अभिनेता जॉन अब्राहम ने इंडस्ट्री में एक्शन हीरो के रूप में खास पहचान बनाई है। अपने करीब दो दशक के करियर में उन्होंने हर तरह की शैली की फिल्में की हैं, लेकिन एक्शन के मामले में उन्हें दर्शकों से भरपूर प्यार मिला है। इन दिनों जॉन अपनी आगामी फिल्म 'वेदा' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म इसी महीने आजादी के पर्व पर रिलीज होगी। जॉन अब्राहम रविवार 4 अगस्त यानी आज अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में होने जा रहे इस कार्यक्रम में अभिनेता 'सिनेमा में एक्शन' विषय पर चर्चा करेंगे।
Amar Ujala Samvad: अमर उजाला संवाद में आएंगे 'वेदा' स्टार जॉन अब्राहम, सिनेमा के एक्शन की करेंगे बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जॉन अब्राहम के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने वर्ष 2003 में फिल्म 'जिस्म' से अभिनय पारी शुरू की थी। इससे पहले उन्होंने काफी समय तक मॉडलिंग में किस्मत आजमाई और कई म्यूजिक वीडियोज का हिस्सा भी रहे। पहली फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट डेब्यू अवॉर्ड से नवाजा गया। इसके बाद उसी साल वे 'साया' और 'पाप' जैसी फिल्मों में नजर आए। वर्ष 2004 में आई फिल्म 'धूम' ने इनकी लोकप्रियता में चार चांद लगा दिए। 'गरम मसाला', 'टैक्सी नंबर 9211', 'दोस्ताना', 'हाउसफुल 2', 'सत्यमेव जयते' और 'बाटला हाउस' जॉन की चर्चित फिल्में हैं। बीते वर्ष वे शाहरुख खान के साथ 'पठान' में भी नेगेटिव रोल में दिखे थे। उन्हें एक्शन और कॉमेडी दोनों ही फिल्मों में पसंद किया गया है।
अभिनय के अलावा जॉन अब्राहम फिल्म निर्माण की दुनिया में भी सक्रिय हैं। इनके प्रोडक्शन हाउस 'जॉन अब्राहम एंटरटेनमेंट' के बैनर तले पहली फिल्म 'विकी डोनर' (2012) बनी, जिसमें आयु्ष्मान खुराना लीड रोल में नजर आए। अपने फिल्मी करियर के अलावा, जॉन इंडियन सुपर लीग फुटबॉल टीम नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के सह-मालिक हैं।
जॉन अब्राहम अपने अभिनय के साथ-साथ अपनी फिटनेस के लिए भी लोकप्रिय हैं। वे अपनी फिटनेस का खास ख्याल रखते हैं। घंटों जिम में पसीना बहाने के साथ-साथ वे डाइट का खास ध्यान रखते हैं। जॉन शाकाहारी हैं। जॉन अलकोहल, शुगर और निकोटीन जैसे प्रोडक्ट से बिल्कुल दूर रहते हैं। वहीं, वे घर का बना ही खाना खाते हैं। वर्ष 2022 में जॉन अब्राहम ने शिल्पा शेट्टी के फिटनेस शो 'शेप ऑफ यू' के दौरान जिक्र किया था कि उन्होंने करीब 27 वर्षों से काजू कतली नहीं खाई, जबकि यह उनकी पसंदीदा मिठाई है। उनके मुताबिक चीनी, सिगरेट पीने से भी ज्यादा खतरनाक है।
जॉन अब्राहम को बाइक्स काफी पसंद है और उनके पास इसका अच्छा कलेक्शन भी है। निजी जिंदगी की बात करें तो जॉन ने वर्ष 2014 में प्रिया रुंचाल से शादी रचाई। प्रिया पेशे से बैंकर हैं। जॉन की फिल्म 'वेदा' 15 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इसमें उनके साथ शरवरी वाघ भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। इस फिल्म का निर्देशन निखिल आडवाणी ने किया है।
Hollywood Debut: बॉलीवुड के बाद हॉलीवुड में छाने को तैयार ये सितारे, इन शानदार प्रोजेक्ट से मचाएंगे धमाल