश्न मिलेंगे जिनके सही उत्तर देने के लिए उन्हें 60 सेकंड का समय मिलेगा। इस शो की खासियत हैं ‘इंडियावाले’ और ‘घरवाले’ लाइफलाइन जिनका चुनाव खिलाड़ी को करना होगा। ‘इंडियावाले’ लाइफलाइन का हिस्सा बनने के लिए दर्शकों अपने घर पर बैठकर वूट सेलेक्ट ऐप की मदद लेनी होगी, ऐसा करने से उन्हें उन्हें खिलाड़ी की पुरस्कार राशि में से एक बड़ा हिस्सा मिलेगा। ‘इंडिया वाले’ लाइफलाइन में पहले दर्शक को खिलाड़ी के साथ साझेदारी के लिए चुना जाएगा और उसे जीती गई राशि का 25 प्रतिशत मिलेगा। ‘घरवाले’ लाइफलाइन में प्रतियोगी सही जवाब के लिए अपने परिवार व दोस्तों से मदद मांग सकता है।
‘द बिग पिक्चर’ बारे में रणवीर सिंह कहते हैं, ‘‘यह भारत का पहला दृश्य आधारित क्विज शो है। हम लंबे समय से इस शो की तैयारी कर रहे थे और मैं इस अद्वितीय प्रस्ताव का हिस्सा बनने व साथ में दर्शकों को खेलते देखने के लिए बहुत उत्सुक हूं। शो का फॉर्मेट ऐसा है कि मैं इसके जरिये दर्शकों से भी संवाद कर सकूंगा। मेरा विश्वास है कि इस नए सफर में अनेक भावनाएं शामिल होंगी।’’
शो का फॉर्मेट एक अंतर्राष्ट्रीय क्विज शो पर आधारित है। इसका भारतीयकरण करने में सलमान खान के टीवी प्रोडक्शन हाउस एसके टीवी का साथ दिया है बानीजे एशिया ने। बानीजे एशिया के सीईओ दीपक धर ने इस मौके पर कहा कि ‘द बिग पिक्चर’ के लिए कलर्स के साथ हमारा गठबंधन एक दिलचस्प फॉर्मेट लेकर आया है जो भारतीय दर्शकों के हिसाब से अनुकूलित किया गया है। हम निरंतर ऐसे फॉर्मेट व कहानियां प्रस्तुत करने का प्रयास करते रहे हैं जो नए, रोचक व मनोरंजक हों। वहीं एसकेटीवी के सीईओ नदीम कुरैशी अपनी कंपनी की रणनीति का खुलासा करते हुए कहते हैं कि नए फॉर्मेट्स प्रस्तुत करना एसकेटीवी की वृद्धि करने का हमारा तरीका है। ‘द बिग पिक्चर’ स्क्रीन पर नया उत्साह लेकर आएगा और रणवीर सिंह की मौजूदगी के साथ हम इस लॉन्च के लिए बहुत उत्साहित हैं।
इस महात्वाकांक्षी शो को लेकर कलर्स टीवी की टीम भी खासी उत्साहित है। वॉयकॉम18 की हिंदी मास एंटरटेनमेंट एवं किड्स टीवी नेटवर्क की हेड नीना एलाविया जयपुरिया कहती हैं, ‘‘कलर्स में हम विविध तरह की प्रस्तुतियों के साथ दर्शकों की मनोरंजन की अपेक्षाओं को बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहते हैं। इसी वादे पर कायम रहते हुए हम देश का पहला विजुअल बेस्ड क्विज शो ‘द बिग पिक्चर’ प्रस्तुत कर रहे हैं। हमारे दर्शक लगातार विकसित हो रहे हैं और प्रयोगशील मनोरंजन सामग्री उनके जीवन हिस्सा बन चुकी है।’’ वहीं वॉयकॉम18 की चीफ कंटेंट ऑफिसर, हिंदी मास एंटरटेनमेंट मनीषा शर्मा कहती हैं, ‘‘चीजों को देखकर उन्हें याद रखने की काबिलियत हमारी सबसे बड़ी शक्तियों में से एक है। चित्र संचार का सबसे शक्तिशाली माध्यम माने जाते हैं। ‘द बिग पिक्चर’ का सिद्धांत इसी जानकारी पर आधारित है। यह नए जमाने का समकालीन और बिल्कुल नया फॉर्मेट है जो दर्शकों को स्टूडियो के साथ साथ घर बैठे खेलने का अवसर देगा।’’