देश मे तेजी से पैर पसार रहे ओटीटी मनोरंजन जगत का ध्यान अब देश मे चल रहे मेडिकल के गोरखधंधे की तरफ भी गया है। निर्माता निर्देशक विपुल अमृतलाल शाह की अगली वेब सीरीज ‘ह्यूमन’ इस विशाल कारोबार में परदे के पीछे चलने वाली साजिशों, रहस्यों और हेरफेर की कहानियों को सामने लाने की कोशिश करती दिख रही है। 14 जनवरी को रिलीज होने जा रही डिज्नी प्लस हॉटस्टार की साल की ये पहली सीरीज दर्शकों में अभी से खासी उत्सुकता जगा रही है। विपुल अमृतलाल शाह के साथ इसे मोजेज सिंह ने भी निर्देशित किया है। मोजेज ने इसकी कहानी भी इशानी बनर्जी के साथ मिलकर लिखी है। सीरीज का जब से ट्रेलर सामने आया है, इसमें शेफाली शाह और कीर्ति कुल्हारी के किरदारों ने सबका ध्यान इस कहानी की तरफ खींचा है। शेफाली शाह सीरीज का लीड किरदार कर रही हैं। वह कहती हैं कि वेब सीरीज ‘ह्यूमन’ में निभाया गया उनका किरदार उनके अब तक के निभाए सारे किरदारों में सबसे जटिल है।
Human: ‘विक्रम वेधा’ से पहले इस सीरीज में खुलेगा दवाओं के काले कारोबार का चिट्ठा, शेफाली शाह ने कसी कमर
शेफाली कहती हैं, “ये किरदार एक ऐसा पिटारा है जिसमें से कभी भी कुछ भी निकल सकता है। ये किरदार बिल्कुल अप्रत्याशित है और इसकी प्रतिक्रियाएं भी सामने आने वाली परिस्थितियों के हिसाब से पल पल बदलती रहती हैं। ये बहुत ही जटिल किरदार है और हो सकता है दर्शकों को इसका चाल, चरित्र और चेहरा भी कुछ अलग सा लगे। ऐसा इसलिए भी कि मैंने ऐसे किसी किरदार के बारे में पहले कभी सुना ही नहीं और न मैं ऐसे किसी शख्स को जानती हूं। ये पहली बार है कि मैंने ऐसा किरदार कैमरे के सामने निभाया है।"
वेब सीरीज ‘ह्यूमन’ की कहानी भोपाल के एक अस्पताल में घटती है। यहां सीनियर डॉक्टर गौरीनाथ और उनके साथ काम करने वाली डॉक्टर सायरा सब्बरवाल के नजरिये से इंसानों पर होने वाले मेडिकल परीक्षणों की ये कहानी बताई गई है। एक अप्रवासी श्रमिक मंगू के बहाने ये कहानी दर्शकों को देश की मेडिकल व्यवस्था के उस चेहरे से रूबरू कराती है जिसका नकाब खींचने की कभी कोशिश ही नहीं हुई। देश में दवाओं के परीक्षण के लिए सख्ती न होने का फायदा उठाकर एक कंपनी अपनी एक दवा को फटाफट बाजार में लाना चाहती है और इसके लिए उसे फटाफट इंसानी परीक्षण करने हैं। बस, कहानी के इस छोर को इसके अंजाम तक पहुंचाने का जो संघर्ष गौरी और सायरा करती हैं, वही वेब सीरीज ‘ह्यूमन’ की कहानी बनती है।
14 जनवरी को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होने जा रही वेब सीरीज ‘ह्यूमन’ में शेफाली शाह और कीर्ति कुल्हारी के साथ जो दूसरे दमदार कलाकार दिखने वाले हैं, उनमें विशाल जेठवा, राम कपूर, सीमा बिस्वास, आदित्य श्रीवास्तव और मोहन अगाशे प्रमुख हैं। बताया जाता है कि रिलायंस एंटरटेनमेंट और टीसीरीज मिलकर फिल्म ‘विक्रमवेधा’ का जो हिंदी रीमेक बना रहे हैं, उसकी कहानी भी उत्तर भारत के एक ड्रग कार्टेल की ही कहानी है और इसमें ऋतिक रोशन का किरदार फर्जी दवाओं के अंतर्राष्ट्रीय कारोबार को संचालित करता है।