नेटफ्लिक्स इंडिया और यशराज फिल्म्स की डिजिटल शाखा वाईआरएफ एंटरटेनमेंट की कुंडली जैसी मिली है, वैसी ही शायद किसी दूसरे प्रोडक्शन हाउस और ओटीटी की मिली होगी। नेटफ्लिक्स की कोशिश ऐसी भारतीय कहानियों को दुनिया भर में पहुंचाने की है जो भारत की बात करती हों और दुनिया भर में बसे भारतीयों को लुभाती हों। यशराज फिल्म्स एंटरटेनमेंट भी इसी सोच पर आगे बढ़ रहा कि हिंदुस्तानी कहानियां ही इस समय दुनिया की पहली पसंद हैं और दुनिया के हर कोने के दर्शक भारत की बात सुनना चाहते हैं।
YRF Entertainment: हैट्रिक लगाकर झूमी वाईआरएफ एंटरटेनमेंट की टीम, सीईओ बोले, हमें और नई प्रतिभाओं की तलाश
इंदीवर का लिखा वो गाना तो आपको याद ही होगा, ‘भारत का रहने वाला हूं, भारत की बात सुनाता हूं..!’ भारतीय संस्कृतियों के मूल्यों को शुरुआती गड़बड़ियों के बाद नेटफ्लिक्स ने भी समझ लिया है। ‘अमर सिंह चमकीला’ और ‘हीरामंडी’ जैसी फिल्में और सीरीज तो उसके हाथ अब लगी हैं, वाईआरएफ एंटरटेनमेंट उसे बैक टू बैक तीन ऐसी कहानियां पहले ही दे चुका है, जिसे दुनिया भर के लोगों ने खूब सराहा और प्यार दिया है। नेटफ्लिक्स पर दुनिया भर में हिट रही सीरीज ‘द रोमैंटिक्स’ व ‘द रेलवे मेन’ और फिल्म ‘महाराज’ बनाने के साथ ही वाईआरएफ एंटरटेनमेंट के हौसले सातवां आसमान छू रहे हैं। वाईआरएफ एंटरटेनमेंट अपनी इन सफलताओं से बेहद खुश है और इसकी टीम अब अपनी अगली योजनाओं पर पूरा ध्यान लगा चुकी है।
वाईआरएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अक्षय विधानी कहते हैं, ‘वाईआरएफ में हमारा एक ही उद्देश्य रहा है और वह ये कि हम ऐसी कहानियां बनाएं जो हमारे देश, हमारे लोग, हमारी संस्कृति, हमारे मूल्यों और हमारे इरादों को दुनिया के सामने इनके पूरे आभामंडल के साथ पेश कर सकें। हम ऐसी कहानियों को सावधानी से चुनने और उन्हें चमकाकर दुनिया के सामने पेश करने में अपने समय का निवेश करते ही इसलिए हैं क्योंकि हमारा शुरू से मानना रहा है कि एक अच्छी कहानी ही समय की कसौटी पर खरी उतर सकती है और सरहदों और भाषाओं की सीमाओं से परे जा सकती है।’
अक्षय इसके साथ एक और खास बात साझा करते हैं। वह कहते हैं, ‘हमने जब ओटीटी प्रसारण की अपनी स्लेट पर काम करना शुरू किया, उसके पहले ये देखना बहुत ही सुखद था कि दक्षिण कोरिया, जापान, इस्राइल और स्पेन जैसे देशों में बन रही दृश्य श्रव्य कहानियां दुनिया भर में प्यार और दुलार पा रही हैं। हमें खुशी है कि हमारी सीरीज ‘द रेलवे मेन’ अब उन कहानियों में शामिल हो चुकी है, जिन्हें दुनिया भर में बेइंतहा प्यार मिला और जो इस सूची में अब भारत की नुमाइंदगी कर रही है।’
बड़े परदे पर कुछ नए चेहरों और नई कहानियों को हाल के दिनों में लॉन्च कर चुकी या लॉन्च करने की घोषणा कर चुकी कंपनी यशराज फिल्म्स ओटीटी पर भी नई प्रतिभाओं को मौका देने की योजना बना चुकी है। अक्षय बताते हैं, ‘हम बेहतरीन प्रतिभाओं के साथ काम करना चाहते हैं। वाईआरएफ एंटरटेनमेंट रचनात्मक उत्प्रेरक (क्रिएटिव कैटलिस्ट) बनना चाहती है। अपनी अगली योजनाओं के साथ हम कुछ और खास, नए और युवा प्रतिभाओं को खोजना, उन्हें संवारना और उनका साथ देने की मंशा रखते हैं।’
