मनोरंजन जगत की कई हस्तियां कोरोना संक्रमित हो चुकी हैं। अब टीवी की एक और कलाकार का कोविड 19 टेस्ट पॉजिटिव निकला है। यह कलाकार छोटे पर्दे के मशहूर सीरियल ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ से जुड़ी हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक पोस्ट लिखकर इसकी जानकारी साझा की है।
‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के इस कलाकार को हुआ कोरोना, प्रशंसकों ने जल्द ठीक होने की दुआ की
शो में रीटा रिपोर्टर का किरदार निभाने वालीं अभिनेत्री प्रिया आहूजा कोविड 19 से संक्रमित हो गई हैं। प्रिया अभी होम क्वारंटीन में हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा कि ‘यह मेरा कर्तव्य है कि आप सभी को जानकारी दे दूं, मेरा कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया है। मैं डॉक्टर्स और बीएमसी के नियमों का पालन कर रही हूं। मैं होम क्वारंटीन में हूं। पिछले दो तीन दिन में अगर कोई मेरे संपर्क में आया है तो कृपया जांच करवा लें।‘
प्रिया आगे लिखती हैं, ‘मैं अभी घर पर ही थी और शूटिंग भी नहीं कर रही थी फिर भी मुझे कोरोना हो गया है। अपने आपको सुरक्षित रखें और मास्क पहनना ना भूलें। इसे हल्के में ना लें। कृपया मेरे छोटे बच्चे के लिए प्रार्थना करें।‘
A post shared by Priya Ahuja | NewBornMommy (@priyaahujarajda) on
प्रिया आहूजा ने नवंबर 2019 में बेटे को जन्म दिया था। प्रिया अभी मैटरिनिटी लीव पर हैं। उनका बेटा अभी बहुत छोटा है ऐसे में उनका बच्चे से दूर रहना थोड़ा मुश्किल है। इस वजह से प्रिया अपने बच्चे को लेकर काफी परेशान हैं और उन्होंने उसके लिए प्रार्थना करने के लिए कहा।
प्रिया आहूजा के कोविड 19 पॉजिटिव होने की खबर मिलते ही ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में जेठालाल का किरदार करने वाले दिलीप जोशी ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की। दिलीप जोशी ने लिखा- ‘हम तुम्हारे जल्द ठीक होने की दुआ करते हैं। ध्यान रखो और जल्दी ठीक हो जाओ।‘ इसके अलावा प्रिया के प्रशंसक उनके ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
कमेंट
कमेंट X