अक्टूबर के महीने में ‘जी की टीवी एंटरटेनमेंट एक्सप्रेस’ ने अपने दर्शकों के लिए नए और रोमांचक कार्यक्रम पेश करने के उद्देश्य से दो नए फिक्शन शोज पेश किए। इनमें से ‘अपना टाइम भी आएगा’ जयपुर के एक अमीर राजावत परिवार के हेड स्टाफ की बेटी रानी की प्रेरक कहानी है, जिसमें रानी अपनी गरीबी से बंधे रहने से इंकार कर देती है और अपनी औकात की जंजीरें तोड़कर खुद अपनी किस्मत लिखने और अपने महत्वाकांक्षी लक्ष्य पूरे करने का फैसला करती है। दूसरी ओर, ‘हमारीवाली गुड न्यूज’ एक बहू और उसकी सास रेणुका के रिश्तों के जरिए भारतीय समाज में सास-बहू के बदलते रिश्तों का नया चेहरा दिखा रहा है। दोनों शोज ने पचास पचास एपीसोड का सफर पूरा कर लिया है। इन दोनों शोज के लिए ‘अमर उजाला’ ने अपने पाठकों के साथ दिलचस्प गतिविधियों का आयोजन किया था।
जी टीवी के इन दो शोज ने लगाई हाफ सेंचुरी, ‘अमर उजाला’ के कंज्यूमर कनेक्ट शोज से मिली बढ़त का कमाल
अपनी शुरुआत से ही ये दोनों शोज अपनी दिलचस्प कहानी के साथ दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। दर्शकों से मिल रहे बेशुमार प्यार के चलते इन दोनों शोज ने हाल ही में अपने 50-50 एपिसोड्स पूरे कर लिए और ऐसे में शो के सेट पर भव्य सेलिब्रेशन भी हुआ। तनाज ईरानी इस समय स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं तो उन्हें छोड़कर ‘अपना टाइम भी आएगा’ के सभी कलाकारों ने मिलकर तरह तरह के केक काटे। दूसरी ओर ‘हमारीवाली गुड न्यूज़’ के सेलेब्रेशन में जूही परमार ने केक काटा और अपने को-स्टार्स के साथ खुशियां बांटी।
अपने शो के 50 एपिसोड्स पूरे होने पर ‘अपना टाइम भी आएगा’ में रानी का रोल निभा रहीं मेघा रे ने कहा, “50 एपिसोड्स जैसा पड़ाव पूरा करना एक बड़ी उपलब्धि है। इस मौके पर हमने सेट पर बहुत मस्ती की और इस पल को सेलिब्रेट किया। यह हमारे लिए वाकई गर्व भरा पल था। भले ही मैंने इस शो को बाद में जॉइन किया है, लेकिन यह सफलता मेरे लिए भी बहुत मायने रखती है। जिस तरह हमारी टीम के सभी कलाकार और क्रू मेरे करीब हैं, उसी तरह रानी का किरदार भी मेरे बेहद करीब है। मुझे आगे और बड़ी सफलताओं को सेलिब्रेट करने का इंतजार रहेगा। मैं उम्मीद करती हूं कि हमें इसी तरह दर्शकों का साथ मिलता रहेगा।”
वहीं, ‘हमारीवाली गुड न्यूज़’ में रेणुका का रोल निभा रहीं जूही परमार कहती हैं, “यह मेरे लिए और हमारीवाली गुड न्यूज़ की पूरी टीम के लिए एक बड़ी उत्साहजनक उपलब्धि है। मैं इस शो की प्रमुख नायिका का किरदार निभाने को लेकर बेहद खुश हूं। मुझे लगता है कि हमें जो भी सफलता और प्यार मिला, वो एक टीम के रूप में सभी कलाकारों और क्रू के सामूहिक प्रयास का नतीजा है। हम दर्शकों के आभारी हैं जिन्होंने हमारीवाली गुड न्यूज़ और इसके किरदारों को खुले दिल से स्वीकार किया। मैं उम्मीद करती हूं कि हम आगे भी इस शो के लिए ऐसी और उपलब्धियां हासिल करते रहेंगे।”
गौरतलब है कि इन दोनों शोज के लिए अमर उजाला की एक्टिवेशन टीम ने उत्तर भारत के चुनिंदा टीआरपी शहरों में कन्ज्यूमर कनेक्ट गतिविधियां आयोजित की थीं। इनमें धारावाहिक के विषय के बारे में दर्शकों को जागरूक करने के लिए कान्टेस्ट के आयोजन से लेकर इसके विजेताओं के साथ इन दर्शकों की लाइव मुलाकात कराने तक के कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में भाग लेने वालों को गिफ्ट हैंपर भी दिए गए थे। सोशल मीडिया पर इन दोनों कन्ज्यूमर कनेक्ट शोज ने दोनों धारावाहिकों के बारे में दर्शकों में काफी उत्सुकता जगाने में मदद की।
पढ़ें: पूजा भट्ट ने मनाई शराब छोड़ने की चौथी सालगिरह, 16 की उम्र में ही लग गई थी नशे की लत
